यूपी PCS: नेहा नाम की 13 बेटियां बनीं अफसर, टॉप 11 में तीन, लड़कों में सबसे ज्यादा 22 अभिषेक

Yogesh Yadav लाइव हिन्दुस्तान
share

उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने पीसीएस 2024 का अंतिम परिणाम घोषित कर दिया है। रिजल्ट की सबसे रोचक बात यह रही कि 'नेहा' नाम की 13 बेटियों ने सफलता प्राप्त की है, जिनमें से 3 टॉप-11 में शामिल हैं। वहीं लड़कों में 'अभिषेक' नाम के 22 अभ्यर्थियों का चयन हुआ है।

यूपी PCS: नेहा नाम की 13 बेटियां बनीं अफसर, टॉप 11 में तीन, लड़कों में सबसे ज्यादा 22 अभिषेक

UP News: उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने सम्मिलित राज्य/प्रवर अधीनस्थ सेवा परीक्षा (पीसीएस) 2024 का अंतिम परिणाम रविवार देर रात घोषित कर दिया। नेहा पांचाल ने प्रदेश की सबसे प्रतिष्ठित परीक्षा में टॉप किया है। इसके साथ ही नेहा नाम की 13 बेटियों को सफलता मिली है। इनमें तीन तो टॉप 11 में ही शामिल हैं। लड़कों में सबसे ज्यादा अभिषेक नाम के 11 लड़के हैं।

रिजल्ट की रैंकिंग पर बात करें तो दूसरे स्थान पर उत्तर प्रदेश की अनन्या त्रिवेदी का नाम है। तीसरा स्थान अभय प्रताप सिंह को मिला है। टॉप टेन में छह बेटियां हैं जिसमें से चार उत्तर प्रदेश की हैं। 24 प्रकार के कुल 947 पदों के सापेक्ष 932 पर चयन हुआ है।

Voice of UP

सबसे रोचक बात है कि एसडीएम या डिप्टी कलेक्टर के पद पर नेहा नामराशि की तीन अभ्यर्थी चयनित हुई हैं। ये तीनों टॉप 11 में शामिल है। नेहा पांचाल ने टॉप किया है। नेहा सिंह पांचवें स्थान पर है जबकि नेहा तोमर 11वें स्थान पर हैं। पूजा नाम की छह, गरिमा नाम की पांच, अंकिता नाम की चार, स्नेहा, सृष्टि व दीक्षा नाम की तीन-तीन बेटियों का चयन हुआ है। वहीं पुरुषों में अभिषेक नाम के 22 अभ्यर्थियों का विभिन्न पदों पर चयन हुआ है। विनय नाम के आठ और अविनाश व अनुराग नाम के छह-छह व सचिन नाम के पांच अभ्यर्थी चयनित हुए हैं।

15 पद रह गए खाली

व्यवस्थाधिकारी के एक और व्यवस्थापक के 14 पद योग्य अभ्यर्थी नहीं मिलने के कारण खाली रह गए हैं। आयोग के सचिव अशोक कुमार के अनुसार अभ्यर्थियों के प्राप्तांक तथा श्रेणीवार/पदवार कटऑफ अंकों की सूचनाएं जल्द ही आयोग की वेबसाइट पर प्रदर्शित की जाएंगी। कुल चयनित अभ्यर्थियों में 272 ओबीसी, 186 एससी व 22 एसटी हैं। चयनित अभ्यर्थियों की संस्तुतियां शीघ्र शासन को भेज दी जाएगी।

प्रारंभिक परीक्षा के सवा साल बाद आया परिणाम

प्रयागराज। पीसीएस 2024 की प्रारंभिक परीक्षा के सवा साल बाद अंतिम परिणाम घोषित हो सका। प्रतियोगी छात्रों के विरोध के कारण उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग को कई बार प्रारंभिक परीक्षा की तिथि टालनी पड़ी थी। आखिरकार 22 दिसंबर 2024 को प्रारंभिक परीक्षा कराई जा सकी। प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम 28 फरवरी 2025 को घोषित हुआ और उसके बाद मुख्य परीक्षा 29 जून से दो जुलाई 2025 तक कराई गई। मुख्य परीक्षा का परिणाम सात महीने बाद चार फरवरी को जारी हुआ और 16 फरवरी से 20 मार्च तक साक्षात्कार का आयोजन हुआ। हाईकोर्ट के आदेश पर दो अभ्यर्थियों का साक्षात्कार 23 मार्च को कराया गया था।

पीसीएस 2023 के दो साल बाद अफसरों का चयन

प्रयागराज। पिछले परिणाम से तुलना की जाए तो उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग दो साल बाद पीसीएस का अंतिम परिणाम जारी हुआ है। पीसीएस 2023 का अंतिम परिणाम 23 जनवरी 2024 को घोषित हुआ था। हालांकि पीसीएस 2024 के आयोजन में देरी के कारण इसका सत्र पूरी तरह पटरी से उतर गया और अंतिम परिणाम घोषित करने में दो साल से अधिक का समय लग गया।

आठ साल बाद इतने अफसरों का हुआ चयन

पीसीएस 2024 के परिणाम की खास बात यह है कि आठ साल बाद उत्तर प्रदेश को इतनी बड़ी संख्या में अफसर मिले हैं। पीसीएस 2024 में 947 पद शामिल हैं जबकि इससे पहले पीसीएस 2018 में 976 पदों पर चयन हुआ था। संख्या के लिहाज से उसके बाद 2021 में सर्वाधिक 627 पदों पर चयन हुआ।

कृपया अपने अनुभव को रेट करें

Yogesh Yadav

लेखक के बारे में

Yogesh Yadav

योगेश यादव लाइव हिन्दुस्तान में पिछले छह वर्षों से यूपी सेक्शन को देख रहे हैं। यूपी की राजनीति, क्राइम और करेंट अफेयर से जुड़ी खबरों को कवर करने की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। यूपी की राजनीतिक खबरों के साथ क्राइम की खबरों पर खास पकड़ रखते हैं। यूपी में हो रहे विकास कार्यों, शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में आ रहे बदलाव के साथ यहां की मूलभूत समस्याओं पर गहरी नजर रखते हैं।

पत्रकारिता में दो दशक का लंबा अनुभव रखने वाले योगेश ने डिजिटल से पहले प्रिंट में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। लम्बे समय तक हिन्दुस्तान वाराणसी में सिटी और पूर्वांचल के नौ जिलों की अपकंट्री टीम को लीड किया है। वाराणसी से पहले चड़ीगढ़ और प्रयागराज हिन्दुस्तान को लांच कराने वाली टीम में शामिल रहे। प्रयागराज की सिटी टीम का नेतृत्व भी किया।

बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) से बीकॉम में ग्रेजुएट और बनारस की ही काशी विद्यापीठ से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट योगेश ने कई स्पेशल प्रोजेक्ट पर काम भी किया है। राष्ट्रीय नेताओं के दौरों को कवर करते हुए उनके इंटरव्यू किये। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की मौत से जुड़े रहस्यों पर हिन्दुस्तान के लिए सीरीज भी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।