Uttar Pradesh News Live: ताजमहल में भजन-कीर्तन का वीडियो वायरल, नौ पीसीएस अफसरों का तबादला

Uttar Pradesh News Live: लखनऊ में इस इलाके के बिजली उपभोक्ताओं को बड़ी राहत मिलेगी। कटौती और लो-वोल्टेज की समस्या दूर होगी। आगरा में ताजमहल में पर्यटकों का भजन-कीर्तन करते वीडियो वायरल हो गया। सुरक्षा पर सवाल उठे। एएसआई ने रिपोर्ट मांगी।

Uttar Pradesh News Live: ताजमहल में भजन-कीर्तन का वीडियो वायरल, नौ पीसीएस अफसरों का तबादला

Taj Mahal

Srishti Kunj| लाइव हिन्दुस्तान,लखनऊ |
WhatsAppFacebookX
हमें फॉलो करेंGoogle NewsYouTube

Uttar Pradesh News Live: यूपी की राजधानी के इस इलाके के बिजली उपभोक्ताओं को अगले महीने से बड़ी राहत मिलने जा रही है। यहां के लोगों की बिजली कटौती और लो-वोल्टेज की समस्या दूर होगी।

ताजमहल परिसर में भजन-कीर्तन का वीडियो वायरल होने के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठे हैं। वीडियो में मुख्य गुंबद के नीचे लोग भजन करते दिख रहे हैं। ASI ने मामले की जांच शुरू कर CISF से रिपोर्ट मांगी है। वीडियो कब का है, इसकी पुष्टि नहीं हुई है। वहीं दूसरी ओर यूपी सरकार ने प्रशासनिक व्यवस्था में फेरबदल करते हुए नौ पीसीएस अफसरों का तबादला कर दिया है। इनमें प्रयागराज के सिटी मजिस्ट्रेट के अलावा दो एसडीएम भी शामिल हैं।

सपा का पीडीए सिर्फ परिवार डवलपमेंट अथॉरिटी: ब्रजेश

उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने गुरुवार को एक नई पहल करते हुए कुछ वीडियो अपने सोशल मीडिया हैंडल से जारी किए। इसमें वे पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के स्वतंत्र प्रभार राज्यमंत्री नरेंद्र कश्यप से बातचीत करते नजर आ रहे हैं। खास बात यह है कि पाठक ने इस बातचीत में सपा के शासन और भाजपा सरकार की तुलना की है। पीडीए के नाम पर सपा पर सिर्फ परिवार और एक जाति की राजनीति करने के आरोप लगाए गए। इसमें पीडीए को परिवार डवलपमेंट अथॉरिटी बताया गया। ब्रजेश पाठक इस वीडियो में सवाल करते नजर आ रहे हैं कि सपा क्या केवल मुस्लिम तुष्टीकरण तक सीमित है। कश्यप इसे आगे बढ़ाते नजर आ रहे हैं। वहीं सपा पर बाबा साहब के सिद्धांतों को पीछे धकेलने का भी आरोप लगाया।

Share

परदेशी बाबा की हत्या का आरोपी गिरफ्तार

सीतापुर जिले की संदना पुलिस ने तांत्रिक परदेशी बाबा कन्हैया के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को शक था कि तांत्रिक ने उसकी मां को तंत्र मंत्र के जाल में फंसा लिया है। बहाने से वह तांत्रिक को लखनऊ से सीतापुर लाया था। उसके बाद चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी थी। इसके बाद शरीर में 11 कीलें ठोक दी थी। उसे विश्वास था कि ऐसा करने से तांत्रिक की आत्मा नहीं भटकेगी। संदना इलाके में 13 मई को जंगल में एक युवक का शव मिला था। युवक का गला चाकू से रेत हुआ था। शरीर पर 11 कीलें ठुकी हुई थी। शव की पहचान लखनऊ के मलिहाबाद निवासी सत्यनारायण यादव उर्फ परदेशी बाबा के रूप हुई थी। एएसपी दुर्गेश सिंह ने बताया कि लखनऊ के महिलाहबाद निवासी नागेंद्र को मलिहाबाद स्टेशन के पास से गिरफ्तार कर किया गया है। आरोपी के कब्जे आलकत्ल चाकू भी बरामद कर लिया गया है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि सत्यनारायण यादव उर्फ परदेशी बाबा उसकी मां का कई वर्षों से इलाज कर रहा था। उसे शक था कि बाबा ने उसकी मां को तंत्र-मंत्र के प्रभाव में फंसा रखा है। बहाने से बाबा को बाइक से संदना लेकर आया था। वह जंगल लेकर गया और सत्यनारायण बाबा की गला रेतकर हत्या कर दी। इसके बाद उसके शरीर में 11 कीलें ठोक दी थी।

