वाराणसी का नमो घाट अतिसंवेदनशील घोषित, आज से ही आम लोगों की आवाजाही बंद

लाइव हिन्दुस्तान
share

वाराणसी के सबसे प्रसिद्ध नमो घाट को अति संवेदनशील घोषित करते हुए शुक्रवार से आम लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई। पुलिस की तैनाती के साथ घाट की तरफ बने गेट को बंद कर दिया गया है।

Varanasi Namo Ghat
वाराणसी के नमो घाट पर आम लोगों पर शुक्रवार से रोक लगा दी गई (फाइल फोटो)

वाराणसी, प्रमुख संवाददाता। वाराणसी के नमो घाट को अति संवेदनशील घोषित करते हुए शुक्रवार से आम लोगों की आवाजाही को यहां प्रतिबंधित कर दिया गया। पुलिस की तैनाती के साथ ही घाट की ओर बने गेट को बंद कर दिया गया है। वहां निजी गार्ड भी तैनात कर दिए गए हैं। पूरी कवायद अगले हफ्ते होने वाले एयरशो को लेकर हो रही है। इस एयरशो में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ ही कई वीवीआईपी का आगमन होगा। वायुसेना और सेना यहां एयरशो की तैयारियों में जुटी है। वीआईपी के लिए खास ग्रीन रूम और स्टेज बनाए जा रहे हैं।

नमो घाट पर 22, 24 और 25 अक्तूबर को एयर शो होने वाला है। इसकी तैयारियों के बीच ही वायु सेना ने नमो घाट के फेज-2 को अपनी निगरानी में ले लिया है। यहां वायु सेना का कम्युनिकेशन सेटअप स्थापित किया गया है। सुरक्षा के लिहाज से इस क्षेत्र को अति संवेदनशील घोषित करते हुए आम लोगों के प्रवेश और आवाजाही पर रोक लगा दी गई है। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए यहां पुलिस फोर्स भी तैनात कर दी गई है।

नमो घाट के फेज-2 में वायु सेना के संचार उपकरणों और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं को देखते हुए सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। इस क्षेत्र में अनधिकृत प्रवेश रोकने के लिए सुरक्षाकर्मियों को मुस्तैद किया गया है। एयर शो के दौरान वायु सेना और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने में कम्युनिकेशन सेटअप की अहम भूमिका होगी।

बताया जा रहा है कि नमो घाट पर आम लोगों के प्रवेश पर प्रतिबंध एयर शो के समापन के तत्काल बाद नहीं हटाया जाएगा। सुरक्षा व्यवस्था के तहत कार्यक्रम समाप्त होने के एक दिन बाद तक यहां आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। इस दौरान सुरक्षा एजेंसियां अपने उपकरणों, संचार व्यवस्था और अन्य संसाधनों की सुरक्षा सुनिश्चित करेंगी। वायु सेना की निगरानी वाले इस क्षेत्र में भी पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।

पतंगबाजी पर 26 अक्तूबर तक रोक

एयर शो के मद्देनजर नगर निगम ने 26 अक्तूबर तक गंगा किनारे और आसपास के क्षेत्रों में पतंगबाजी पर रोक लगाई है। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने कहा कि पतंगबाजी करते हुए कोई मिला तो कार्रवाई की जाएगी।

22 के पहले भी गरजेंगे जंगी जहाज

ट्रायल के तौर पर 22 अक्तूबर के पहले ही जंगी जहाज करतब दिखाते नजर आ सकते हैं। हालांकि इस बारे में सेना की ओर से कोई अधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है। ट्रायल के तौर पर जंगी जहाजों के वाराणसी से गुजरने के दौरान करतब दिखाने की तैयारी है। सुरक्षा के व्यापक बंदोबस्त किए जा रहे हैं। प्रशासन कोई चांस लेने के मूड में नहीं है। एयर शो को ऐतिहासिक बनाने के लिए वह प्रतिबद्ध है।

तीन दिन के शो में 30 लाख लोगों के जुटने का अनुमान

तीन दिन के एयर शो में करीब 30 लाख लोगों के जुटने का अनुमान है। लोगों के बैठने के लिए गंगा किनारे पाथ-वे और समतलीकरण का काम शुरू है। बैरिकेडिंग भी कराई जा रही है। गंगा किनारे एक साथ भीड़ न बढ़े, इसके मद्देनजर दर्शकों के लिए क्षेत्र बढ़ाया जा रहा है। सारनाथ के सराय मोहाना और गंगापार चंदौली के बलुआ क्षेत्र के कुछ हिस्सों का भी इस्तेमाल किया जाएगा। रामनगर में पुलिस अफसरों ने स्थलीय निरीक्षण किया।

भीड़ प्रबंधन और लोगों की सहूलियत के मद्देनजर व्यापक इंतजाम किये जा रहे हैं। सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त होंगे ताकि कोई चूक न होने पाए। तैयारी में किसी तरह की कोई गड़बड़ी न हो-इसके लिए अधिकारी रोज समीक्षा बैठक कर रहे हैं। मातहतों को स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि तैयारी में चूक न होने पाए। लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। शहर को सजाने-संवारने का काम भी युद्धस्तर पर जारी है। खासकर, गंगाघाटों को आकर्षक लुक दिया जा रहा है।

Yogesh Yadav

लेखक के बारे में

Yogesh Yadav

योगेश यादव लाइव हिन्दुस्तान में पिछले छह वर्षों से यूपी सेक्शन को देख रहे हैं। यूपी की राजनीति, क्राइम और करेंट अफेयर से जुड़ी खबरों को कवर करने की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। यूपी की राजनीतिक खबरों के साथ क्राइम की खबरों पर खास पकड़ रखते हैं। यूपी में हो रहे विकास कार्यों, शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में आ रहे बदलाव के साथ यहां की मूलभूत समस्याओं पर गहरी नजर रखते हैं।

पत्रकारिता में दो दशक का लंबा अनुभव रखने वाले योगेश ने डिजिटल से पहले प्रिंट में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। लम्बे समय तक हिन्दुस्तान वाराणसी में सिटी और पूर्वांचल के नौ जिलों की अपकंट्री टीम को लीड किया है। वाराणसी से पहले चड़ीगढ़ और प्रयागराज हिन्दुस्तान को लांच कराने वाली टीम में शामिल रहे। प्रयागराज की सिटी टीम का नेतृत्व भी किया।

बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) से बीकॉम में ग्रेजुएट और बनारस की ही काशी विद्यापीठ से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट योगेश ने कई स्पेशल प्रोजेक्ट पर काम भी किया है। राष्ट्रीय नेताओं के दौरों को कवर करते हुए उनके इंटरव्यू किये। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की मौत से जुड़े रहस्यों पर हिन्दुस्तान के लिए सीरीज भी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News, और lucknow Weather अपडेट हिंदी में पढ़ें। साथ ही UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Election 2027 Candidates से जुड़ी ताज़ा खबरों के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsUP Newsवाराणसी का नमो घाट अतिसंवेदनशील घोषित, आज से ही आम लोगों की आवाजाही बंद