UP Weather: यूपी में आज तेज बारिश के आसार, भदोही व कौशांबी में सूखे जैसे हालात
UP Weather: यूपी में मॉनसून ने दस्तक दे दी है। मौसम विभाग के अनुसार यूपी के कई इलाकों में आज तेज बारिश के आसार हैं। बारिश से कई इलाकों के पारे में कमी आने से गर्मी से राहत मिली है। वहीं, बारिश न होने के कारण भदोही व कौशांबी में सूखे जैसे हालात हो गए हैं।

यूपी के कई शहरों में बुधवार को मॉनसून का प्रभाव सुबह से ही दिखा। समूचा आसमान काले बादलों ने ढंक लिया हालांकि बौछार कुछ ही इलाकों में पड़ी। हवा में नमी बढ़ने की वजह से तापमान की गिरावट के बावजूद भी उमस बढ़ी रही। गुरुवार को वर्षा की तीव्रता और दायरा बढ़ने का पूर्वानुमान मौसम विभाग ने जताया है।
राजधानी लखनऊ के अमौसी स्थित मौसम मुख्यालय के अनुसार दक्षिण पश्चिम मॉनसून आज उत्तरी अरब सागर तथा गुजरात के कुछ और हिस्सों, संपूर्ण दमन एवं दीव, मध्य प्रदेश एवं उत्तर प्रदेश के कुछ और हिस्सों से पहाड़ी इलाकों में आगे बढ़ा। इसने उत्तराखंड, हिमाचल और जम्मू कश्मीर के हिस्सों में प्रवेश कर लिया है। इसकी उत्तरी सीमा यूपी के आजमगढ़, अयोध्या से होते हुए गुजर रही है। प्रदेश में मानसून का प्रभाव और व्यापक होने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं।
इसके अलावा हवा के निचले क्षोभमंडल पर 0.9 किमी की ऊंचाई तक एक ट्रफ लाइन पंजाब से यूपी होते हुए उत्तरी बंगाल की खाड़ी तक जा रही है। इसकी वजह से प्रदेश के मध्य हिस्से के ऊपर एक चक्रवाती यानी तूफानी प्रभाव बना हुआ है। इसकी वजह से वर्षा में तीव्रता बढ़ सकती है । वहीं बुधवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 1.1 डिग्री कम 34.8 दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान 28.5 डिग्री सेल्सियस रहा।
यूपी में 54% कम वर्षा, भदोही व कौशांबी में सूखे जैसे हालात
जून में बारिश ने निराश किया और तपिश-उमस के दिन बढ़ गए। अमौसी स्थित यूपी-उत्तराखंड मौसम मुख्यालय के अनुसार जून में सामान्य के मुकाबले 54 फीसदी कम वर्षा दर्ज की गई। पूर्वी उत्तर प्रदेश में 58 फीसदी और वेस्ट के जिलों में 47 फीसदी कम बारिश हुई। इससे भदोही व कौशांबी में सूखे जैसे हालात बन गए। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि जुलाई में भी इस साल औसत से कम वर्षा होगी। साथ ही दिन और रात के तापमान भी सामान्य से ज्यादातर दिन अधिक रहने का पूर्वानुमान है।
11 जिलों में ठीक या ज्यादा बरसा पानी
मौसम के बदले चक्र और मिजाज ने सूबे के पूर्वी हिस्से को ज्यादा प्रभावित किया। इस हिस्से के 40 से अधिक जिलों में केवल गोंडा ही ऐसा रहा, जहां जून में सामान्य से अधिक (16% ज्यादा) बारिश दर्ज की गई। गोंडा में सामान्य 138.7 मिमी के मुकाबले 161.0 मिमी पानी बरसा।
इन जिलों में 99% तक कम बारिश
अंबेडकरनगर, अमेठी, बांदा, बाराबंकी, भदोही, चंदौली, चित्रकूट, देवरिया, फतेहपुर, जौनपुर, कानपुर देहात, कुशीनगर, लखनऊ, मऊ, मिर्जापुर, प्रतापगढ़, प्रयागराज, सिद्धार्थनगर, सीतापुर, सोनभद्र, उन्नाव, वाराणसी, अलीगढ़, अमरोहा, बिजनौर, गौतमबुद्ध नगर, गाजियाबाद, जालौन, झांसी, महोबा, मैनपुरी, पीलीभीत, सहारनपुर, शाहजहांपुर, शामिली आदि जिलों में स्थिति खराब रही और यहां 99 फीसदी से भी कम बारिश दर्ज की गई है।
लेखक के बारे में
Srishti Kunjसृष्टि कुंज एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें मीडिया इंडस्ट्री में एक दशक से अधिक का अनुभव है। वर्तमान में वह लाइव हिन्दुस्तान में कार्यरत हैं। उन्होंने पंजाब केसरी ग्रुप के नवोदय टाइम्स और इंडिया न्यूज जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों के साथ काम किया है, जहां उन्होंने नेशनल और दिल्ली डेस्क के लिए कंटेंट क्रिएशन और मल्टीमीडिया स्टोरीटेलिंग में अपनी स्किल्स को निखारा है। सृष्टि कुंज लाइव हिन्दुस्तान में लगभग 6 वर्षों से यूपी की टीम संग काम कर रही हैं। 2020 से वह हिन्दुस्तान डिजिटल के लिए उत्तर प्रदेश की राजनीति, क्राइम, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य बीटों से जुड़ीं खबरें लिखती हैं। सृष्टि ने अपनी स्कूलिंग के बाद एनिमेशन की पढ़ाई की और फिर बतौर एनिमेटर एक विदेशी गेम के लिए कैरेक्टर डिजाइनिंग की। इसके बाद सृष्टि ने मॉस कम्यूनिकेशन और जर्नलिजम में स्नातक की डिग्री हासिल की। एक दशक से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय सृष्टि ने जर्नलिज्म एंड मास कॉम में डिग्री लेकर पंजाब केसरी ग्रुप के दिल्ली संस्करण नवोदय टाइम्स की डिजिटल टीम के साथ अपने करियर की शुरुआत की थी। 3 साल नवोदय टाइम्स से जुड़े रहने के बाद सृष्टि ने इंडिया न्यूज की डिजिटल टीम (इनखबर) की नेशनल डेस्क के साथ भी काम किया। 2020 से सृष्टि लाइव हिन्दुस्तान की डिजिटल टीम के साथ अब ट्रेंड्स के अनुसार पाठकों तक यूपी की हर खबर को पहुंचा रही हैं।
और पढ़ें