Share

पौधों की सुरक्षा, जीवितता एवं गुणवत्तापरक पौधरोपण पर करें विशेष फोकस: डिप्टी सीएम केशव

यूपी के उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने वित्तीय वर्ष 2026-27 में प्रस्तावित वृहद वृक्षारोपण अभियान को जनभागीदारी आधारित जनआंदोलन के रूप में संचालित किये जाने के निर्देश ग्राम्य विकास विभाग के अधिकारियों को दिए हैं। उन्होंने कहा कि गत वर्ष की भांति इस वर्ष भी ग्राम्य विकास विभाग शासन द्वारा निर्धारित लक्ष्य से अधिक वृक्षारोपण कर नया कीर्तिमान स्थापित करेगा।

उप मुख्यमंत्री मौर्य ने कहा कि गत वित्तीय वर्ष 2025-26 में ग्राम्य विकास विभाग द्वारा पौधरोपण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किया गया था तथा जनपदों ने निर्धारित लक्ष्य से अधिक पौधरोपण कर सराहनीय उपलब्धि हासिल की थी। इसके लिए सभी अधिकारी एवं कर्मचारी बधाई के पात्र हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी के समन्वित प्रयासों से इस वर्ष भी पौधरोपण अभियान को सफल बनाया जाएगा।

Share

'कसमंडीकला' मंदिर या मकबरा? विवादित स्थल की पुरातत्व विभाग ने वीडियोग्राफी की

लखनऊ के मलिहाबाद में कसमंडीकला विवादित स्थल पर शासन के निर्देश पर जांच ने तेजी पकड़ी है। हफ्ते भर से चल रहे विवाद के बाद बुधवार शाम पुरातत्व विभाग से जांच के लिए सहायक पुरातत्व अधिकारी ज्ञानेंद्र रस्तोगी टीम के साथ पहुंचे। करीब घंटे भर तक वह रुके। टीम ने मौके से सैंपल लिए, इसके अलावा वीडियोग्राफी और फोटो की। उधर, गुरुवार को बकरीद के मौके पर कुछ लोगों के नमाज पढ़ने जाने की सूचना से पुलिस प्रशासन एक दिन पहले से ही अलर्ट था। इस कारण मुस्लिम पक्ष से कोई बकरीद की नमाज अदा करने नहीं पहुंचा, न ही हिंदू पक्ष से कोई विरोध प्रदर्शन को गया। पुलिस-प्रशासन ने राहत की सांस ली।

पूरी खबर पढें

Share

ताजमहल में पर्यटकों का भजन-कीर्तन करते वीडियो वायरल; सुरक्षा पर उठे सवाल, ASI ने रिपोर्ट मांगी

ताजमहल परिसर में भजन-कीर्तन का वीडियो वायरल होने के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठे हैं। वीडियो में मुख्य गुंबद के नीचे लोग भजन करते दिख रहे हैं। ASI ने मामले की जांच शुरू कर CISF से रिपोर्ट मांगी है। वीडियो कब का है, इसकी पुष्टि नहीं हुई है।

पूरी खबर यहां पढ़ें: ताजमहल में पर्यटकों का भजन-कीर्तन करते वीडियो वायरल; सुरक्षा पर उठे सवाल, ASI ने रिपोर्ट मांगी

Share

यूपी के इस इलाके के बिजली उपभोक्ताओं को बड़ी राहत, कटौती और लो-वोल्टेज की समस्या दूर होगी

