UP Weather: यूपी के अलीगढ़, मथुरा समेत 30 जिलों में बारिश, 80 की रफ्तार से आंधी का भी अलर्ट
UP Weather: यूपी में अगले 24 घंटों यानी शनिवार की सुबह तक के लिए अलीगढ़, मथुरा, आगरा और लखनऊ समेत 30 जिलों में तेज आंधी-बारिश, मेघगर्जन और वज्रपात का ऑरेन्ज अलर्ट जारी किया है। कई जिलों में 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ़्तार से हवाएं चल सकती हैं।

UP Weather: उत्तर प्रदेश में चक्रवातीय प्रणालियों और पश्चिमी विक्षोभ के चलते मौसम का मिजाज आक्रामक बना हुआ है। अमौसी स्थित यूपी-उत्तराखंड के मौसम मुख्यालय ने अगले 24 घंटों यानी शनिवार की सुबह तक के लिए अलीगढ़, मथुरा, आगरा और लखनऊ समेत 30 जिलों में तेज आंधी-बारिश, मेघगर्जन और वज्रपात का ऑरेन्ज अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा 40 जिलों के लिए यलो अलर्ट है।मौसम विभाग के मुताबिक, सबसे ज्यादा प्रभाव पश्चिमी उत्तर प्रदेश और बुंदेलखंड के इलाकों में देखने को मिलेगा, जहां हवाओं की रफ्तार 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे से बढ़कर 80 किलोमीटर प्रति घंटे के तूफानी झोंकों में तब्दील हो सकती है।
मौसम विभाग ने राज्य को तीन अलग-अलग श्रेणियों में बांटकर आंधी की रफ्तार का आकलन किया है। अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर में सबसे भीषण अंधड़ की आशंका है। यहां हवा की रफ्तार 80 किलोमीटर तक पहुंच सकती है।
फर्रुखाबाद, कन्नौज और कानपुर में 70 की रफ्तार से हवा चलने का पूर्वानुमान
बांदा, चित्रकूट, कौशाम्बी, प्रयागराज, फतेहपुर, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, संत रविदास नगर, गाजीपुर, फर्रुखाबाद, कन्नौज और कानपुर में 70 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवा चलने का पूर्वानुमान है। वहीं, राजधानी लखनऊ, बाराबंकी, अयोध्या, मेरठ, मुजफ्फरनगर, बरेली, गोरखपुर और बस्ती समेत प्रदेश के बाकी सभी जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है।
पारे में गिरावट, गर्मी से मिली बड़ी राहत
आंधी और बौछारों के कारण उत्तर प्रदेश के तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, अलीगढ़ में दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से रिकॉर्ड 9.3 डिग्री सेल्सियस नीचे गिरकर महज 30.4 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं, बरेली में पारा सामान्य से 8.7 डिग्री और आगरा में 8.1 डिग्री लुढ़क गया। मेरठ में दिन का तापमान सामान्य से 6.2 डिग्री कम (31.2 डिग्री) रहा। हालांकि, इस राहत के बीच बुंदेलखंड का उरई (जालौन) 40.8 डिग्री सेल्सियस के साथ राज्य का सबसे गर्म इलाका रिकॉर्ड किया गया।
पश्चिम के जिलों में भारी बारिश
पश्चिमी यूपी के जनपदों में भारी बारिश हुई। उत्तरी जनपदों में भी वर्षा हुई। केवल दक्षिणी क्षेत्र का निचला हिस्सा बेअसर रहा। आईएमडी के शुक्रवार सुबह 08:30 बजे के आंकड़ों के अनुसार, मेरठ 62 मिमी, मुरादाबाद 66 मिमी, मुजफ्फरनगर 57 मिमी, शाहजहांपुर 18 मिमी, हरदोई 09 मिमी, झांसी 01 मिमी, इटावा 10 मिमी, बरेली 19 मिमी, आगरा 18 मिमी और गाजियाबाद में 6.5 मिमी बारिश हुई। अन्य जनपदों में ज्यादातर में बूंदाबांदी या एक से दो मिली बारिश ही हुई। लेकिन बुंदेलखंड के जनपदों व कानपुर नगर समेत आसपास के जनपदों में जहां तापमान 40 के पार रहा वहां बारिश नाममात्र ही हुई। पिछले 48 घंटों से ऑरेंज अलर्ट के बावजूद केवल तेज हवाएं चलीं लेकिन बारिश नहीं हुई। मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि जो हीट डोम का क्षेत्र है वहां बारिश ऐसे में मुश्किल होती है। इस विक्षोभ का भी असर यहां बहुत कम रहा। मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ सशक्त था जिसका असर आगे भी पड़ेगा। देश के मध्य हिस्से के राज्यों में अभी आंधी-पानी जारी रहेगा लेकिन शनिवार से यूपी में यह सीमित हो जाएगा। इसके बाद बारिश के लिए प्रदेश को लंबा इंतजार या मानसून की प्रतीक्षा करनी पड़ सकती है। अभी नए विक्षोभ की संभावना कम है।
लेखक के बारे में
Deep Pandeyदीप नरायन पांडेय लाइव हिन्दुस्तान में पिछले आठ सालों से यूपी की खबरें करते हैं। डिजिटल, टीवी और प्रिंट जर्नलिज्म में 15 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले दीप नरायन पांडेय वरिष्ठ पत्रकार हैं। दीप अब डिजिटल मीडिया के जाने माने नाम बन गए हैं। दीप हिंदी भाषा की डिजिटल पत्रकारिता के नए आयामों को बेहतर समझते हैं। यूपी की राजनीति के साथ क्राइम की खबरों पर अच्छी पकड़ है। सामाजिक, इंफ्रास्ट्रक्चर, पर्यटन, शिक्षा और हेल्थ पर भी लिखते हैं। दीप पाठकों की पसंद को समझने और उसी तरह से न्पूज प्रस्तुत करने में माहिर हैं। दीप सरल भाषा में खबरों को पाठकों तक पहुंचाते हैं। खबर लिखने के अलावा साहित्य पढ़ने-लिखने में भी रुचि रखते हैं। मास कम्युनिकेशन में बीए और एमए दीप नरायन पांडेय मूल रूप से उत्तर प्रदेश के गोंडा के रहने वाले हैं। दीप ने पत्रकारिता की शुरुवात लखनऊ से की। टीवी चैनल से करियर का आगाज करने वाले दीप इसके बाद प्रिंट अमर उजाला लखनऊ में भी रहे। हिन्दुस्तान प्रिंट में वाराणसी, गोरखपुर, फिर लखनऊ में कार्य के दौरान विभिन्न जिलों के डेस्क इंचार्ज रहे हैं। यूपी विधानसभा चुनाव 2012, 2017, 2022, लोकसभा चुनाव, पंचायत चुनावों के दौरान बेहतर कवरेज कर चुके हैं।
और पढ़ें

