UP Weather: शिमला और लखनऊ के तापमान में एक डिग्री का फर्क, कंपकंपी छुड़ा रही ठंड, 24 घंटे के बाद मामूली राहत
UP Weather: शिमला और लखनऊ के तापमान में एक डिग्री का फर्क रहा। ठंड कंपकंपी छुड़ा रही है। मौसम विभाग की मानें तो कंपकंपा देने वाली सर्दी से अगले 24 घंटे के बाद मामूली राहत मिलने की उम्मीद है।
उत्तर पश्चिम से आ रही सर्द हवा ने लखनऊ समेत अन्य मैदानी इलाकों में कंपकंपी छुड़ा दी है। बीते 24 घंटों के दौरान लखनऊ, बहराइच और शिमला के न्यूनतम तापमान में मात्र एक डिग्री का अंतर रहा। लखनऊ और बहराइच का न्यूनतम तापमान 5.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, समुद्र तल से 7 हजार 238 फुट ऊंचाई पर बसे हिमाचल प्रदेश के शिमला में न्यूनतम तापमान 4.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कानपुर में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस हो गया। वहीं न्यूनतम पारा 05.4 से सीधे 08.4 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। 03 डिग्री वृद्धि हो गई। बताया जा रहा है कि रात के समय हल्के बादलों के कारण तापमान में वृद्धि हो गई। तापमान भले ही अधिक रहा हो लेकिन सर्दी बनी रही।
मौसम विभाग के अनुसार लखनऊ समेत अन्य मैदानी इलाकों में सर्दी का सितम जारी रहेगा। यहां अधिकतम तापमान 24.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। धूप निकली और आसमान भी साफ था लेकिन दिन में भी बर्फीली हवा लोगों को परेशान करती रही। शाम होते ही दोपहिया, तिपहिया पर निकलने वालों को सर्द हवा चुभती महसूस हुई।
अमौसी स्थित मौसम केन्द्र के अनुसार सर्दी बढ़ने की वजह तेज पछुआ हवा है। रात के समय यह हवा तापमान गिरा दे रही है। दिन में भी हवा चलने से धूप का असर ज्यादा नहीं हो रहा। शुक्रवार को लखनऊ में हवा की रफ्तार 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटा रही। मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार इस वजह से धरती की सतह ठीक से गर्म नहीं हो पा रही। यदि हवा की रफ्तार में कमी नहीं आई तो तापमान और लुढ़क सकता है। साथ ही रात के साथ दिन के तापमान में भी गिरावट आ सकती है।
रविवार से मिलेगी मामूली राहत
कंपकंपा देने वाली सर्दी से अगले 24 घंटे के बाद मामूली राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग के अनुसार तेज पछुआ की रफ्तार रविवार से कुछ कम होगी। ऐसे में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में थोड़ी बढ़त हो सकती है।