यूपी की राजधानी के इस इलाके के बिजली उपभोक्ताओं को अगले महीने से बड़ी राहत मिलने जा रही है। यहां के लोगों की बिजली कटौती और लो-वोल्टेज की समस्या दूर होगी।

पूरी खबर यहां पढ़ें: यूपी के इस इलाके के बिजली उपभोक्ताओं को बड़ी राहत, कटौती और लो-वोल्टेज की समस्या दूर होगी

Share

कपड़े की दुकान में लगी भीषण आग लाखों का नुकसान

अयोध्या में गुरुवार की सुबह बीकापुर कोतवाली क्षेत्र के चौरे बाजार कस्बे में स्थित कपड़े की दुकान मे लगी भीषण आग से लाखों का सामान जलकर नष्ट हो गया। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने ग्रामीणो की मदद से आग पर काबू पा लिया।

बृजेश कुमार/रामदेव क्लाथ इम्पोरियम के मालिक बृजेश अग्रहरि ने बताया कि सुबह लगभग 9बजे दुकान खोलने के लिए जब उन्होंने शटर उठाया तो अंदर जल रहे कपड़ों को देखकर दंग रह गये, देखते ही देखते पूरी दुकान धूं-धूं कर जल उठी।

Share

रामनगरी में ड्रोन की निगरानी में हुई ईद उल अजहा की नमाज

रामनगरी अयोध्या में ईद-उल-अजहा ( बकरीद) की नमाज शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। गुरुवार को शहर के सिविल लाइन स्थित ईदगाह में बड़ी संख्या में नमाजियों ने नमाज अदा की। शहर इमाम मौलाना समसुल कादरी ने देश-दुनिया में सुख, शांति और भाईचारे की दुआ कराई। वही शिया जामा मस्जिद इमामबाड़ा जवाहर अली खां में ईद उल अजहा की नमाज मौलाना सैय्यद जाफर रजा ने अदा कराई। उन्होंने देश की तरक्की और आपसी भाईचारे की दुआ कराई। साथ ही कुर्बानी के उद्देश्यों के बारे में बताया।

Share

बकरीद पर खुदा की बारगाह में झुके हजारों सिर, मांगी दुआएं

गोण्डा में ईद उल अजहा का त्योहार गुरुवार को जिले भर में अकीदत, पाकीजगी और आपसी भाईचारे के साथ मनाया गया। जिलेभर के ईदगाह और मस्जिदों में लोगों ने अल्लाह की बारगाह में सजदा किए। सुबह से ही लोगों का हुजूम ईदगाह की ओर उमड़ पड़ा। कुर्बानी और त्याग के इस पर्व पर शहरवासियों ने नमाज अदा कर मुल्क की तरक्की, अमन-चैन और भाईचारे की दुआएं मांगीं।

शहर के पटेल नगर स्थित ईदगाह में सुबह छह बजे से ही लोगों की आवाजाही शुरू हो गई थी। लोग अपने परिवार और बच्चों के साथ नए कपड़ों में ईदगाह की ओर पहुंचने लगे। सुबह 8 बजे तक नजारा देखते ही बना। मौलाना मुजक्किर की इमामत में हजारों नमाजियों ने एक साथ बारगाहे इलाही में सजदे किए। सफों में बुजुर्ग, जवान और बच्चे कंधे से कंधा मिलाकर खड़े दिखे।

Share

हाईवे पर ट्रक-डंपर में टक्कर से आग लगी, चालक और खलासी जिंदा जले

गोरखपुर हाईवे पर ट्रक-डंपर में टक्कर से आग लग गई। हादसे में चालक और खलासी जिंदा जल गए। हादसा कुशीनगर-लखनऊ फोरलेन पर हुआ। ट्रक और डंपर में टक्कर के बाद दोनों वाहनों में आग लग गई। डंपर चालक और खलासी की जलकर मौत हो गई। वहीं, ट्रक चालक और खलासी ने कूद कर जान बचाई। मक्का लदा ट्रक कुशीनगर से लखनऊ जा रहा था, डस्ट लदा डंपर रॉन्ग साइड से आने से हादसा हो गया। आग बुझने के बाद पुलिस और दमकल कर्मियों ने डंपर के अंदर से दोनों के कंकाल बाहर निकाले। फायर ब्रिगेड की पांच गाड़ियों ने दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

