'मैं गैर की अमानत...', सुहागरात पर ही पति से बनाई दूरी; अब 'मुस्कान कांड' जैसी धमकी

Yogesh Yadav लाइव हिन्दुस्तान
share

वाराणसी के भेलूपुर में एक विवाहिता ने अपने पति को 'मुस्कान ड्रम कांड' जैसी मौत देने की धमकी दी है। पीड़ित का आरोप है कि पत्नी का किसी और से संबंध है और वह सुहागरात से ही दूरी बना रही थी। पुलिस ने पत्नी और उसके भाइयों पर केस दर्ज किया है।

'मैं गैर की अमानत...', सुहागरात पर ही पति से बनाई दूरी; अब 'मुस्कान कांड' जैसी धमकी

उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक राजधानी वाराणसी के भेलूपुर थाना क्षेत्र से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां के डुमरांव बाग कॉलोनी निवासी एक युवक ने अपनी पत्नी और उसके मायके वालों के खिलाफ मारपीट, मानसिक प्रताड़ना और जान से मारने की धमकी देने का मुकदमा दर्ज कराया है। पीड़ित पति का आरोप है कि उसकी पत्नी का किसी अन्य व्यक्ति से प्रेम संबंध है और वह उसे तलाक देने के लिए दबाव बना रही है। बात सिर्फ अनबन तक सीमित नहीं रही, पत्नी ने पति को आगाह किया है कि यदि उसने रास्ता नहीं छोड़ा, तो वह उसका हाल भी मेरठ की मुस्कान की तरह 'नीले ड्रम वाले कांड' जैसा कर देगी।

विवाह की पहली रात से ही बढ़ा विवाद

पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, पीड़ित युवक का विवाह 21 जनवरी 2025 को बिहार के कैमूर जिले की रहने वाली एक युवती के साथ हुआ था। युवक ने बताया कि शादी के बाद पहली ही रात (सुहागरात) को उसकी पत्नी ने किसी न किसी बहाने से साथ सोने से इनकार कर दिया और दूरी बनाए रखी। पति अपनी नौकरी के कारण कुछ दिनों बाद कार्यस्थल पर चला गया। शादी के करीब एक महीने बाद जब युवती अपने मायके विदा हुई, तब उसने असली रंग दिखाना शुरू किया।

Voice of UP

"मैं दूसरे की अमानत हूँ..."

पति का आरोप है कि मायके पहुंचने के बाद पत्नी ने फोन पर स्पष्ट शब्दों में कहा कि वह "दूसरे की अमानत" है और उसके साथ जीवन नहीं बिता सकती। उसने पति को उसे भूल जाने और तुरंत तलाक देने की बात कही। विवाद तब और बढ़ गया जब पत्नी ने फोन पर धमकियां देनी शुरू कीं। उसने कथित तौर पर कहा कि यदि उसे विदा कराने की कोशिश की गई या तलाक में देरी हुई, तो वह मेरठ के चर्चित 'मुस्कान हत्याकांड' (जिसमें शव नीले ड्रम में मिला था) जैसा अंजाम भुगतने के लिए तैयार रहे।

घर घुसकर मारपीट और हंगामा

लगातार मिल रही धमकियों से तंग आकर पति ने जनवरी 2026 में तय किया कि वह होली की छुट्टियों में घर आएगा और परिवार के बीच बैठकर मसला सुलझाएगा। आरोप है कि बीते 3 मार्च की रात करीब 9 बजे, पत्नी अपने भाइयों आनंद राठौर, मनोरंजन उर्फ मनु, जीजा विजय और राजू के साथ अचानक बिना किसी सूचना के युवक के घर धमक पड़ी। बातचीत के दौरान आरोपियों ने युवक के साथ मारपीट की और दोबारा वही 'ड्रम कांड' वाली धमकी दोहराते हुए वहां से चले गए।

पुलिस की कार्रवाई

भेलूपुर पुलिस ने पीड़ित पति की शिकायत पर पत्नी और उसके भाइयों समेत अन्य ससुरालियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामला वैवाहिक विवाद के साथ-साथ आपराधिक धमकी का भी है। धमकी में 'मुस्कान कांड' का जिक्र होने के कारण पुलिस इसे संवेदनशीलता से ले रही है और जल्द ही आरोपियों से पूछताछ की जाएगी। गौरतलब है कि मेरठ में मुस्कान ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी थी। शव के टुकड़े कर नीले ड्रम में भरकर ऊपर से सीमेंट का घोल डाल दिया था। कई दिनों बाद मामला खुला था।

Yogesh Yadav

लेखक के बारे में

Yogesh Yadav

योगेश यादव लाइव हिन्दुस्तान में पिछले छह वर्षों से यूपी सेक्शन को देख रहे हैं। यूपी की राजनीति, क्राइम और करेंट अफेयर से जुड़ी खबरों को कवर करने की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। यूपी की राजनीतिक खबरों के साथ क्राइम की खबरों पर खास पकड़ रखते हैं। यूपी में हो रहे विकास कार्यों, शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में आ रहे बदलाव के साथ यहां की मूलभूत समस्याओं पर गहरी नजर रखते हैं।

पत्रकारिता में दो दशक का लंबा अनुभव रखने वाले योगेश ने डिजिटल से पहले प्रिंट में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। लम्बे समय तक हिन्दुस्तान वाराणसी में सिटी और पूर्वांचल के नौ जिलों की अपकंट्री टीम को लीड किया है। वाराणसी से पहले चड़ीगढ़ और प्रयागराज हिन्दुस्तान को लांच कराने वाली टीम में शामिल रहे। प्रयागराज की सिटी टीम का नेतृत्व भी किया।

बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) से बीकॉम में ग्रेजुएट और बनारस की ही काशी विद्यापीठ से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट योगेश ने कई स्पेशल प्रोजेक्ट पर काम भी किया है। राष्ट्रीय नेताओं के दौरों को कवर करते हुए उनके इंटरव्यू किये। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की मौत से जुड़े रहस्यों पर हिन्दुस्तान के लिए सीरीज भी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।