UP Weather: पश्चिम में बारिश, पूर्वी यूपी में घने कोहरे और कोल्ड डे का अलर्ट
शनिवार सुबह यूपी के कई स्थानों पर दृश्यता शून्य रही। अमौसी स्थित मौसम मुख्यालय के अनुसार बरेली, कानपुर, अलीगढ़, आगरा, सरसावा, हिंडन और आजमगढ़ में कोहरे की वजह से दृश्यता शून्य तक पहुंच गई। वहीं, मेरठ, लखनऊ, वाराणसी, फुर्सतगंज और बलिया में 10-50 मीटर तक दृश्यता दर्ज की गई।

UP Weather Update: उत्तर प्रदेश में एक बार फिर मौसम का उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। अगले दो से तीन दिन प्रदेश के कई जिलों में मौसम अलग रंग दिखाएगा। रविवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में गरज चमक के साथ बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विज्ञानियों के अनुसार कुछ जगहों पर तेज हवाएं चल सकती हैं। इसकी रफ्तार 40 किलोमीटर प्रतिघंटे से अधिक रह सकती है।
शनिवार को कानपुर, लखनऊ समेत कई शहर बर्फीली हवा से ठिठुर गए। कानपुर में अधिकतम तापमान 9.5 डिग्री नीचे आ गया। वहीं, कई शहरों में दृश्यता शून्य तक पहुंच गई। मौसम विभाग के मुताबिक शनिवार की सुबह प्रदेश के कई स्थानों पर दृश्यता शून्य रही। अमौसी स्थित मौसम मुख्यालय के अनुसार बरेली, कानपुर, अलीगढ़, आगरा, सरसावा, हिंडन और आजमगढ़ में कोहरे की वजह से दृश्यता शून्य तक पहुंच गई। वहीं, मेरठ, लखनऊ, वाराणसी, फुर्सतगंज और बलिया में 10-50 मीटर तक दृश्यता दर्ज की गई। रविवार को देवरिया, गोरखपुर, बस्ती, गोंडा, बलरामपुर और लखीमपुर खीरी समेत तराई क्षेत्र में घने या बेहद घने कोहरे का यलो अलर्ट है।
प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान कानपुर में सबसे ठंडा दिन रहा। यहां दिन का तापमान सामान्य से 9.5° नीचे गिरकर मात्र 14.4 डिग्री दर्ज किया गया। अलीगढ़ (14.6°) और हमीरपुर (14.7 डिग्री) में भी पारा सामान्य से 7-8 डिग्री कम रहा। मुजफ्फरनगर 6.6 और मेरठ 6.8 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे ठंडी रातें गुजार रहे हैं।
बारिश, बिजली और ओलावृष्टि का अलर्ट
मौसम विज्ञानियों के अनुसार, एक नए विक्षोभ के सक्रिय होने से सहारनपुर, मेरठ, गाजियाबाद, नोएडा, मथुरा, आगरा और झांसी समेत पश्चिमी यूपी के जिलों में बिजली कड़कने के साथ बारिश हो सकती है। इस दौरान अलीगढ़, आगरा, इटावा और जालौन जैसे इलाकों में 30 से 40 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है।
इन जिलों में हो सकती है कोल्ड डे की स्थिति
मौसम विभाग ने गोंडा, बहराइच, श्रावस्ती, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, मुरादाबाद और बरेली में रविवार को शीत दिवस रहने की आशंका जताई है।
लेखक के बारे में
Ajay Singhअजय कुमार सिंह पिछले आठ वर्षों से लाइव हिन्दुस्तान की यूपी टीम में पूर्वांचल के बड़े हिस्से से खबरों का कोआर्डिनेशन देख रहे हैं। वह हिन्दुस्तान ग्रुप से 2010 से जुड़े हैं। पत्रकारिता में 27 वर्षों का लंबा अनुभव रखने वाले अजय ने टीवी, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है। हिन्दुस्तान से पहले वह ईटीवी, इंडिया न्यूज और दैनिक जागरण के लिए अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। अजय राजनीति, क्राइम, सेहत, शिक्षा और पर्यावरण से जुड़ी खबरों को गहराई से कवर करते हैं। बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट अजय फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में असिस्टेंट एडिटर हैं और उत्तर प्रदेश की राजनीति और क्राइम की खबरों पर विशेष फोकस रखते हैं।
और पढ़ें

