UP Weather: यूपी में मौसम का अजीब खेल, कई शहरों में घना कोहरा, इस दिन बारिश के आसार

Mar 12, 2026 05:33 am ISTPawan Kumar Sharma वार्ता, लखनऊ
share

यूपी के कई शहरों में बुधवार सुबह अचानक धुंध और कोहरे की मोटी परत छा गई, जिससे धूप लगभग लुप्त हो गई और कई जगहों पर दृश्यता काफी कम हो गई। मौसम विभाग के अनुसार 15 मार्च के आसपास हल्की बारिश की संभावना जताई है। 

UP Weather: यूपी में मौसम का अजीब खेल, कई शहरों में घना कोहरा, इस दिन बारिश के आसार

UP Weather: उत्तर प्रदेश के कई शहरों में बुधवार सुबह अचानक धुंध और कोहरे की मोटी परत छा गई, जिससे धूप लगभग लुप्त हो गई और कई जगहों पर दृश्यता काफी कम हो गई। लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज, प्रतापगढ़, वाराणसी, मिर्ज़ापुर, मेरठ और आगरा समेत कई जिलों में लोगों को धुंध का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग के अनुसार धुंध की वजह से कुछ स्थानों पर दृश्यता बेहद कम दर्ज की गयी। प्रयागराज में यह करीब 30 मीटर, मेरठ में 100 मीटर और वाराणसी एयरपोर्ट पर लगभग 500 मीटर तक रह गई। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि मार्च में इस तरह की स्थिति पहले भी 2008 में देखने को मिली थी। वहीं, विशेषज्ञों के मुताबिक 15 मार्च को हल्की बारिश हो सकती है।

लखनऊ मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक मनीष कुमार ने बताया कि नम पूर्वी हवाओं से आई नमी की वजह से दिन के समय भी प्रदेश के कई हिस्सों में धुंध और कोहरा बना रहा। उन्होंने कहा कि यह स्थिति अगले दो दिनों तक जारी रह सकती है। वहीं अगले 4-5 दिनों तक तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा, जिससे गर्मी का असर बना रहेगा। हालांकि 15 मार्च के आसपास हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक दिन में तेज़ गर्मी और रात में अपेक्षाकृत ठंडे मौसम के कारण रेडिएशन फॉग की स्थिति बन रही है। इस प्रक्रिया में हवा में मौजूद नमी रात के समय जमीन के पास छोटी-छोटी बूंदों में बदल जाती है।

वैज्ञानिकों ने बताया कि शांत हवाएं इस धुंध को लंबे समय तक बनाए रखती हैं, जबकि हवा में मौजूद धूल और प्रदूषण के कण नमी को जमने में मदद करते हैं, जिससे सुबह के समय धुंध और कोहरा जैसा मौसम बन जाता है। पूर्वी उत्तर प्रदेश के वाराणसी, सोनभद्र, मिर्ज़ापुर और गाजीपुर के बाहरी इलाकों में भी मंगलवार सुबह से धुंध छाई रही। बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के मौसम विज्ञानी प्रो. मनोज कुमार श्रीवास्तव के अनुसार पश्चिमी हवाओं और हवा में बढ़ी नमी की वजह से पूर्वी उत्तर प्रदेश और तराई क्षेत्र के पीलीभीत, लखीमपुर-खीरी और बहराइच जैसे जिलों में भी धुंध देखी गई।

वहीं बुंदेलखंड के हमीरपुर, ओराई, बांदा और महोबा समेत कई इलाकों में सुबह करीब 9 बजे तक घनी धुंध बनी रही और विजिबिलिटी कुछ मीटर तक सीमित हो गई। विशेषज्ञों का मानना है कि जलवायु परिवर्तन और मौसम के बदलते पैटर्न भी इस तरह की असामान्य परिस्थितियों के पीछे एक कारण हो सकते हैं। मौसम वैज्ञानिकों ने चेतावनी दी है कि मार्च के तीसरे सप्ताह में संभावित पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से आंधी-तूफान, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की संभावना है। इससे तापमान में कुछ गिरावट आ सकती है और लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी, लेकिन खड़ी फसलों को नुकसान होने की आशंका भी जताई जा रही है।

Pawan Kumar Sharma

लेखक के बारे में

Pawan Kumar Sharma

पवन कुमार शर्मा पिछले चार वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हैं। डिजिटल मीडिया में काम करते हुए वह उत्तर प्रदेश की राजनीति, क्राइम, सरकारी योजनाओं और टूरिज्म से जुड़े मुद्दों पर नियमित रूप से लिखते हैं। इससे पहले पवन एबीपी न्यूज के साथ बतौर फ्रीलांसर काम कर चुके हैं। पवन ने नई दिल्ली स्थित भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से रेडियो एवं टेलीविजन पत्रकारिता की पढ़ाई की है। इससे पहले क्राइस्ट चर्च कॉलेज, कानपुर से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया। ग्राउंड रिपोर्टिंग और अकादमिक समझ के साथ पवन तथ्यात्मक, संतुलित और पाठक-केंद्रित समाचार लेखन करते हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News और Kanpur News के साथ-साथ UP Board Result, UP Board 10th Result, UP Board 12th Result और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।