वाराणसी से पुणे के लिए चलेगी अमृत भारत एक्सप्रेस, 28 को पीएम मोदी दिखाएंगे हरी झंडी

वाराणसी, कार्यालय संवाददाता
Follow us on Google News
share

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 28 अप्रैल को वाराणसी के बरेका जनसभा स्थल से बनारस-हडपसर (पुणे) 'अमृत भारत एक्सप्रेस' को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। यह पूरी तरह से गैर-वातानुकूलित (Non-AC) प्रीमियम ट्रेन होगी, जिसमें स्लीपर और जनरल कोच होंगे।

वाराणसी से पुणे के लिए चलेगी अमृत भारत एक्सप्रेस, 28 को पीएम मोदी दिखाएंगे हरी झंडी

UP News: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 28 अप्रैल को बरेका में जनसभा स्थल से बनारस-हडपसर (पुणे) अमृत भारत एक्सप्रेस को भी हरी झंडी दिखाएंगे। पहले दिन यह गैर वातानुकूलित प्रीमियम ट्रेन उद्घाटन स्पेशल बनकर जाएगी। बनारस स्टेशन पर इसका सजीव प्रसारण होगा। रेलवे बोर्ड के निदेशक (कोचिंग) संजय आर. नीलम का पत्र आने के बाद स्टेशन पर इसकी तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। यह बनारस से चलने वाली दूसरी और वाराणसी से गुजरने वाली कुल छठी अमृत भारत ट्रेन होगी।

बनारस से हडपसर तक प्रतिदिन चलने वाली अमृत भारत एक्सप्रेस का रैक हफ्ते भर पहले ही बनारस स्टेशन पर पहुंच चुका है। रेलवे बोर्ड ने ट्रेन का नम्बर और समय (22589/22590) जारी कर दिया है, लेकिन नियमित परिचालन की तिथि और किराया फिलहाल तय नहीं किया है। गाड़ी संख्या-22589 बनारस से शाम 6.15 बजे प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन ज्ञानपुर रोड, प्रयागराज जंक्शन, फतेहपुर, गोविंदपुरी, उरई, वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी, बीना, रानी कमलापति होते हुए अगले दिन रात 12.10 बजे हडपसर पहुंचेगी।

वहीं, गाड़ी संख्या-22590 हडपसर से दोपहर 2.30 बजे प्रस्थान करेगी। 22 कोच की इस ट्रेन में स्लीपर और जनरल बोगियां होंगी। इसका प्राइमरी मेंटेनेंस बनारस में होगा। अभी वाराणसी होकर बनारस-सियालदह, मालदा टाउन-गोमती नगर समेत पांच अमृत भारत ट्रेनें चल रही हैं। बता दें कि बनारस से पुणे जाने वाली यह दूसरी ट्रेन होगी। अभी बनारस से ज्ञानगंगा सुपरफास्ट एक्सप्रेस प्रत्येक बुधवार को पुणे रवाना होती है, जबकि दरभंगा-पुणे एक्सप्रेस यहां से गुजरती है।

आज पहुंचेगी एसपीजी की टीम

वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दो दिवसीय दौरे के मद्देनजर एसपीजी शनिवार को आएगी। एसपीजी बाबतपुर एयरपोर्ट के अलावा बरेका स्थित कार्यक्रम स्थल, गेस्ट हाउस, हेलीपैड आदि का निरीक्षण करेगी। प्रधानमंत्री के काशी आगमन से प्रस्थान तक सुरक्षा प्रबंध का रोडमैप जांचेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 28 अप्रैल की शाम वाराणसी पहुंचेंगे। बरेका में जनसभा करेंगे और वहीं गेस्ट हाउस में रात्रि प्रवास करेंगे। इसे लेकर कमिश्नरेट पुलिस की ओर से सुरक्षा के प्रबंध किए जा रहे हैं। पुलिस अफसरों के अनुसार सुरक्षा को लेकर एसपीजी भी शनिवार को पहुंच जाएगी। एयरपोर्ट पर प्रधानमंत्री के आगमन एवं प्रस्थान के दौरान सुरक्षा प्रोटोकॉल को लेकर बैठक करेंगे। इसके अलावा

