UP Weather: यूपी का बांदा देश में सबसे गर्म, गर्मी में दिनभर फ्री रहेंगे ट्रैफिक सिग्नल
यूपी के बांदा का तापमान देशभर में सबसे ज्यादा है। इसको लेकर जिला प्रशासन की ओर से आमजन को राहत दिलाने के लिए कई प्रयास किए जा रहे हैं। इसी के तहत ट्रैफिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया है।

यूपी के बांदा का तापमान देशभर में सबसे ज्यादा है। इसको लेकर जिला प्रशासन की ओर से आमजन को राहत दिलाने के लिए कई प्रयास किए जा रहे हैं। इसी के तहत ट्रैफिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया है। अपर पुलिस अधीक्षक डा. शिवराज प्रजापति ने बताया दोपहर में चौराहों पर लोगों को अधिक देर तक खड़ा न रहना पड़े, इसके लिए ट्रैफिक सिग्नलों को अस्थायी रूप से ‘फ्री फ्लो’ मोड पर कर दिया गया है। यानी इस दौरान रेड लाइट का चक्र बंद रहेगा और वाहन बिना रुके निकल सकेंगे।
यह व्यवस्था केवल तेज धूप वाले पीक घंटों में लागू रहेगी, जबकि सुबह-शाम ट्रैफिक सिग्नल सामान्य तरीके से संचालित होंगे। इसके साथ ही ड्यूटी पर तैनात ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को छाते और स्कार्फ उपलब्ध कराए गए हैं। वहीं राहगीरों और वाहन चालकों की सुविधा के लिए प्रमुख चौराहों और तिराहों पर अस्थायी शेल्टर बनाए गए हैं।
पारा 46.4 डिग्री
बांदा का पारा देश दुनिया में अपनी उपस्थिति दर्ज करा रहा है। जिससे आमजन बेहाल है। शुक्रवार को भी दिनभर अंगारे बरसते रहे। इससे दोपहिया वाहन से सफर कर रहे लोग अंगौछा का सहारा लेकर बचाव करते नजर आए। शुक्रवार को जिले का अधिकतम तापमान 46.4 डिग्री व न्यूनतम 29 डिग्री दर्ज किया गया है। जो बीते दिनों की तुलना में थोड़ा सा कम है। हालांकि गर्मी में इसका असर नजर नहीं आया।
जनपद में शुक्रवार को पारा में मामूली गिरावट दर्ज की गई है। लेकिन फिर लोगों को लू के थपेड़ों व गर्मी से एक भी राहत नहीं मिली। पूरे दिन आसमान से अंगारे बरसते रहे और तेज गर्म हवाएं राहगीरों के बेहाल करती रहीं। बाजार व शहर की अन्य सड़कें तपिश के चलते दिन भर वीरान रहीं। मौसम विभाग के मुताबिक गुरुवार को अधिकतम तापमान 46.4 व न्यूनतम 29.0 डिग्री दर्ज किया गया है।
बाजारों में लोग लू, धूप से बचने के लिए शटर गिरा बैठे
खुले क्षेत्रों वाली बाजारों में तो लोग लू धूप से बचने के लिए शटर गिरा कर बैठे रहे। चौराहों के आसपास न तो ई रिक्शा दिख रहे थे और न ही ऑटो आदि। सायंकाल के बाद जब धूप सिमटना शुरू हुई तो लोग हिम्मत कर पूरे बचाव के साथ सड़कों पर निकले। शुक्रवार को लू के साथ सरफेस विंड भी थी जो धूल उड़ाने वाली थी।
वहीं, भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, ऊंचाई वाले बादलों के कारण बांदा और आसपास के चार जिलों को ही रेड अलर्ट में रखा गया है। शेष सभी जिलों को ऑरेंज या यलो श्रेणी में रखा गया है। यहां तापमान में एक दो दिन तापमान में उतार-चढ़ाव बना रहेगा। विक्षोभ का असर खत्म होते ही यहां तापमान फिर चढ़ेगा। इस बार फिर पीक पर पहुंचने की संभावना है। सीएसए के मौसम विज्ञान कृषि तकनीकी अधिकारी अजय मिश्रा का कहना है कि 28 मई तक हीट वेव से राहत की संभावना नहीं है। शुष्क हवाएं चलती रहेंगी। दिन के तापमान में वृद्धि संभव है।
लेखक के बारे में
Srishti Kunjसृष्टि कुंज एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें मीडिया इंडस्ट्री में एक दशक से अधिक का अनुभव है। वर्तमान में वह लाइव हिन्दुस्तान में कार्यरत हैं। उन्होंने पंजाब केसरी ग्रुप के नवोदय टाइम्स और इंडिया न्यूज जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों के साथ काम किया है, जहां उन्होंने नेशनल और दिल्ली डेस्क के लिए कंटेंट क्रिएशन और मल्टीमीडिया स्टोरीटेलिंग में अपनी स्किल्स को निखारा है। सृष्टि कुंज लाइव हिन्दुस्तान में लगभग 6 वर्षों से यूपी की टीम संग काम कर रही हैं। 2020 से वह हिन्दुस्तान डिजिटल के लिए उत्तर प्रदेश की राजनीति, क्राइम, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य बीटों से जुड़ीं खबरें लिखती हैं। सृष्टि ने अपनी स्कूलिंग के बाद एनिमेशन की पढ़ाई की और फिर बतौर एनिमेटर एक विदेशी गेम के लिए कैरेक्टर डिजाइनिंग की। इसके बाद सृष्टि ने मॉस कम्यूनिकेशन और जर्नलिजम में स्नातक की डिग्री हासिल की। एक दशक से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय सृष्टि ने जर्नलिज्म एंड मास कॉम में डिग्री लेकर पंजाब केसरी ग्रुप के दिल्ली संस्करण नवोदय टाइम्स की डिजिटल टीम के साथ अपने करियर की शुरुआत की थी। 3 साल नवोदय टाइम्स से जुड़े रहने के बाद सृष्टि ने इंडिया न्यूज की डिजिटल टीम (इनखबर) की नेशनल डेस्क के साथ भी काम किया। 2020 से सृष्टि लाइव हिन्दुस्तान की डिजिटल टीम के साथ अब ट्रेंड्स के अनुसार पाठकों तक यूपी की हर खबर को पहुंचा रही हैं।
और पढ़ें

