गोरखपुर यूनिवर्सिटी में दीक्षांत समारोह के दौरान हंगामा, पुलिस से भिड़े ABVP कार्यकर्ता
गोरखपुर विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह के दौरान एबीवीपी कार्यकर्ताओं को प्रवेश से रोकने पर पुलिस से विवाद हो गया। नोकझोंक के बाद धक्का-मुक्की हुई। मामला शांत होने के बाद एबीवीपी पदाधिकारी एसएसपी कार्यालय पहुंचे और संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में गुरुवार को आयोजित दीक्षांत समारोह के दौरान विश्वविद्यालय परिसर के बाहर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच विवाद हो गया। प्रवेश को लेकर शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते धक्का-मुक्की में बदल गई। घटना के दौरान कुछ देर के लिए परिसर के बाहर तनावपूर्ण स्थिति बन गई, हालांकि पुलिस अधिकारियों के हस्तक्षेप से मामला शांत करा दिया गया। जानकारी के अनुसार, एबीवीपी के कार्यकर्ता दीक्षांत समारोह में शामिल होने के लिए विश्वविद्यालय पहुंचे थे। सुरक्षा व्यवस्था और प्रवेश संबंधी नियमों के तहत पुलिस ने उन्हें विश्वविद्यालय परिसर में प्रवेश करने से रोक दिया। इससे नाराज कार्यकर्ताओं ने विरोध शुरू कर दिया। इसी दौरान एबीवीपी के प्रांत सह मंत्री और कैंट थाना प्रभारी के बीच तीखी बहस हो गई, जिससे माहौल और गर्मा गया।
पुलिस से ABVP कार्यकर्ताओं से धक्का-मुक्की
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक नोकझोंक चलती रही और बाद में धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। एक ओर विश्वविद्यालय के दीक्षा भवन में दीक्षांत समारोह का कार्यक्रम जारी था, वहीं दूसरी ओर परिसर के बाहर सड़क पर पुलिस और एबीवीपी कार्यकर्ताओं के बीच विवाद होता रहा। घटना के कारण कुछ समय के लिए मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थिति बिगड़ती देख मौके पर मौजूद वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने हस्तक्षेप किया और दोनों पक्षों को समझाकर शांत कराया। इसके बाद माहौल सामान्य हो गया और किसी बड़ी अप्रिय घटना से बचाव हो सका।
पुलिसकर्मियों पर अभद्र व्यवहार का आरोप
घटना के बाद एबीवीपी के प्रांत सह मंत्री अपने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कार्यालय पहुंचे। उन्होंने पूरे घटनाक्रम की शिकायत करते हुए संबंधित पुलिसकर्मियों पर अभद्र व्यवहार का आरोप लगाया और उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की। एसएसपी ने कैंट इंस्पेक्टर संजय सिंह को निलंबित कर दिया है। फिलहाल दीक्षांत समारोह शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया, जबकि पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

