UP Weather: यूपी में रिकॉर्डतोड़ गर्मी, बांदा में पारा 47 पार; लखनऊ से प्रयागराज तक आसमान से बरस रही 'आग'

लखनऊ, प्रमुख संवाददाता
Follow us on Google News
share

गर्म हवा और झुलसा देने वाली धूप से यूपी के 31 शहरों में शनिवार को तापमान 40 डिग्री के ऊपर रहा। छह शहरों में 44 डिग्री से ज्यादा रहा। बांदा में दिन का पारा 47.4 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया।

UP Weather: यूपी में रिकॉर्डतोड़ गर्मी, बांदा में पारा 47 पार; लखनऊ से प्रयागराज तक आसमान से बरस रही 'आग'

UP Weather Update: यूपी में गर्मी अभी से रिकॉर्ड तोड़ने लगी है। लखनऊ से लेकर प्रयागराज तक आग बरस रही है। गर्म हवा और झुलसा देने वाली धूप से यूपी के 31 शहरों में शनिवार को तापमान 40 डिग्री के ऊपर पहुंच गया है। छह शहरों में 44 डिग्री से ज्यादा रहा तो वहीं बांदा में दिन का पारा 47.4 डिग्री सेल्सियस पार पहुंच गया है। प्रयागराज में 45.5 और वाराणसी में 45 डिग्री अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार अभी इस भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। 27 अप्रैल के बाद ही पश्चिमी विक्षोभ के असर से तपिश का सिलसिला टूटेगा। देर शाम आईएमडी की ओर से सबसे अधिक तापमान वाले शहरों की सूची जारी की गई। इसमें बांदा सबसे ऊपर रहा। इस सूची में शीर्ष पांच शहरों में तीन यूपी के हैं। इनमें प्रयागराज और काशी शामिल हैं।

आईएमडी लखनऊ के अनुसार बांदा में 30 अप्रैल 2022 को आज जितना ही तापमान रहा था। इसके पूर्व बांदा में पारा इतने ऊपर तक नहीं गया। 29 अप्रैल 1979 को बांदा में 46.7 और 28 अप्रैल 1993 को 46.4 तापमान दर्ज किया गया था। इस तपिश की वजह हवा के निचले क्षोभ मंडल में आ रही गर्म पछुआ हवा है। तापमान में हो रही बढ़ोतरी के परिणामस्वरूप प्रदेश में चल रही लू की तीव्रता एवं दायरा बढ़ गया। मेरठ, आगरा, शाहजहांपुर, जालौन, बरेली मुजफ्फरनगर व अलीगढ़ जबकि पूर्वांचल के हरदोई, बाराबंकी, अमेठी, बलिया, वाराणसी, बांदा व प्रयागराज में उष्ण लहर (लू) की स्थिति दर्ज की गई।

आगरा, झांसी, कानपुर से लेकर लखनऊ तक बढ़ी तपिश

शनिवार को झांसी में 44.8 डिग्री अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। आगरा में 44.5, हमीरपुर में 44.2, फुर्सतगंज में 44, सुलतानपुर में 44.1, चुर्क में 43.4, कानपुर शहर में 43, बाराबंकी में 43.4 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। लखनऊ में 42.9 डिग्री अधिकतम तापमान के साथ सीजन का सबसे गर्म दिन रहा।

भीषण गर्मी में तपा मुरादाबाद मंडल, संभल 43.2 डिग्री के साथ सबसे गर्म

मंडल में बैसाख की चिलचिलाती धूप और आसमान से बरसती आग ने जनजीवन प्रभावित कर दिया है। शनिवार को सूर्यदेव के तेवर सुबह दस बजे से ही तल्ख हो गए थे। संभल में अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री और न्यूनतम 27.6 डिग्री रहा, जिसने लोगों का जीना मुहाल कर दिया। मुरादाबाद में भी पारा 42 डिग्री सेल्सियस पर जा पहुंचा, जो इस सीजन का सबसे गर्म दिन रहा। यहां दिन का तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक दर्ज किया गया। रामपुर में भी 42 डिग्री की तपिश के साथ बढ़ी उमस ने लोगों को पसीने में तरबतर कर दिया। अमरोहा में पारा 41 डिग्री रहा, लेकिन वहां भी उमस भरी गर्मी ने लोगों को बेहाल रखा।

