Hindi NewsUP NewsUproar over expulsion of a female student from a medical college after inappropriate touching, serious allegations on MS
मेडिकल कॉलेज में बैड टच के बाद छात्रा को ही निकालने पर बवाल, सुपरिटेंडेंट पर गंभीर आरोप

मेडिकल कॉलेज में बैड टच के बाद छात्रा को ही निकालने पर बवाल, सुपरिटेंडेंट पर गंभीर आरोप

संक्षेप:

यूपी में उन्नाव के मेडिकल कॉलेज में छात्रा के बैड टच का आरोप सुपरिटेंडेंट पर लगाया तो उसे ही कॉलेज से निकाल दिया गया। इसकी जानकारी मिलते ही छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा। छह थानों की पुलिस ने पहुंच कर किसी तरह मामला संभाला।

Dec 07, 2025 02:31 pm ISTYogesh Yadav सोहरामऊ(उन्नाव)। संवाददाता
share Share
Follow Us on

यूपी के उन्नाव में सरस्वती मेडिकल कॉलेज के मेडिकल सुपरिटेंडेंट पर एएनएम सेकेंड ईयर की छात्रा ने बैड टच का आरोप लगाया। शिकायत के बाद छात्रा को ही धमकाया गया और कॉलेज से बाहर निकाले जाने के बाद छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा है। छात्र-छात्राओं ने कॉलेज में जमकर बवाल काटा। नारेबाजी, धक्का-मुक्की, झड़प और अफरा-तफरी के बीच हालात इतने बिगड़े कि छह थानों की फोर्स बुलानी पड़ी। पीड़ित पक्ष, मेडिकल सुपरिटेंडेंट की ओर से एक-दूसरे के खिलाफ तहरीरें दी गईं। मामला शांत कराने के लिए विशाखा कमेटी गठित कर दी गई।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

अजगैन थाना क्षेत्र के एक गांव की 17 वर्षीय किशोरी सोहरामऊ स्थित सरस्वती मेडिकल कॉलेज में एएनएम सेकेंड ईयर की छात्रा है। छात्रा के मुताबिक, 17 नवंबर को वह कॉलेज परिसर स्थित हॉस्पिटल में ट्रेनिंग कर रही थी, तभी मेडिकल सुपरिटेंडेंट ने उसे गलत ढंग से छुआ। विरोध पर छात्रा को कथित तौर पर भविष्य खराब करने की धमकी भी दी गई। पीड़ित छात्रा ने मामले की शिकायत लिखित और मौखिक रूप से प्रिंसिपल से की, जिसके बाद शिकायत कॉलेज प्रशासन तक पहुंच गई। शनिवार सुबह साढ़े 11 बजे छात्रा को कॉलेज चेयरमैन के कमरे में बुलाकर जवाब-तलब किया गया।

चेयरमैन ने मेडिकल सुपरिटेंडेंट का पक्ष लेते हुए उससे कहा कि दो कौड़ी की डिग्री के लिए कॉलेज को बदनाम कर रही हो। इतना ही नहीं, छात्रा और उसकी दो सहेलियों को कॉलेज से बाहर निकाल दिया गया। जैसे ही यह बात कैंपस में फैली, छात्र-छात्राओं का गुस्सा फूट पड़ा। सभी नारेबाजी करते हुए धरने पर बैठ गए और आरोपित एमएस को निलंबित करने व माफी मांगने की मांग उठाई। हालात बिगड़ते देख सोहरामऊ थाना प्रभारी संदीप शुक्ला फोर्स के साथ पहुंच गए।

ये भी पढ़ें:आधी रात बहू के कमरे से खटर-पटर पर सास ने मचाया शोर,तलाशी में बेड से निकला प्रेमी

इस दौरान माहौल इतना गर्म हो गया कि छात्र-छात्राओं ने मेडिकल सुपरिटेंडेंट की ओर दौड़ लगा दी। पुलिस ने किसी तरह उन्हें सुरक्षित किया। इसी अफरातफरी के बीच पीड़िता के चाचा को थाना प्रभारी ने खदेड़कर पकड़ लिया। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि, हिन्दुस्तान इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। इसके बाद माहौल और खराब हो गया। स्थिति नियंत्रण से बाहर जाती देख हसनगंज, अजगैन, पुरवा, असोहा व दही थानों की फोर्स भी मौके पर बुलानी पड़ी।

पीड़ित छात्रा की ओर से मेडिकल सुपरिटेंडेंट के खिलाफ और छात्रा के चाचा की ओर से थाना प्रभारी व सिपाहियों के खिलाफ शिकायत दी गई है। वहीं, मेडिकल सुपरिटेंडेंट ने छात्र-छात्राओं के खिलाफ तहरीर दी है। मामला शांत करने के लिए कॉलेज प्रशासन ने जांच को विशाखा कमेटी का गठन किया, जिसके बाद छात्र-छात्राओं ने धरना समाप्त किया।