UP Weather: यूपी में मौसम का यू-टर्न, मार्च में अचानक लौटा घना कोहरा, चिलचिलाती धूप से राहत

Pawan Kumar Sharma लाइव हिन्दुस्तान, मेरठ
share

यूपी के कई जिलों में मौसम ने अचानक करवट बदल ली। एक ओर जहां दिन में तापमान 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। वहीं, मंगलवार सुबह घना कोहरा छा गया। मेरठ, कौशांबी, कानपुर देहात, बांदा समेत कई जिले कोहरे के आगोश में सिमटा नजर आया। 

UP Weather: यूपी में मौसम का यू-टर्न, मार्च में अचानक लौटा घना कोहरा, चिलचिलाती धूप से राहत

UP Weather: यूपी के कई जिलों में मौसम ने अचानक करवट बदल ली। घने कोहरे के साथ दिन का आगाज हुआ। मेरठ, बुलंदशहर, बागपत, कौशांबी, कानपुर देहात, बांदा समेत कई जिले घने कोहरे के आगोश में सिमटा नजर आया। एक ओर जहां दिन में तापमान 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। वहीं, मंगलवार सुबह घना कोहरा छा गया। आसमान में कोहरे की धुंध छाने से हाई वे व प्रमुख सड़कों पर फर्राटा भरने वाले वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ गई। वहीं बदले मौसम में गर्मी से परेशान लोगों ने राहत महसूस की।

यूपी में मौसम बार-बार करवट बदल रहा है। पिछले कई दिनों से तेज धूप के साथ तापमान में इजाफा हो रहा था। सोमवार को तेज धूप के साथ पारा सामान्य से करीब सात डिग्री ऊपर जाकर 35 डिग्री तक पहुंच गया था। मार्च में ही अप्रैल जैसा तल्ख़ मौसम होने से जान जीवन अस्त व्यस्त हो रहा था। लेकिन मंगलवार को मौसम ने अचानक करवट बदली।

Voice of UP

18-19 तक बारिश की संभावना

घने कोहरे व ठंडी हवा के साथ दिन शुरू हुआ। कोहरे के आगोश में सिमटने से हाई वे व प्रमुख सड़कों पर फर्राटा भरने वाले वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ गई। वहीं ठंडी हवा चलने से लोगों को तल्ख़ मौसम से राहत मिली। सीएसए के मौसम विभाग के तकनीकी अधिकारी अजय मिश्र ने बताया कि 14 मार्च से आसमान में बदली छाने के साथ तेज हवा चलने के साथ ही 18 व 19 मार्च को बारिश होने कि भी संभावना है।

बुंदेलखंड में भी घना कोहरा

बुंदेलखंड में भी मार्च के महीने में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल गया है। मंगलवार सुबह घना कोहरा छा गया। जिससे हाईवे पर वाहनों की रफ्तार थम सी गई। जिससे वाहन रेंगते नजर आए। आमजन में यह चर्चा है खाड़ी देशों में युद्ध के कारण यहां का वातावरण प्रदूषित हो रहा है। सोमवार करीब रात 12 बजे से वातावरण में धीरे धीरे धुएं की धुंध छाना शुरू हो गया, जो सुबह तक घने कोहरे के रूप में तब्दील हो गया। धुंध से सुबह सात बजे तक वाहन हेड लाइट जलाकर धीरे धीरे चलते नजर आए तो छात्र छात्राएं भी धुंध के बीच से होकर स्कूल जाते दिखे।

धुंध की चादर में लिपटा शामली

शामली में भी धुंध की चादर छाई रही, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ है। सुबह के समय दृश्यता में आई भारी कमी के कारण हाईवे पर दौड़ने वाले वाहनों की रफ्तार पर ब्रेक लग गए। धुंध के इस प्रकोप ने मौसम का मिजाज भी बदल दिया, जिससे हल्की ठंड का एहसास होता रहा। कांधला में दिल्ली बस स्टैंड दिल्ली नेशनल हाईवे के मुख्य मार्गों पर सुबह-सुबह धुंध का यह आलम यह था कि लोगों को सामने चल रहे वाहन भी धुंधले दिखाई दे रहे थे। सबसे अधिक असर हाईवे पर पर देखने को मिला। बढ़ते हादसों के खतरे को देखते हुए वाहन चालकों ने लाइटें जलाकर और सतर्कता बरती।

बे-मौसम कोहरे की चादर में लिपटा बुलंदशहर

बुलंदशहर में सुबह बे-मौसम कोहरे की चादर छाई रही। मार्च माह में तीसरी बार कोहरा पड़ने से मौसम का मिजाज बदला-बदला नजर आया। कोहरे के कारण सुबह के समय दृश्यता कम होने से वाहन चालकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा, जबकि राहगीरों की परेशानी भी बढ़ गई। मार्च के महीने में बार-बार कोहरा पड़ने से मौसम विज्ञानी भी हैरान हैं।

उनका कहना है कि मौसम में अचानक हो रहे बदलाव के कारण ऐसी स्थिति बन रही है। वहीं, कोहरे के चलते सुबह के समय वाहन चालकों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। न्यूनतम तापमान 18 और अधिकतम 33 डिग्री सेल्सियस पर रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक आगामी दिनों में तापमान में बढ़ोतरी के साथ बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। इस दौरान बारिश होने की संभावना है।

Pawan Kumar Sharma

लेखक के बारे में

Pawan Kumar Sharma

पवन कुमार शर्मा पिछले चार वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हैं। डिजिटल मीडिया में काम करते हुए वह उत्तर प्रदेश की राजनीति, क्राइम, सरकारी योजनाओं और टूरिज्म से जुड़े मुद्दों पर नियमित रूप से लिखते हैं। इससे पहले पवन एबीपी न्यूज के साथ बतौर फ्रीलांसर काम कर चुके हैं। पवन ने नई दिल्ली स्थित भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से रेडियो एवं टेलीविजन पत्रकारिता की पढ़ाई की है। इससे पहले क्राइस्ट चर्च कॉलेज, कानपुर से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया। ग्राउंड रिपोर्टिंग और अकादमिक समझ के साथ पवन तथ्यात्मक, संतुलित और पाठक-केंद्रित समाचार लेखन करते हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।