हीट वेव का 'ऑरेंज अलर्ट' और सन्नाटा

मौसम विभाग ने रविवार के लिए भी 'ऑरेंज अलर्ट' जारी करते हुए लू का प्रकोप जारी रहने की संभावना जताई है। शनिवार को हालात यह थे कि झुलसाने वाली हवाओं के डर से लोगों ने जरूरी काम भी टाल दिए। सड़कों के किनारे पेय पदार्थों के स्टालों पर भारी भीड़ देखी गई, जबकि मुख्य बाजार दोपहर के वक्त खाली नजर आए। लू के थपेड़ों के चलते लोग चेहरे और शरीर को पूरी तरह ढंककर बाहर निकलते देखे गए।

28 से राहत की उम्मीद

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, फिलहाल दो दिन तक गर्मी से राहत के आसार नहीं हैं। सोमवार 27 अप्रैल से आसमान में बादल दिखने शुरू हो सकते हैं, लेकिन तापमान में बड़ी गिरावट की संभावना कम है। हालांकि, मंगलवार 28 अप्रैल से मौसम में बदलाव आ सकता है। बादल छाने के साथ कहीं-कहीं बूंदाबांदी होने के आसार हैं, जिससे पारे में गिरावट आएगी और लोगों को इस झुलसाने वाली गर्मी से कुछ राहत मिल सकेगी।

Dinesh Rathour

लेखक के बारे में

Dinesh Rathour

दिनेश राठौर वर्तमान में 'लाइव हिन्दुस्तान' में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं। डिजिटल और प्रिंट पत्रकारिता में 13 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले दिनेश ने अपने करियर की शुरुआत 2010 में हरदोई से की थी। कानपुर यूनिवर्सिटी से स्नातक दिनेश ने अपने सफर में हिन्दुस्तान (कानपुर, बरेली, मुरादाबाद), दैनिक जागरण और राजस्थान पत्रिका (डिजिटल) जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाई हैं। हरदोई की गलियों से शुरू हुआ पत्रकारिता का सफर आज डिजिटल मीडिया के शिखर तक पहुँच चुका है। दिनेश राठौर ने यूपी और राजस्थान के विभिन्न शहरों की नब्ज को प्रिंट और डिजिटल माध्यमों से पहचाना है।
लाइव हिन्दुस्तान की यूपी टीम में कार्यरत दिनेश दिनेश, खबरों के पीछे की राजनीति और सोशल मीडिया के ट्रेंड्स (वायरल वीडियो) को बारीकी से विश्लेषण करने के लिए जाने जाते हैं।

पत्रकारिता का सफर
हरदोई ब्यूरो से करिअर की शुरुआत करने के बाद दिनेश ने कानपुर हिंदुस्तान से जुड़े। यहां बतौर स्ट्रिंगर डेस्क पर करीब एक साल तक काम किया। इसके बाद वह कानपुर में ही दैनिक जागरण से जुड़े। 2012 में मुरादाबाद हिंदुस्तान जब लांच हुआ तो उसका हिस्सा भी बने। करीब दो साल यहां नौकरी करने के बाद दिनेश राजस्थान पत्रिका से जुड़ गए। सीकर जिले में दिनेश ने करीब तीन साल तक पत्रकारिता की। उन्होंने एक साल तक डिजिटल का काम भी किया। 2017 में दिनेश ने बरेली हिंदुस्तान में प्रिंट के डेस्क पर वापसी की। लगभग दो साल की सेवाओं के बाद डिजिटल हिंदुस्तान में काम करने का मौका मिला जिसका सफर जारी है।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, UP News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News, और lucknow Weather अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।