
UP Weather: दीपावली पर पश्चिम से लेकर पूर्वी यूपी की हवा प्रदूषित, मौसम में बढ़ी गर्मी
छोटी दीपावली पर ही यूपी में पश्चिम से लेकर पूर्व तक अधिकांश शहरों की आबोहवा बुरी तरह बिगड़ गई है। कई इलाकों में प्रदूषण का स्तर ‘पुअर’ श्रेणी में आ चुका है। हवाओं में कार्बन मोनोऑक्साइड और धूल की मौजूदगी सर्वाधिक है।
छोटी दीपावली पर ही यूपी में पश्चिम से लेकर पूर्व तक अधिकांश शहरों की आबोहवा बुरी तरह बिगड़ गई है। कई इलाकों में प्रदूषण का स्तर ‘पुअर’ श्रेणी में आ चुका है। हवाओं में कार्बन मोनोऑक्साइड और धूल की मौजूदगी सर्वाधिक है। खुले में निकलते ही खांसी हो रही है और आंखों में करकराहट तथा पानी आने लगा है। हर साल दीपावली के आसपास हवाएं सबसे अधिक खराब रहती हैं। साफ-सफाई के दौरान निकलने वाला कूड़ा, गंदगी और रंगाई-पुताई से उड़ने वाली धूल हवाओं में मिल जाती है। इसके साथ बाजारों और सड़कों पर भीड़ तथा वाहनों की अधिक आवाजाही के कारण प्रदूषण और बढ़ गया है।

प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के लगभग सभी क्षेत्रों में स्तर बहुत बढ़ चुका है। कई इलाकों में एक्यूआई 250 माइक्रोग्राम प्रति क्यूबिक मीटर को पार कर चुका है, जो पुअर श्रेणी में आता है। हवाओं में धूल के सूक्ष्म कण सर्वाधिक हैं। सल्फर और कार्बन मोनोऑक्साइड भी हवा में मौजूद हैं। इन तीनों तत्वों की जुगलबंदी से हवाएं बेहद दूषित हो गई हैं। हालात इतने खराब हैं कि खुली हवा में सांस लेना मुश्किल है और बाहर निकलते ही खांसी होने लगती है। हवाओं की यह स्थिति सप्ताह भर तक बनी रह सकती है। दीपावली पर आतिशबाजी के बाद प्रदूषण और धुंध और बढ़ जाएगी।
त्योहार पर पारा हाई, 33 डिग्री पार तापमान
यूपी में दीपोत्सव पर तापमान हाई है। रविवार को दिन का पारा 33 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया। आगे भी यही स्थिति रहने के आसार हैं। दोपहर गर्म रहेगा, जबकि सुबह और शाम अपेक्षाकृत ठंडी रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने दीपावली पर तापमान में हल्की बढ़ोतरी के संकेत दिए थे और ऐसा हो भी रहा है। आम तौर पर दीपावली पर तापमान में गिरावट आने की संभावना रहती है। रविवार को छोटी दीपावली पर अधिकतम तापमान 33.5 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.6 डिग्री कम होकर 19.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।