Share

बाइक अनियंत्रित होकर गड्ढे में पलटी, युवक की मौत

सुलतानपुर में थाना क्षेत्र के ताजुद्दीनपुर गांव निवासी सुनील चौहान(22) पुत्र रामकेश चौहान की गुरुवार को सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि सुनील बाइक से गोसैसिंहपुर की तरफ जा रहे थे। हलियापुर-बेलवाई मार्ग पर धरमपुर गांव के पास उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में जाकर पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से घायल युवक को सीएचसी दोस्तपुर पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

Share

अकीदत एवं शांतिपूर्ण वातावरण में अदा की गई ईद उल अजहा की नमाज़

सुलतानपुर में अल्लाह की राह में कुर्बानी की याद में मनाया जाने वाला पवित्र पर्व ईदुल-अजहा गुरुवार को अकीदत एवं शांतिपूर्ण वातावरण में मनाया गया। पर्व को लेकर मुस्लिम समुदाय में उत्साह का माहौल है तथा मस्जिदों और ईदगाहों में नमाज अदा की गई।

जामिया इस्लामिया मदरसा के सदर एवं मरकज मस्जिद के पेश इमाम मौलाना मुहम्मद उस्मान कासमी ने मुस्लिम समुदाय से शासन की गाइडलाइन का पालन करने की अपील की । उन्होंने कहा कि कुर्बानी खुले स्थानों के बजाय बंद जगहों पर करें तथा गोश्त वितरण के दौरान साफ-सफाई और एहतियात का विशेष ध्यान रखें।

Share

बिजनौर: चोर पकड़ने गई पुलिस टीम को ग्रामीणों ने घेरा, वीडियो वायरल

बिजनौर शहर कोतवाली क्षेत्र के गांव अलाउद्दीनपुर उर्फ जंदरपुर में चोरी के एक आरोपी को पकड़ने गई पुलिस टीम को ग्रामीणों ने घेर लिया। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। हालांकि, हिन्दुस्तान वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।

बताया जा रहा है कि बुधवार देर रात शहर कोतवाली पुलिस चोरी के एक मुकदमे में नामजद आरोपी को पकड़ने गांव अलाउद्दीनपुर उर्फ जंदरपुर पहुंची थी। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर अपनी गाड़ी में बैठा लिया। इसी दौरान मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई और पुलिस वाहन को घेरकर हंगामा शुरू कर दिया। वायरल वीडियो में एक पुलिसकर्मी खुद को घिरा देखकर पिस्टल लेकर वाहन से उतरता दिखाई दे रहा है। काफी देर तक हंगामे का माहौल बना रहा।

Share

सड़क पार कर रहे ई-रिक्शा को बचाने में टूरिस्ट गाड़ी बेकाबू, ई रिक्शा को टक्कर मारते हुए ट्रैक्टर से टकराई

लखनऊ-वाराणसी हाईवे पर सुलतानपुर के लंभुआ कोतवाली क्षेत्र के बेदूपारा बाईपास पर बृहस्पतिवार को सुबह बड़ा हादसा होते-होते टल गया। बनारस से अयोध्या जा रही टूरिस्ट फोर्स गाड़ी ई-रिक्शा को बचाने के चक्कर में अनियंत्रित हो गई। टूरिस्ट गाड़ी ई-रिक्शा को टक्कर मारते हुए गाड़ी डिवाइडर से टकराकर दूसरी लेन में चली गई और सामने से चंदा की तरफ जा रहे ट्रैक्टर से जा भिड़ी।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक लंभुआ से बेदूपारा बाईपास पर चढ़ रहा ई-रिक्शा अचानक टूरिस्ट गाड़ी के सामने आ गया। चालक ने ई-रिक्शा बचाने के लिए स्टेयरिंग घुमाया, लेकिन गाड़ी बेकाबू हो गई। पहले ई-रिक्शा को टक्कर मारी, फिर डिवाइडर तोड़कर दूसरी तरफ पहुंची और ट्रैक्टर से टकरा गई।

