प्रेम प्रसंग में युवक ने खुद को लगाई आग
वाराणसी के राजापुर (चोलपुर) गांव के 18 वर्षीय अमन राजभर ने अपनी प्रेमिका से विवाद के बाद खुद को आग लगा लिया। उसे गंभीर हालात में कबीरचौरा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के समय अमन और युवती के बीच कहासुनी हुई थी, जिसके बाद उसने पेट्रोल डालकर आत्मदाह किया।

वाराणसी, प्रमुख संवाददाता। राजापुर (चोलपुर) गांव निवासी 18 वर्षीय अमन राजभर ने शनिवार दोपहर जंसा क्षेत्र स्थित एक गांव में प्रेमिका से विवाद के बाद खुद को आग लगा लिया। उसे गंभीर हाल में कबीरचौरा स्थित मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल पहुंचे जंसा इंस्पेक्टर अनिल शर्मा ने पूछताछ की। अमन राजभर जंसा थाना क्षेत्र की युवती से प्रेम करता है। शुक्रवार को वह किसी काम से हरसोस गांव गया था। इस दौरान वह अपने पट्टीदार की रिश्तेदारी वाले घर पहुंचा, जहां उसकी मुलाकात युवती से हुई। बताया जाता है कि मुलाकात के दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवाद बढ़ने पर अमन आवेश में आ गया। पेट्रोल अपने ऊपर डाल लिया और आग लगा ली। देखते ही देखते आग की लपटों ने उसे घेर लिया। वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने आग बुझाई और गंभीर रूप से झुलसे अमन को उपचार के लिए कबीरचौरा मंडलीय अस्पताल पहुंचाया। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। इंस्पेक्टर जंसा ने बताया कि युवक और उसके परिजन फिलहाल किसी पर आरोप नहीं लगा रहे हैं। घटनाक्रम की जानकारी ली जा रही है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


