UP Weather: मौसम ने फिर बदली करवट, कल आंधी के साथ बारिश के आसार
UP Weather: यूपी के इलाकों में बुधवार को आंधी-बारिश हुई। मौसम विभाग की मानें तो शुक्रवार को तेज हवा के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। वहीं मौसम विभाग के मुताबिक बुधवार को 19.7 मिमी बारिश दर्ज हुई।

UP Weather: देश में हवा के बदले रुख ने लौटते मॉनसून के बीच आंधी-पानी शुरू कर दिया। कल यानी शुक्रवार को तेज हवा के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। बुधवार पूर्वानुमान के मुताबिक दोपहर बाद शहर से लेकर गांव तक दोपहर बाद मौसम ने करवट ली। तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। कई जगह ओले गिरे। मौसम विभाग के मुताबिक 19.7 मिमी बारिश दर्ज हुई। जबकि, हवा की रफ्तार 22 से 26 किमी प्रति घंटा के बीच रही।
मौसम विशेषज्ञ डॉक्टर एसएन पांडेय ने बताया कि भारत मौसम विज्ञान के मुताबिक अक्टूबर में मौसम के बदलाव का दौर चल रहा है। देश के देश के वायुमंडल में एक साथ तीन बड़ी मौसमी प्रणालियां सक्रिय हो गए हैं। इनमें दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी रेखा देश के अधिकांश हिस्सों से तेजी से आगे बढ़ रही है। इसके प्रभाव से मध्य और उत्तर-पश्चिम भारत में हवाओं का रुख बदल एंटी-साइक्लोनिक (प्रति-चक्रवाती) हो रहा है, जिससे शुष्क और साफ मौसम की स्थिति बन रही है।
मौसम विशेषज्ञ ने बताया कि भूमध्य सागर से उठने वाला एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत में सक्रिय हो चुका है। यह हिमालय की ऊंची चोटियों से टकरा रहा है। इसके कारण पहाड़ी इलाकों जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बर्फबारी और बारिश की गतिविधियां देखने को मिल रही हैं। मौसम वैज्ञानिक ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में हवाओं का पैटर्न बदल रहा है जो दक्षिण भारत में उत्तर-पूर्वी मॉनसून (शीतकालीन मानसून) के आगमन की नींव रख रहा है। इस प्रणाली के कारण हवा में भारी नमी आ रही है।
इन जिलों में बारिश
सहारनपुर, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बहराइच, श्रावस्ती, हरदोई, लखनऊ, बाराबंकी, गोंडा, अयोध्या, अमेठी, सुल्तानपुर, अंबेडकर नगर, प्रतापगढ़, जौनपुर, आजमगढ़, मऊ, गाजीपुर, बलिया, चंदौली, सोनभद्र, मिर्जापुर, वाराणसी, प्रयागराज और भदोही समेत कई जिलों में आज और कल बारिश की संभावना है। इसे लेकर यलो अलर्ट भी जारी किया गया है।
आंधी-बारिश से पांच लोगों की मौत
उधर, यूपी के कई जिलों में आकाशीय बिजली, दीवार और पेड़ गिरने से पांच मौतें हो गईं। आकाशीय बिजली से एक युवक की मौत हो गई। उधर, सीतापुर में संदना और इमलिया सुलतानपुर में आकाशीय बिजली और दीवार गिरने से मासूम सहित दो की मौत हो गई। इसी तरह अंबेडकरनगर के जहांगीरगंज में पेड़ के नीचे से एक मौत हो गई। अयोध्या के बीकापुर में भी आकाशीय बिजली गिरने से एक मौत हो गई। वहीं लखीमपुर में भी बिजली गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई।
गोंडा में भी तेज हवाओं के साथ हुई बारिश से जिले में धान, गन्ने की फसलों को नुकसान हुआ है। तेज हवाओं के कारण पेड़ गिरने से यातायात बधित रहा,कई क्षेत्रों में पेड़ की डालियां टूटने और बिजली के पोल गिरने से विद्युत आपूर्ति बधित रही। बलरामपुर में भी जोरदार बारिश हुई। लखीमपुर में विकासखंड मितौली के मुड़ाहरदासपुर गांव में बुधवार दोपहर आकाशीय बिजली गिरने से किसान की मौत हो गई।


