जिहादियों के व्हाट्सऐप ग्रुप से जुड़े डॉक्टर के घर पहुंची यूपी एटीएस की टीम, बेटे से पूछताछ

Yogesh Yadav लाइव हिन्दुस्तान, वाराणसी, प्रमुख संवाददाता
share

मुंबई एटीएस ने यूपी एटीएस और आईबी के साथ मिलकर वाराणसी के आदमपुर में एक चिकित्सक के घर छापेमारी की। चिकित्सक का 19 वर्षीय बेटा मुंबई के एक कट्टरपंथी व्हाट्सऐप ग्रुप से जुड़ा था, जहां कथित तौर पर आपत्तिजनक सामग्री और जिहादी वीडियो साझा किए जा रहे थे।

जिहादियों के व्हाट्सऐप ग्रुप से जुड़े डॉक्टर के घर पहुंची यूपी एटीएस की टीम, बेटे से पूछताछ

जिहाद और धर्म को लेकर कट्टरता रखने वाले मुंबई के एक व्हाट्सऐप ग्रुप से जुड़े आदमपुर के चिकित्सक के 19 वर्षीय बेटे से मुंबई एटीएस ने मंगलवार को गहन पूछताछ की। करीब आठ घंटे पूछताछ के बाद एटीएस उसका लैपटॉप, तीन मोबाइल फोन, प्रिंटर आदि इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस अपने साथ ले गई। चिकित्सक के बेटे को 22 अप्रैल को मुंबई एटीएस मुख्यालय तलब किया गया है। यूपी एटीएस और आईबी की टीम भी मौजूद थी।

मुंबई एटीएस ने जेहाद और धर्म को लेकर कट्टरता को बढ़ावा देने के मामले में एक केस दर्ज किया है। जांच के दौरान व्हाट्सऐप ग्रुप और एक डायरी में चिकित्सक के पुत्र का भी नंबर मिला था। आरोप है कि वह भी इस ग्रुप में सक्रिय था। आपत्तिजनक सामग्रियां, वीडियो, तस्वीरें, संदेश आदि शेयर किए थे। इसी आधार पर मुंबई एटीएस चिकित्सक के पुत्र का नंबर सर्विलांस पर लगवाकर उसकी गतिविधियों की निगरानी की। चार से पांच दिन की निगरानी के बाद मुंबई एटीएस ने यूपी एटीएस को सूचना दी।

Voice of UP

सुबह करीब 10 बजे मुंबई और यूपी एटीएस के साथ आईबी की टीम आदमपुर पहुंची। चिकित्सक के आवास के आसपास गतिविधियां देखी। इसके बाद चिकित्सक को बुलाया। परिवार के अन्य सदस्यों को पहचान बताते हुए टीम अंदर गई। मकान का दरवाजा अंदर से बंद था। परिवार के किसी सदस्य को बाहर आने की अनुमति थी। शाम करीब सात बजे तक चिकित्सक के बेटे से गहन पूछताछ की जाती रही।

ऑनलाइन माध्यम से नंबर लेने के बाद जिहादियों के ग्रुप से जुड़ने की आशंका है। चिकित्सक तथा परिवार के अन्य सदस्यों, रिश्तेदारों का भी पूरा ब्योरा लिया गया है। सभी के आय के स्रोत से लेकर परिवार के एक-एक सदस्य के संपर्कों की जानकारी भी ली गई। चिकित्सक का पुत्र नीट की तैयारी करता है।

एनआईए गाजियाबाद में पकड़े गए पाक जासूसों की जांच करेगी

लखनऊ। उधर, गाजियाबाद, दिल्ली, सोनीपत समेत अन्य स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाकर पाकिस्तानी हैंडलर के लिए जासूसी करने वाले गिरोह की जांच अब राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) करेगी। मामले में गाजियाबाद के कौशांबी थाने में गैरकानूनी गतिविधियां रोकथाम अधिनियम समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर महिला समेत 21 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। मामला कई राज्यों से जुड़ा होने के चलते एनआईए ने यह जांच अपने हाथ में ली है।

गाजियाबाद पुलिस ने पिछले माह रेलवे स्टेशन, सुरक्षा बलों से जुड़े प्रमुख स्थानों व अन्य संवेदनशील स्थानों की वीडियो बनाकर उन्हें पाकिस्तान में बैठे हैंडलर तक पहुंचाए जाने की गोपनीय सूचना पर कार्रवाई की थी। गाजियाबाद पुलिस ने सबसे पहले मूलरूप से बिजनौर निवासी सुहेल मलिक उर्फ रोमियो, संभल की निवासी इरम उर्फ महक, प्रवीण, राज वाल्मीकि, शिवा वाल्मीकि व रितिक गंगवार को गिरफ्तार कर इस गिरोह का भंडाफोड़ किया था। गिरोह को पाकिस्तान में बैठे हैंडलर फंडिंग कर रहे थे। आरोपियों के फोन से कई संवेदनशील स्थानों के वीडियो व फोटो भी बरामद हुए थे।

Yogesh Yadav

लेखक के बारे में

Yogesh Yadav

योगेश यादव लाइव हिन्दुस्तान में पिछले छह वर्षों से यूपी सेक्शन को देख रहे हैं। यूपी की राजनीति, क्राइम और करेंट अफेयर से जुड़ी खबरों को कवर करने की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। यूपी की राजनीतिक खबरों के साथ क्राइम की खबरों पर खास पकड़ रखते हैं। यूपी में हो रहे विकास कार्यों, शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में आ रहे बदलाव के साथ यहां की मूलभूत समस्याओं पर गहरी नजर रखते हैं।

पत्रकारिता में दो दशक का लंबा अनुभव रखने वाले योगेश ने डिजिटल से पहले प्रिंट में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। लम्बे समय तक हिन्दुस्तान वाराणसी में सिटी और पूर्वांचल के नौ जिलों की अपकंट्री टीम को लीड किया है। वाराणसी से पहले चड़ीगढ़ और प्रयागराज हिन्दुस्तान को लांच कराने वाली टीम में शामिल रहे। प्रयागराज की सिटी टीम का नेतृत्व भी किया।

बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) से बीकॉम में ग्रेजुएट और बनारस की ही काशी विद्यापीठ से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट योगेश ने कई स्पेशल प्रोजेक्ट पर काम भी किया है। राष्ट्रीय नेताओं के दौरों को कवर करते हुए उनके इंटरव्यू किये। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की मौत से जुड़े रहस्यों पर हिन्दुस्तान के लिए सीरीज भी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।