
UP Weather AQI: दिवाली के बाद यूपी के कई शहरों में एक्यूआई 250 पार, अगले हफ्ते तक बढ़ेगी ठंड
संक्षेप: दिवाली पर जोरदार आतिशबाजी और हवा की गति धीमी पड़ने से मंगलवार से ही दिल्ली से सटे पूरे पश्चिम यूपी में प्रदूषण का स्तर खतरनाक श्रेणी में है। मेरठ में औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 250 के पार दर्ज किया गया।
दिवाली पर जोरदार आतिशबाजी और हवा की गति धीमी पड़ने से मंगलवार से ही दिल्ली से सटे पूरे पश्चिम यूपी में प्रदूषण का स्तर खतरनाक श्रेणी में है। मेरठ में औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 250 के पार दर्ज किया गया। मेरठ सहित आसपास के जिलों में मंगलवार को जहरीली हवा का जाल रहा। वेस्ट यूपी के अधिकांश जिलों में हवा की गुणवत्ता खराब से अत्यधिक खराब श्रेणी में रही। प्रदूषकों के स्तर में व्यापक बढ़ोतरी दर्ज की गई। मेरठ के पास गाजियाबाद, नोएडा, हापुड़ और ग्रेटर नोएडा में हवा अत्यधिक खराब श्रेणी में रही।

आंकड़ों के अनुसार मुरादाबाद, बागपत, बुलंदशहर एवं मुजफ्फरनगर में भी सांसों पर संकट पसरा रहा। रविवार को दिल्ली में ग्रैप का दूसरा चरण लागू होने के बाद भी दीपावली के दिन (सोमवार) प्रदूषण बहुत खराब स्तर में पहुंच गया। दिल्ली और आसपास के इलाकों में धुंध की चादर छा गई और दृश्यता का स्तर घट गई।
धूल-धुएं के गुबार में घुट गईं सांसें
पश्चिम यूपी के लगभग सभी जिलों की हवा जहरीली आंकी गई। धूल और धुएं का गुबार हवा में महसूस हुआ। सांस लेने में तकलीफ के साथ ही आंखों में भी जलन रही। वहीं, पूर्वी यूपी में एक्यूआई 200 के नीचे ही रहा। जिलों में प्रदूषण रहा लेकिन ये तेजी से कम भी हो गया।
पश्चिम यूपी में चारों ओर फैला जहरीली हवा का जाल
पश्चिम यूपी के मेरठ सहित आसपास के जिलों में जहरीली हवा का जाल रहा। वेस्ट यूपी के अधिकांश जिलों में हवा की गुणवत्ता खराब से अत्यधिक खराब श्रेणी में रही। केवल आगरा और खुर्जा दो ऐसे स्थान ऐसे रहे, जहां दीपावली के बाद हवा की गुणवत्ता मध्यम श्रेणी में रही। 19-21 अक्तूबर के बीच मंगलवार को प्रदूषकों का स्तर सबसे कम रहा। मेरठ के पास गाजियाबाद, नोएडा, हापुड़ और ग्रेटर नोएडा में हवा अत्यधिक खराब श्रेणी में रही। बागपत, बुलंदशहर, मुजफ्फरनगर, मुरादाबाद, में भी सांसों पर संकट पसरा रहा।
बारिश दिलाएगी मेरठ को राहत
बढ़े प्रदूषकों से राहत अब केवल हवा की तेज रफ्तार या फिर बारिश से ही संभव है। मेरठ में 10 दिनों से हवा की गति शून्य है। ऐसे में प्रदूषक एक ही स्थान पर बने हुए हैं। यदि हवा की गति नहीं बढ़ी तो बारिश इन प्रदूषकों को धो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार आज उत्तराखंड एवं हिमाचल में कुछ हिस्सों में हल्की बारिश के आसार हैं। इसके बाद अगले 48 घंटों में मैदानों में उत्तर-पश्चिमी हवाओं की रफ्तार बढ़ने की उम्मीद है। मंगलवार को कुछ हिस्सों में बूंदाबांदी हुई।
बदलेगा मौसम
मौसम विभाग का कहना है कि बारिश के बाद मौसम में बदलाव हो सकता है। अगले हफ्ते तक मौसम में सर्दी का एहसास होगा।





