वाराणसी।
जिले में अगले साल तक दो सौ नंदघर तैयार हो जाएंगे। अभी 114 नंद घर संचालित हो रहे हैं। इनमें चार हजार से अधिक बच्चों को पोषण, स्वास्थ्य एवं शिक्षा का लाभ मिल रहा है। इनका निर्माण वेदांता फाउंडेशन और बिल एंड मिलांडा गेट्स फाउंडेशन के संयुक्त सहयोग से हो रहा है।
वेदांता फाउंडेशन के स्टेट प्रोजेक्ट मैनेजर किशन नाथ ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सोच के अनुरूप वर्ष-2015 में उत्तर प्रदेश समेत सात राज्यों में नंदघर का निर्माण शुरू हुआ था। इन राज्यों में 17 सौ नंदघर बन चुके हैं। उत्तर प्रदेश में बनारस के अलावा अमेठी, पीलीभीत और हापुड़ को नंदघर परियोजना के लिए चुना गया है। उन्होंने बताया कि बनारस के 114 नंदघरों में 33 का निर्माण हुआ जबकि 81 आंगनबाड़ी केन्द्रों को नंदघर में परिवर्तित किया गया है। किशन नाथ ने आदर्श ब्लॉक सेवापुरी के मटुका ग्राम में बने नंदघर का निरीक्षण भी किया। उन्होंने कहा कि इन नंदघरों में बच्चों का अधिक लगाव उनका ध्यान रखने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से हो गया दिख रहा है।