UP Weather: बारिश के बाद फिर लौटी तपिश और उमस, कई जिलों में 40 के पार तापमान
यूपी में हुई बारिश के कारण मौसम सुहावना हो गया था और लोगों को भीषण गर्मी से काफी राहत मिली थी। लेकिन अब मौसम ने फिर करवट ले ली है। रविवार को सुबह से ही तेज धूप और बढ़ती गर्मी ने लोगों के पसीने निकाले दिए। वहीं कई जिलों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री से अधिक रहा।

UP Weather: यूपी के कई जिलों में हुई बारिश के कारण मौसम सुहावना हो गया था और लोगों को भीषण गर्मी से काफी राहत मिली थी। लगातार हुई वर्षा से तापमान में गिरावट दर्ज की गई थी। सुबह-शाम चलने वाली ठंडी हवाओं ने लोगों को राहत का अहसास कराया था, लेकिन अब मौसम ने फिर करवट ले ली है। रविवार को सुबह से ही तेज धूप और बढ़ती गर्मी ने लोगों को परेशान करना शुरू कर दिया। कई जिलों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री से अधिक हो गया।
रविवार को दिन निकलते ही सूर्य की किरणों ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया। जैसे-जैसे समय बढ़ता गया वैसे-वैसे गर्मी का प्रकोप भी बढ़ता गया। दोपहर तक हालात ऐसे हो गए कि लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकलते दिखाई दिए। तेज धूप और उमस के कारण सड़कों पर सामान्य दिनों की तुलना में कम आवाजाही रही। बाजारों में भी दोपहर के समय चहल-पहल कम देखने को मिली। गर्मी से बचने के लिए लोग पेड़ों की छांव और ठंडी जगहों का सहारा लेते नजर आए। कई स्थानों पर लोग ठंडे पेय पदार्थ, शिकंजी, जूस और अन्य शीतल पेय का सेवन कर गर्मी से राहत पाने की कोशिश करते दिखे। वहीं राहगीर सिर पर कपड़ा और छाता लगाकर धूप से बचाव करते दिखाई दिए।
9 और 10 को लू चलने की संभावना
मौसम विभाग के मुताबिक 9 और 11 जून को 45 डिग्री तापमान के बीच लू भी चलेगी। वहीं, 12 से 13 जून के बीच छिटपुट बारिश या बूंदाबादी का संकेत है। हालांकि उस अवधि में तापमान 44 डिग्री के ही आसपास बना रहेगा। वाराणसी में रविवार को अधिकतम तापमान में शनिवार की अपेक्षा 0.2 डिग्री की कमी दिखी लेकिन इससे वातावरण पर कोई फर्क नहीं पड़ा। सुबह 8 बजे से शाम पांच बजे तक उमस भरी गर्मी ने शहर को असहज किए रखा। रात 10 बजे के बाद तपिश का असर कुछ कम हुआ। रविवार को अधिकतम तापमान 41 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान 27.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम से जुड़ी वेबसाइट एक्यूवेदर के अनुसार सोमवार को पारा 43 डिग्री तक पहुंच सकता है।
सड़कों पर पसरा रहा सन्नाटा
शहरों के मुख्य सड़कों और चौराहों पर, जहां आम दिनों में भारी ट्रैफिक रहता है, आज दोपहर होने से पहले ही सन्नाटा पसर गया। इक्का-दुक्का लोग ही पूरी तरह से मुंह और सिर को कपड़े से ढककर बेहद जरूरी काम से बाहर निकलते दिखाई दिए। बाजारों में दुकानें तो खुलीं, लेकिन ग्राहक न होने से दुकानदार भी बेहाल नजर आए। पार्क, मॉल के बाहरी हिस्से और बस स्टैंड्स पर भी सन्नाटा देखा गया।
लेखक के बारे में
Pawan Kumar Sharmaपवन कुमार शर्मा पिछले चार वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हैं। डिजिटल मीडिया में काम करते हुए वह उत्तर प्रदेश की राजनीति, क्राइम, सरकारी योजनाओं और टूरिज्म से जुड़े मुद्दों पर नियमित रूप से लिखते हैं। इससे पहले पवन एबीपी न्यूज के साथ बतौर फ्रीलांसर काम कर चुके हैं। पवन ने नई दिल्ली स्थित भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से रेडियो एवं टेलीविजन पत्रकारिता की पढ़ाई की है। इससे पहले क्राइस्ट चर्च कॉलेज, कानपुर से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया। ग्राउंड रिपोर्टिंग और अकादमिक समझ के साथ पवन तथ्यात्मक, संतुलित और पाठक-केंद्रित समाचार लेखन करते हैं।
और पढ़ें