पंकज चौधरी ने तैयारियों को परखा

वाराणसी, विशेष संवाददाता। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी ने शुक्रवार को सर्किट हाउस में प्रधानमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर जनप्रतिनिधियों और पदाधिकारियों, विशेषकर महिला मोर्चा के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक का दायित्व महत्वपूर्ण है, जिसे जो जिम्मेदारी मिली है उसे पूरी निष्ठा से निभाना है। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी ने प्रधानमंत्री बनने के साथ ही विकसित भारत का संकल्प लिया और इस संकल्प को साकार करने के लिए देश की आधी आबादी की भागीदारी अनिवार्य है।

उन्होंने कहा कि जब नारी सशक्त होती है, तो समाज सशक्त होता है और जब समाज सशक्त होता है, तो राष्ट्र मजबूत होता है। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना और उन्हें आगे बढ़ाना सरकार की प्राथमिकता रही है। नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि लोकसभा और विधानसभा में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने के उद्देश्य से बिल लाया गया, लेकिन विपक्ष के कारण यह पारित नहीं हो सका। इस मुद्दे पर महिलाओं में आक्रोश है।

प्रदेश अध्यक्ष ने तीन तलाक बिल और पिछड़ा वर्ग आयोग को वैधानिक दर्जा देने जैसे फैसलों का उल्लेख करते हुए महिलाओं, पिछड़ों और अनुसूचित जाति वर्ग के आर्थिक उन्नति, सामाजिक और राजनीतिक भागीदारी तथा उनके अधिकारों के लिए सरकार की प्रतिबद्धता पर चर्चा की। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष शुक्रवार की दोपहर दिल्ली से अचानक बनारस दौरे पर पहुंचे थे। अतिथियों का स्वागत भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप पटेल, धन्यवाद महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि एवं जिलाध्यक्ष व एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा और संचालन अनिल श्रीवास्तव ने किया

Yogesh Yadav

लेखक के बारे में

Yogesh Yadav

योगेश यादव लाइव हिन्दुस्तान में पिछले छह वर्षों से यूपी सेक्शन को देख रहे हैं। यूपी की राजनीति, क्राइम और करेंट अफेयर से जुड़ी खबरों को कवर करने की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। यूपी की राजनीतिक खबरों के साथ क्राइम की खबरों पर खास पकड़ रखते हैं। यूपी में हो रहे विकास कार्यों, शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में आ रहे बदलाव के साथ यहां की मूलभूत समस्याओं पर गहरी नजर रखते हैं।

पत्रकारिता में दो दशक का लंबा अनुभव रखने वाले योगेश ने डिजिटल से पहले प्रिंट में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। लम्बे समय तक हिन्दुस्तान वाराणसी में सिटी और पूर्वांचल के नौ जिलों की अपकंट्री टीम को लीड किया है। वाराणसी से पहले चड़ीगढ़ और प्रयागराज हिन्दुस्तान को लांच कराने वाली टीम में शामिल रहे। प्रयागराज की सिटी टीम का नेतृत्व भी किया।

बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) से बीकॉम में ग्रेजुएट और बनारस की ही काशी विद्यापीठ से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट योगेश ने कई स्पेशल प्रोजेक्ट पर काम भी किया है। राष्ट्रीय नेताओं के दौरों को कवर करते हुए उनके इंटरव्यू किये। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की मौत से जुड़े रहस्यों पर हिन्दुस्तान के लिए सीरीज भी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, UP News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News, और lucknow Weather अपडेट हिंदी में पढ़ें। साथ ही UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Election 2027 Candidates से जुड़ी ताज़ा खबरों के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।