आगरा से उदयपुर जाने वाली वंदेभारत आज से बंद, क्या वाकई कम यात्री होना है इसकी वजह?

Feb 15, 2026 08:30 am ISTAjay Singh वरिष्ठ संवाददाता, आगरा
share Share
Follow Us on

रेलवे बोर्ड ने 15 फरवरी से आगरा कैंट-उदयपुर सिटी-आगरा कैंट वंदेभारत को बंद कर दिया है। इस सेवा को क्यों बंद किया गया, इसकी आधिकारिक वजह आगरा रेल मंडल नहीं बता रहा है। सूत्रों का कहना है कि कम यात्री ट्रैफिक के चलते ट्रेन को बंद किया गया। सवाल यह भी उठ रहा कि क्या वाकई कम यात्री होना ही इसकी वजह है।

आगरा से उदयपुर जाने वाली वंदेभारत आज से बंद, क्या वाकई कम यात्री होना है इसकी वजह?

Agra - Udaipur Vande Bharat Express: आगरा कैंट-उदयपुर वंदेभारत आज बंद हो गई है। लोगों के बीच में कम यात्री मिलने को इसकी वजह माना जा रहा है हालांकि रेलवे ने अधिकारिक तौर पर अभी तक कोई वजह नहीं बताई है। यह ट्रेन बीते छह महीने से लगभग 68 प्रतिशत बुकिंग के साथ चल रही थी। आगरा से उदयपुर की ओर जहां बुकिंग 68.37 प्रतिशत थी, तो उदयपुर से आगरा कैंट की ओर आने वाली ट्रेन में बुकिंग 61.97 प्रतिशत थी। जहां तक बुकिंग से होने वाली कमाई का सवाल है, इस मामले में भी ट्रेन लगभग 40 प्रतिशत राजस्व रेलवे को दे रही थी। ऐसे में सवाल यह भी उठ रहा है कि क्या वाकई कम यात्री होना ही इसकी वजह है।

रेलवे बोर्ड ने 15 फरवरी से आगरा कैंट-उदयपुर सिटी-आगरा कैंट वंदेभारत को बंद कर दिया है। ट्रेन सेवा को क्यों बंद किया गया, इसकी आधिकारिक वजह आगरा रेल मंडल नहीं बता रहा है। परंतु सूत्रों का कहना है कि कम यात्री ट्रैफिक के चलते ट्रेन को बंद किया गया। ‘हिन्दुस्तान’ अखबार ने जब ट्रेन के बीते छह मकी सीट बुकिंग और आय के आंकड़ों को खंगाला, तो कम आय का कोई बड़ा कारण नजर नहीं आया।

बीते छह महीने में ट्रेन ने आगरा कैंट से उदयपुर के बीच 81 ट्रिप लगाए। इन 81 ट्रिप में ट्रेन में 38,718 सीटें (चेयरकार/ एक्सीक्यूटिव क्लास) जनरेट हुईं। रेलवे का मानना है कि यदि सभी सीटें भरतीं, तो रेलवे को 6.31 करोड़ रुपये से अधिक की आय होती। अब बात करते हैं 81 ट्रिप में यात्रियों के ट्रैफिक की। छह माह में उदयपुर से आगरा कैंट के बीच चेयरकार में कुल 25,021 सीटें बुक हुईं। इससे रेलवे को 2.22 करोड़ रुपये की आय हुई। एक्सीक्यूटिव क्लास में इस दौरान 1,585 सीटें बुक हुईं और इससे रेलवे को 31.38 लाख रुपये की आय हुई।

आगरा से उदयपुर की ज्यादा रही बुकिंग

छह माह में आगरा से उदयपुर के बीच चेयरकार में कुल 27,654 सीटें बुक हुईं। इससे रेलवे को 2.61 करोड़ रुपये की आय हुई। एक्सीक्यूटिव क्लास में इस दौरान 1,700 सीटें बुक हुईं और इससे रेलवे को 33.18 लाख रुपये की आय हुई। दोनों क्लास को मिलाकर देखें तो 29,354 सीटें बुक हुईं और रेलवे को 2.94 करोड़ रुपये की आय हुई। रेलवे के हिसाब से ट्रेन में सीट बुकिंग प्रतिशत करीब 68 प्रतिशत रहा और आय 39.59 प्रतिशत रही।

क्या बोली डीआरयूसीसी मेंबर

डीआरयूसीसी मेंबर निधि अग्रवाल ने कहा कि ताजनगरी को राजस्थान के झीलों के शहर से जोड़ने वाली प्रीमियम ट्रेन में पर्यटक बड़ी संख्या में सफर करते थे। ट्रेन के बंद होने से पर्यटन पर बुरा असर पड़ेगा। आगरा के पर्यटन से जुड़े हजारों लोग भी प्रभावित होंगे। सितंबर 2024 में रेलवे ने आगरा कैंट-उदयपुर वंदेभारत को शुरू कर बड़ी सौगात दी थी। अब लोकप्रिय हो चुकी ट्रेन को अचानक बंद करने का निर्णय समझ से परे है।

वहीं, पूर्व डीआरयूसीसी मेंबर मुरारीलाल गोयल ने कहा कि उदयपुर वंदेभारत का परिचालन लगातार होना चाहिए। ट्रेन से आगरा के लोगों के लिए कोटा और उदयपुर शहरों का सफर आसान हो गया था। उदयपुर वंदेभारत से आगरा के हजारों विद्यार्थी और उनके अभिभावक बहुत खुश थे। पहले विद्यार्थियों को कोटा जाने के लिए कोटा पैसेंजर अथवा बस से कठिनाई भरा सफर करना पड़ता था।

Ajay Singh

लेखक के बारे में

Ajay Singh

अजय कुमार सिंह पिछले आठ वर्षों से लाइव हिन्दुस्तान की यूपी टीम में पूर्वांचल के बड़े हिस्से से खबरों का कोआर्डिनेशन देख रहे हैं। वह हिन्दुस्तान ग्रुप से 2010 से जुड़े हैं। पत्रकारिता में 27 वर्षों का लंबा अनुभव रखने वाले अजय ने टीवी, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है। हिन्दुस्तान से पहले वह ईटीवी, इंडिया न्यूज और दैनिक जागरण के लिए अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। अजय राजनीति, क्राइम, सेहत, शिक्षा और पर्यावरण से जुड़ी खबरों को गहराई से कवर करते हैं। बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट अजय फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में असिस्टेंट एडिटर हैं और उत्तर प्रदेश की राजनीति और क्राइम की खबरों पर विशेष फोकस रखते हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करे| पाएं Lucknow news , Prayagraj News , Varanasi News , Gorakhpur News , Kanpur News , Aligarh News से जुड़ी ताजा खबरें हिंदी में |
;;
;