UP Weather: बर्फीली हवाओं से कांपा यूपी, कई जिलों में घने से बेहद घने कोहरे का अलर्ट
यूपी में अब बर्फीली हवाओं ने पूरे प्रदेश को अपनी आगोश में ले लिया है। प्रदेश के अधिकतर जिलों में दिन में तापमान 20 डिग्री के ऊपर नहीं जा पाया। सतह से ऊपर छायी कोहरे की घनी चादर ने दिन के तापमान पर अंकुश लगा दिया। कई जिलों में मंगलवार को भी घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है।

यूपी में अब बर्फीली हवाओं ने पूरे प्रदेश को अपनी आगोश में ले लिया है। प्रदेश के अधिकतर जिलों में दिन में तापमान 20 डिग्री के ऊपर नहीं जा पाया। सूबे में सबसे सर्द दिन मुजफ्फर नगर का रहा। यहां अधिकतम तापमान 13.4 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान 11.2 डिग्री दर्ज किया गया। सतह से ऊपर छायी कोहरे की घनी चादर ने दिन के तापमान पर अंकुश लगा दिया। कई जिलों में मंगलवार को भी घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम में बदलवा की वजह सतह पर दिन के समय 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही पछुआ हवा है। मौसम विभाग के अनुसार दिन के तापमान में सबसे अधिक गिरावट बहराइच में दर्ज की गई। यहां एक दिन पहले तापमान 26 डिग्री था जो सोमवार को 15.6 डिग्री रहा। यानी कल के मुकाबले 10.4 डिग्री पारा लुढ़का। सबसे सर्द रात बुलंदशहर की रही जहां न्यूनतम तापमान 6.0 डिग्री दर्ज किया गया।
इसके अलावा 9.0 डिग्री के साथ अयोध्या दूसरे नम्बर पर रहा। वहीं, फतेहगढ़ का 9.2 और इटावा का न्यूनतम तापमान 9.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अमौसी स्थित मौसम केन्द्र के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ गुजरने के बाद खाली जगह को पछुआ तेजी से भर रही है। हाल ही में पहाड़ी इलाकों में जबरदस्त बर्फबारी हुई है। ऐसे में इन पहाड़ों के बीच से होकर आ रही पछुआ गलन बढ़ा रही है।
प्रयागराज में 7.0 डिग्री लुढ़का पारा
प्रयागराज में बारिश के बाद मौसम में आए बदलाव से ठंड अधिक बढ़ गई। सूरज के दर्शन नहीं हुए। शाम होते ही ठंड का कहर और बढ़ गया। रविवार को दिन का तापमान 24.4 डिग्री सेल्सियस था, जो सोमवार को लुढ़ककर 17.4 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। यानी दिन के तापमान में 07 डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज गयी। वहीं 24 घंटे में रात के तापमान में 2.9 डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गयी।