बरेली में आंधी-बारिश का कहर! 14 घंटों से बिजली संकट झेल रहे कई इलाके, पानी किल्लत बढ़ी
बरेली में आंधी-बारिश ने भारी तबाही मचा दी है। 14 घंटे से कई इलाकों में बिजली गुल है। बुधवार रात आई आंधी- बारिश से शहर से गांव तक भारी नुकसान हुआ। कई जगहों पर पेड़, यूनीपोल और बिजली के खंभे टूटकर गिरे हैं। हाईटेंशन लाइन क्षतिग्रस्त होने से पूरे जिले की बिजली आपूर्ति ठप है।

बुधवार रात आयी आंधी-बारिश ने एक बार फिर से यूपी के बरेली में शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों की विद्युत व्यवस्था चौपट कर दी। करीब 85 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से चली आंधी में 33 केवी, 11 केवी लाइनों पर कई जगहों पर पेड़ के साथ ही उनकी टहनियां गिर गई। कई जगहों पर बिजली के पोल टूटकर गिर गए तो कहीं पर ट्रांसफार्मर पोल समेत टूटकर गिर गए। 14 घंटे से कई इलाकों की बिजली गुल है। बुधवार रात आई आंधी- बारिश से शहर से गांव तक भारी नुकसान हुआ। पुलिस, प्रशासन, बिजली विभाग और अग्निशमन टीमें राहत कार्य में जुटी हुई हैं। 24 घंटे में भी व्यवस्था सामान्य होने की उम्मीद नहीं है।
बिजली विभाग और प्रशासन ने धैर्य बनाए रखने की अपील की है। शाहजहांपुर, पीलीभीत, बदायूं और लखीमपुर खीरी में भी जगह-जगह पेड़ गिरने से कई इलाकों की बत्ती गुल हो गई है। तेज आंधी-बारिश के कारण शहर के सभी 26 बिजली उपकेंद्रों समेत पूरे ग्रामीण क्षेत्रों में कई घंटे ब्लैक आउट रहा।आंधी-बारिश के कारण शहर से लेकर देहात तक की विद्युत आपूर्ति ट्रांसमिशन से ही बंद कर दी गई।
एक घंटे के करीब चली आंधी-बारिश के धीमा होने के बाद ट्रांसमिशन से विद्युत आपूर्ति सुचारू की गई लेकिन पांच दर्जन से अधिक पेड़ 33 केवी व 11 केवी लाइनों में गिरने के कारण विद्युत आपूर्ति आधे से अधिक शहर में बिजली पूरी रात ठप रही। बारिश के कारण विद्युत कर्मी भी बिजली के पोल में चढ़ने से बचते रहे।
देर रात बारिश बंद होने के बाद पेट्रोलिंग कर दोहना, बालीपुर, सीबीगंज ट्रांसमिशन से विद्युत उपकेंद्रों को पहुंचने वाली 33 केवी लाइनों को चेक किया गया। देर रात में ही फॉल्टों को सही कर विद्युत आपूर्ति सुचारू करने का प्रयास कर्मचारी करने में जुटे रहे। वहीं सुभाष नगर में बंच केबल जलने के कारण दिन में लोगों को बिजली संकट झेलना पड़ा। इसी तरह कोहड़ापीर के गांधीनगर फीडर का डीओ उड़ने के कारण बिजली संकट रहा। हरुनगला के सरस्वती विहार में एलटी लाइन का तार टूटने के कारण बिजली कटौती हुई। वहीं रामगंगा नगर के पास बनी रामवैली में बंच केबल जलने के कारण बिजली संकट रहा। लोग गर्मी के कारण बिजली समस्या के समाधान के लिए पावर हाउस पर फोनकर जानकारी लेते रहे।
85 किमी की रफ्तार से चली हवा
भीषण गर्मी और उमस से जूझ रहे शहरवासियों को बुधवार रात आंधी और बारिश ने राहत दिलाई। करीब आधे घंटे तक चली तेज आंधी के बाद शहर और आसपास के कई इलाकों में बारिश हुई। बादल गरजते रहे और बारिश थमने के बाद भी बूंदाबांदी जारी रही। करीब 85 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से चली आंधी के कारण कई स्थानों पर पेड़ और टहनियां टूटकर सड़कों पर गिर गईं, जिससे यातायात भी प्रभावित हुआ।बुधवार को दिन में अधिकतम तापमान 40.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। सुबह हल्के बादलों के बाद धूप निकली और दोपहर तक मौसम गर्म बना रहा। शाम होते-होते मौसम ने अचानक करवट ली और तेज हवाएं चलने लगीं।
लेखक के बारे में
Srishti Kunjसृष्टि कुंज एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें मीडिया इंडस्ट्री में एक दशक से अधिक का अनुभव है। वर्तमान में वह लाइव हिन्दुस्तान में कार्यरत हैं। उन्होंने पंजाब केसरी ग्रुप के नवोदय टाइम्स और इंडिया न्यूज जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों के साथ काम किया है, जहां उन्होंने नेशनल और दिल्ली डेस्क के लिए कंटेंट क्रिएशन और मल्टीमीडिया स्टोरीटेलिंग में अपनी स्किल्स को निखारा है। सृष्टि कुंज लाइव हिन्दुस्तान में लगभग 6 वर्षों से यूपी की टीम संग काम कर रही हैं। 2020 से वह हिन्दुस्तान डिजिटल के लिए उत्तर प्रदेश की राजनीति, क्राइम, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य बीटों से जुड़ीं खबरें लिखती हैं। सृष्टि ने अपनी स्कूलिंग के बाद एनिमेशन की पढ़ाई की और फिर बतौर एनिमेटर एक विदेशी गेम के लिए कैरेक्टर डिजाइनिंग की। इसके बाद सृष्टि ने मॉस कम्यूनिकेशन और जर्नलिजम में स्नातक की डिग्री हासिल की। एक दशक से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय सृष्टि ने जर्नलिज्म एंड मास कॉम में डिग्री लेकर पंजाब केसरी ग्रुप के दिल्ली संस्करण नवोदय टाइम्स की डिजिटल टीम के साथ अपने करियर की शुरुआत की थी। 3 साल नवोदय टाइम्स से जुड़े रहने के बाद सृष्टि ने इंडिया न्यूज की डिजिटल टीम (इनखबर) की नेशनल डेस्क के साथ भी काम किया। 2020 से सृष्टि लाइव हिन्दुस्तान की डिजिटल टीम के साथ अब ट्रेंड्स के अनुसार पाठकों तक यूपी की हर खबर को पहुंचा रही हैं।
और पढ़ें

