UP Weather: आंधी-बारिश से मौसम बदला और गिरा पारा, तेज हवा संग आज फिर बरसेंगे बादल

Srishti Kunj हिन्दुस्तान टीम, लखनऊ
share

मौसम विभाग ने रविवार को प्रदेश के 26 जिलों के लिए आंधी-बारिश के साथ ओले और बिजली गिरने का ऑरेन्ज अलर्ट जारी किया है। उत्तरी पाकिस्तान से आए पश्चिमी विक्षोभ ने शनिवार को कानपुर, बुंदेलखंड, बृज मंडल और सेंट्रल यूपी के कई जिलों में कहर बरपाया।

UP Weather: आंधी-बारिश से मौसम बदला और गिरा पारा, तेज हवा संग आज फिर बरसेंगे बादल

उत्तरी पाकिस्तान से आए पश्चिमी विक्षोभ ने शनिवार को कानपुर, बुंदेलखंड, बृज मंडल और सेंट्रल यूपी के कई जिलों में कहर बरपाया। कई जगह ओलावृष्टि से फसलों को खासा नुकसान पहुंचा। तेज आंधी-बारिश से हुए हादसों में चार लोगों की जान चली गई जबकि 11 लोग घायल हो गए। मौसम विभाग ने रविवार को प्रदेश के 26 जिलों के लिए आंधी-बारिश के साथ ओले और बिजली गिरने का ऑरेन्ज अलर्ट जारी किया है।

कानपुर और आसपास 70 किमी की रफ्तार से तूफानी हवाएं चलीं। यहां 21.4 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। काकादेव में पेड़ गिरने से महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई वहीं कासगंज के गंजडुंडवारा क्षेत्र के गांव नवादा के पास पेड़ गिरने से बाइक सवार भाई-बहन की मौत हो गई और दो लोग घायल भी हुए। उधर, आगरा के मई बुजुर्ग गांव में मकान गिरन से नौ लोग घायल हो गए। हमीरपुर, बांदा और जालौन में फसलों को भारी नुकसान पहुंचा। कुछ जानवर भी मर गए। लखनऊ में भी तेज आंधी पानी से पारा गिर गया। तेज हवाओं से कई इलाकों की बिजली ठप हो गई। देर रात तक कर्मचारी बिजली बहाल करने में जुटे रहे।

Voice of UP

आंधी-बारिश से गिरा पारा,तेज हवा ने उड़ाई बिजली

बादल तो सुबह से लेकर दोपहर तक कई बार छाए लेकिन बिना बरसे चले गए। शाम को यूपी के कई शहरों के मौसम में तेज बदलाव आया। अचानक बादलों की परत गहरा गई और आंधी के साथ तेज बारिश शुरू हो गई। वर्षा का यह सिलसिला देर रात तक चला। 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चली जिससे कई इलाकों में बिजली गुल हो गई। शहरों के प्रमुख इलाके देर तक अंधेरे में रहे।

राजधानी लखनऊ में अमौसी स्थित मौसम मुख्यालय के अनुसार शाम को लखनऊ में एयरपोर्ट की ओर 16 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। ट्रांस गोमती में कुर्सी रोड पर ऑटोमैटिक वेदर स्टेशन पर 1.6 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। इस लिहाज से शहर के सिस गोमती क्षेत्र से लेकर ट्रांस गोमती में गोमती नगर और इन्दिरा नगर के कुछ हिस्सों में बारिश ज्यादा रही। बादलों की आवाजाही से दिन के तापमान में आंशिक गिरावट हुई। यह 35.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रात का न्यूनतम तापमान सामान्य से 3.7 डिग्री अधिक 22.2 रहा। अमौसी स्थित मौसम मुख्यालय के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार यह बारिश पश्चिमी विक्षोभ के असर से हुई है। रविवार को भी बारिश का अनुमान है।

जगह-जगह लगा जाम देर तक रेंगते रहे वाहन

बारिश के बीच पॉलीटेक्निक समेत लखनऊ शहर के कई हिस्सों में जाम लग गया। सड़क पर किनारे पानी भरा होने की वजह से दो पहिया चालक बच के निकल रहे थे। ऐसे में जाम की स्थिति बन गई। लोहिया पथ, शहीद पथ के अंडरपास और मेट्रो पुल के नीचे बारिश से बचने के लिए दो पहिया वाहन रुक गए। बेतरतीब खड़े दो पहिया वाहनों ने भी संकट बढ़ाया।

कृपया अपने अनुभव को रेट करें

Srishti Kunj

लेखक के बारे में

Srishti Kunj

सृष्टि कुंज एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें मीडिया इंडस्ट्री में एक दशक से अधिक का अनुभव है। वर्तमान में वह लाइव हिन्दुस्तान में कार्यरत हैं। उन्होंने पंजाब केसरी ग्रुप के नवोदय टाइम्स और इंडिया न्यूज जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों के साथ काम किया है, जहां उन्होंने नेशनल और दिल्ली डेस्क के लिए कंटेंट क्रिएशन और मल्टीमीडिया स्टोरीटेलिंग में अपनी स्किल्स को निखारा है। सृष्टि कुंज लाइव हिन्दुस्तान में लगभग 6 वर्षों से यूपी की टीम संग काम कर रही हैं। 2020 से वह हिन्दुस्तान डिजिटल के लिए उत्तर प्रदेश की राजनीति, क्राइम, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य बीटों से जुड़ीं खबरें लिखती हैं। सृष्टि ने अपनी स्कूलिंग के बाद एनिमेशन की पढ़ाई की और फिर बतौर एनिमेटर एक विदेशी गेम के लिए कैरेक्टर डिजाइनिंग की। इसके बाद सृष्टि ने मॉस कम्यूनिकेशन और जर्नलिजम में स्नातक की डिग्री हासिल की। एक दशक से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय सृष्टि ने जर्नलिज्म एंड मास कॉम में डिग्री लेकर पंजाब केसरी ग्रुप के दिल्ली संस्करण नवोदय टाइम्स की डिजिटल टीम के साथ अपने करियर की शुरुआत की थी। 3 साल नवोदय टाइम्स से जुड़े रहने के बाद सृष्टि ने इंडिया न्यूज की डिजिटल टीम (इनखबर) की नेशनल डेस्क के साथ भी काम किया। 2020 से सृष्टि लाइव हिन्दुस्तान की डिजिटल टीम के साथ अब ट्रेंड्स के अनुसार पाठकों तक यूपी की हर खबर को पहुंचा रही हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।