UP Weather Update: यूपी में 24 से 48 घंटे रहेगी धुंध, दो दिन बाद चलेंगी सर्द हवाएं
- 26 दिसंबर से पश्चिमी विक्षोभ और बंगाल की खाड़ी और अरब सागर के चक्रवातों के कारण नमी आने लगी थी। इससे बादल बने और उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में ओलावृष्टि और बारिश हुई। कहीं-कहीं बदलाव बूंदाबांदी तक सीमित रहा। उत्तर पश्चिमी हवाएं चलने से सर्दी का अहसास शुरू हो गया है।
UP Weather Update 30 December 2024: कोहरा और धुंध की चादर से यूपी के कई जिले ढक गए। घने बादलों की परत के कारण सूर्य देवता के दर्शन नहीं हुए। परिणाम स्वरूप दिन का पारा तो गिरा लेकिन रात के तापमान में कोई खास कमी नहीं आई। सीजन में पहली बार ठिठुरन और गलन का अहसास हुआ। मौसम विभाग के अनुसार अभी शीतलहर के लिए इंतजार करना होगा। 26 दिसंबर से पश्चिमी विक्षोभ और बंगाल की खाड़ी और अरब सागर के चक्रवातों के कारण नमी आने लगी थी। इससे बादल बने और प्रदेश के कुछ जिलों में ओलावृष्टि और बारिश हुई। कहीं-कहीं बूंदाबांदी तक बदलाव सीमित रहा। रविवार को मौसम में फिर बदलाव शुरू हुआ है। उत्तर पश्चिमी हवाएं चलने से सर्दी का अहसास शुरू हो गया है। मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय का कहना है कि एक पश्चिमी विक्षोभ और आ गया है। प्रदेश में कोहरा और धुंध अगले 24 से 48 घंटे रहेगी। दो दिन बाद मौसम खुलते ही तेज बर्फीली हवाएं चल सकती हैं। इससे सर्दी बढ़ सकती है। यदि रफ्तार अच्छी रही तो शीतलहर संभव है। यदि 15 जनवरी तक अच्छी सर्दी नहीं पड़ती है तो सर्दी तो लंबी खिचेगी लेकिन शीतलहर की संभावना कम हो जाएगी।
सुबह थी कम दृश्यता
सुबह से ही मौसम भारी रहा। तेज सर्द हवाएं चलती रहीं। घना कोहरा रहा। घने बादलों के साथ कोहरा व धुंध भी रही। सुबह तो दृश्यता कम थी ही। धीरे-धीरे यह और कम होती गई। यह स्थिति प्रदेश के कुछ जनपदों को छोड़ शेष सभी जनपदों में रही। उत्तर पश्चिमी हवाएं भी लगातार चलते रहने से दिन में ही लोगों को सर्दी से बचाव के लिए उपाय करने पड़े।
अधिकतम तापमान भी गिरा
मैनपुरी में अधिकतम तापमान 17.3, मेरठ में 17.4 और कन्नौज में अधिकतम पारा 17.6 डिग्री रहा। कानपुर नगर का अधिकतम तापमान 21.8 डिग्री रहा। 24 घंटों में 03.4 डिग्री की कमी आई। बहराइच सबसे गर्म 26 डिग्री रहा। ज्यादातर जनपदों के तापमान 21 से 23 डिग्री के बीच रहे। मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय का कहना है कि प्रदेश में दिन का पारा 29 तक और रात का 17 तक पहुंचा है। गेहूं के उत्पादन पर असर स्वाभाविक है। जनवरी का प्रथम सप्ताह परिणाम तय करेगा।
बिजनौर के बाद कानपुर की रात सबसे सर्द
प्रदेश में न्यूनतम पारा बिजनौर में सबसे कम 9.0 डिग्री रहा। कानपुर की रात प्रदेश में बिजनौर के बाद सबसे सर्द रही। यहां तापमान 10.6 डिग्री रहा। इसके बाद गोरखपुर में रात का पारा 10.8 और सुल्तानपुर में 11.6 डिग्री रहा। हालांकि कई जनपदों में न्यूनतम तापमान सामान्य से काफी अधिक रहा। प्रदेश में सबसे गर्म रात फतेहपुर की रही जहां न्यूनतम पारा 16.4 डिग्री रहा। गाजीपुर, हरदोई, कन्नौज, लखीमपुर और वाराणसी में रात का पारा 15 डिग्री रहा।
लखनऊ में बादलों से ढका सूर्य,दो दिन गिरेगा पारा
वहीं लखनऊ में सुबह से छाया कोहरा और बदली से पूरे दिन सूर्य के दर्शन नहीं हुए। इस बीच पछुआ ने गलन भरी सर्दी बढ़ा दी। हवा की रफ्तार 20-25 किमी रहेगी। अमौसी स्थित मौसम केन्द्र के अनुसार दो दिन में पारा दो से तीन डिग्री लुढ़केगा। लखनऊ में अधिकतम पारा 19.8, न्यूनतम 13.4 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग के अनुसार नम हवा से न्यूनतम, अधिकतम पारा थोड़ा बढ़ेगा।
यह भी पढ़ें: योगी सरकार यूपी के हर जिले में खोलेगी ये स्कूल, प्री-प्राइमरी से 12 वीं तक होगी फ्री पढ़ाई
शहर में 25 किमी की रफ्तार से चली पछुआ, ठिठुरन बढ़ी
मौसम में तेजी से बदलाव हुआ। रविवार को सुबह कई जिलों में हल्के से घना कोहरा छाया। लखनऊ में सुबह कोहरा रहा और दिन चढ़ने के साथ वह आसमान पर छा गया। इससे सूर्य देव के दर्शन शाम तक नहीं हुए। इस बीच गलन भरी पछुआ ने सर्दी बढ़ा दी। मौसम विभाग के अनुसार हवा की रफ्तार 20 से 25 किलोमीटर प्रतिघंटा के आसपास रहेगी।
अमौसी स्थित मौसम केन्द्र के अनुसार अगले दो दिन सर्दी का असर सूबे के ज्यादातर जिलों में बढ़ेगा। लखनऊ, कानपुर, आगरा, मेरठ, बरेली, बुलंदशहर, सहारनपुर आदि जिलों में दिन और रात का तापमान दो से तीन डिग्री तक नीचे जाएगा। इसकी वजह यह है कि पश्चिमी विक्षोभ गुजरने के बाद अपने पीछे खाली जगह छोड़ गया है।अमौसी स्थित मौसम केन्द्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार इस खाली जगह को उत्तर पश्चिम से आ रही हवा भर रही हैं। इसी वजह से दिन में तेज हवा चली। हवा की गति सोमवार को भी तेज रहेगी लेकिन आज के मुकाबले थोड़ी कमी आएगी। बीते 24 घंटों में सबसे कम तापमान तीन जिलों में दर्ज किया गया। बुलंदशहर का 9, नजीबाबाद का 9 और कानपुर सिटी का न्यूनतम तापमान 10.6 डिग्री दर्ज किया गया है। लखनऊ में अधिकतम तापमान सामान्य से 1.3 डिग्री कम 19.8, न्यूनतम तापमान 13.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।