
यूपी में सर्दी और कोहरे का कहर, गोरखपुर में 14 साल का टूटा रिकॉर्ड; इन जिलों में रेड अलर्ट जारी
यूपी में सर्द हवाएं और कोहरा सितम ढा रहा है। ऊपरी वायु मंडल में हवाओं के बदले रुख के कारण मैदानी इलाकों में शीतलहर का दौर शुरू हो गया है। मौसम विभाग ने शनिवार को भी 50 से अधिक जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है।
यूपी में कड़ाके की सर्दी और घने कोहरे ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। वायुमंडल में बनी 'व्युत्क्रम परत' (इनवर्जन लेयर) और 'प्रति-चक्रवात' की स्थिति से सूरज की तपिश धरती तक नहीं पहुंच पा रही है, जिससे दिन के तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। गोरखपुर में शुक्रवार को दिन का अधिकतम तापमान 15.2 डिग्री सेल्सियस रहा। यह पिछले 14 साल में दिन का सबसे कम तापमान रहा। वहीं ,रात का न्यूनतम तापमान 11.5 डिग्री सेल्सियस रहा। कोहरे के नजरिए से शनिवार को गोरखपुर समेत यूपी के 50 जिलों के लिए घने कोहरे का रेड अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा 40 शहरों में कोल्ड डे यानी शनिवार को बेहद सर्द दिन रहने का पूर्वानुमान जारी किया गया है।
सर्द हवाएं और कोहरा सितम ढा रहा है। आलम यह है कि शुक्रवार को गोरखपुर का अधिकतम और न्यूनतम तापमान शिमला और नैनीताल जैसे पहाड़ी इलाकों से भी कम रहा। उधर, ऊपरी वायु मंडल में हवाओं के बदले रुख के कारण मैदानी इलाकों में शीतलहर का दौर शुरू हो गया है। तेज रफ्तार से ठंडी हवाएं निचले वायुमंडल में आ रही है। जिसके कारण घना से अत्यंत घना कोहरा भी छाया हुआ है। शनिवार को भी मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी किया है।
मौसम विशेषज्ञ केसी पांडेय के मुताबिक करीब 7000 मीटर की ऊंचाई पर एक एंटी साइक्लोन बना हुआ है। तेज रफ्तार से आ रही पछुआ हवा व विपरीत दिशा से आ रही पूरवा के टकराने से एंटी साइक्लोन का निर्माण हुआ है। इसकी वजह से ठंडी हवाएं तेजी से निचले वायुमंडल में आ रही हैं। इसका प्रभाव समूचे पूर्वी यूपी पर दिख रहा है। शुक्रवार को मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी किया था। तड़के से ही आसमान में घना कोहरा छाया रहा। सुबह 5.30 बजे विजिबिलिटी शून्य के करीब रहीं। मौसम विभाग के मुताबिक शनिवार को पूर्वी यूपी के ज्यादातर हिस्सों में रेड अलर्ट रहेगा। नेपाल की तराई से लेकर बिहार के आसपास के सभी इलाकों में अत्यंत घने कोहरे का प्रकोप छाया रहेगा।
इन जिलों में रेड अलर्ट
कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, वाराणसी, संत रविवास नगर, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, कुशीनगर, महराजगंज, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, कानपुर देहात, कानपुर नगर, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, बरेली, पीलीभीत और आसपास के इलाकों में अत्यधिक घना कोहरा रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने इन जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है।

लेखक के बारे में
Pawan Kumar Sharmaपवन कुमार शर्मा पिछले चार वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हैं। डिजिटल मीडिया में काम करते हुए वह उत्तर प्रदेश की राजनीति, क्राइम, सरकारी योजनाओं और टूरिज्म से जुड़े मुद्दों पर नियमित रूप से लिखते हैं। इससे पहले पवन एबीपी न्यूज के साथ बतौर फ्रीलांसर काम कर चुके हैं। पवन ने नई दिल्ली स्थित भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से रेडियो एवं टेलीविजन पत्रकारिता की पढ़ाई की है। इससे पहले क्राइस्ट चर्च कॉलेज, कानपुर से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया। ग्राउंड रिपोर्टिंग और अकादमिक समझ के साथ पवन तथ्यात्मक, संतुलित और पाठक-केंद्रित समाचार लेखन करते हैं।
और पढ़ें