ई-रिक्शा चालक श्रीकांत शर्मा, उम्र 48 वर्ष, निवासी मुजाही बाजार, प्रतापगढ़ अपनी रिश्तेदारी से परिवार को लेकर परशुरामपुर से मुजाही जा रहे थे। ई-रिक्शा पर गांव की पूजा शर्मा, उम्र 20 वर्ष और सुनीता शर्मा, उम्र 25 वर्ष अपने दो छोटे बच्चों के साथ सवार थीं। पूजा व सुनीता समेत बच्चों को मामूली चोटें आई हैं।

Share

ईद-उल-अजहा की नमाज शांतिपूर्ण माहौल में अदा, ड्रोन व सीसीटीवी से रही निगरानी

बलरामपुर जनपद में ईद-उल-अजहा (बकरीद) का पर्व गुरुवार को शांति, सौहार्द और भाईचारे के वातावरण में संपन्न हुआ। पुलिस अधीक्षक विकास कुमार के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय ने पूरे जनपद में सुरक्षा व्यवस्था की सतत निगरानी की।

शहर क्षेत्र में मस्जिदों और ईदगाहों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया। ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को सतर्कता के साथ अपनी जिम्मेदारियों के निर्वहन के निर्देश दिए गए। संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात रहा, जबकि ड्रोन कैमरों और सीसीटीवी के माध्यम से प्रमुख स्थानों की निगरानी की गई।

Share

मस्जिद व ईदगाहों में अलग-अलग समय पर पढ़ी गई नमाज, घरों में हुई कुर्बानी

बलरामपुर जिले में ईद-उल-अजहा (बकरीद) का त्योहार गुरुवार को बड़े ही अकीदत के साथ मनाया गया। सुबह निर्धारित समय पर मस्जिद व ईदगाहों में बकरीद की नमाज अदा की गई। उसके बाद लोग अपने घरों पर जानवरों की कुर्बानी दी।

बकरीद को लेकर मस्जिद व ईदगाह के आसपास विशेष साफ-सफाई पहले ही कर दी गई थी। भीषण गर्मी को देखते हुए नमाजियों को धूप से राहत देने के लिए मस्जिद व ईदगाह कमेटी की तरफ से टेंट लगवाने के साथ सुबह जल्दी नमाज संपन्न हुई।

Share

हफ्तेभर बाद मायके से लौटी पत्नी पर पति ने सरिये से किए कई वार, फिर खुद को आग लगा दी जान

आगरा में बुधवार शाम घरेलू विवाद ने भयावह रूप ले लिया। जूता कारीगर इमरान उर्फ शानू (35) ने पहले अपनी पत्नी अफसाना पर लोहे की सरिया से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। इसके बाद खुद पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा ली।

पूरी खबर यहां पढ़ें: हफ्तेभर बाद मायके से लौटी पत्नी पर पति ने सरिये से किए कई वार, फिर खुद को आग लगा दी जान

Share

जमीन पर गिरने के बाद सिर में मारी गोली, लखनऊ प्रापर्टी डीलर हत्याकांड का VIDEO आया सामने

राजधानी लखनऊ में दिनदहाड़े और सरेराह प्रापर्टी डीलर को गोलियों से भूनने की दुस्साहसिक वारदात का वीडियो सामने आया है। इसमें दिख रहा है कि एक गोली पीछे से मारने के बाद दूसरी पेट में मारी गई। प्रापर्टी डीलर के गिरने के बाद भी तीसरी गोली सिर में मार दी गई।

पूरी खबर यहां पढ़ें: जमीन पर गिरने के बाद सिर में मारी गोली, लखनऊ प्रापर्टी डीलर हत्याकांड का VIDEO आया सामने

Share

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

Hindi Newsउत्तर प्रदेशUttar Pradesh News Live: ताजमहल में भजन-कीर्तन का वीडियो वायरल, नौ पीसीएस अफसरों का तबादला