UP Vidhan Sabha LIVE: राज्यपाल ने अभिभाषण में गिनाईं सरकार की उपलब्धियां, सपा की होती रही नारेबाजी
UP Vidhan Sabha LIVE: विधान मंडल का बजट सत्र राज्यपाल आनंदी बेन पटेल के अभिभाषण के साथ शुरू हो हुआ तो सपा ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदेश सरकार ने सोमवार को पहली बार विधानसभा में आर्थिक समीक्षा रिपोर्ट पेश की। रिपोर्ट के अनुसार अर्थव्यवस्था लगातार मजबूती की ओर बढ़ रही है।

UP Vidhan Sabha LIVE: यूपी विधानसभा सत्र 9 फरवरी यानि आज से शुरू हो रहा है राज्यपाल आनंदीबेन पटेल सोमवार को सुबह 11 बजे विधानसभा पहुंचीं। विधानसभा परिसर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्यपाल का स्वागत किया। इसके बाद सदन में उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने संयुक्त सदन को संबोधित करते हुए अपना अभिभाषण दिया। इस दौरान उन्होंने सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। हालांकि अभिभाषण के दौरान विपक्षी दलों ने लगातार हंगामा किया। शोर-शराबे और नारेबाजी के बीच भी राज्यपाल ने अपना अभिभाषण पढ़ना जारी रखा। वहीं, प्रदेश सरकार ने विधानसभा में आर्थिक समीक्षा रिपोर्ट पेश की। रिपोर्ट के अनुसार उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था लगातार मजबूती की ओर बढ़ रही है और राज्य विकास के कई मानकों पर नई ऊंचाइयों को छू रहा है।
सदन में ‘राज्यपाल गो बैक’ के नारे लगाए गए। समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के सदस्यों ने एकजुट होकर नारेबाजी की और सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज कराया। पक्ष के हंगामे के चलते सदन का माहौल कुछ समय के लिए तनावपूर्ण बना रहा, लेकिन कार्यवाही नियमानुसार आगे बढ़ती रही।
बता दें कि वित्त मंत्री सुरेश खन्ना 11 फरवरी को वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट पेश करेंगे। इसके बाद राज्यपाल के अभिभाषण (धन्यवाद प्रस्ताव) पर चर्चा होगी। 13 फरवरी तक सदन की कार्यवाही नियमित तौर पर चलेगी। शनिवार व रविवार को सदन की बैठक स्थगित रहेगी। सोमवार 16 फरवरी से सदन की कार्यवाही फिर शुरू होगी। सदन की कार्यवाही 20 फरवरी तक प्रस्तावित है। विधानसभा अध्य़क्ष सतीश महाना ने सभी सदस्यों से कार्यवाही के सुचारू संचालन का अनुरोध किया है। नेता सदन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी सदस्यों से जनता के मुद्दों को सदन में रखने और सार्थक चर्चा करके प्रदेश के विकास को गति प्रदान करने के लिए सरकार का सहयोग करने का आग्रह किया है।
UP Vidhan Sabha LIVE Update:
1.05 PM UP Vidhan Sabha LIVE Update: प्रदेश सरकार ने सोमवार को पहली बार विधानसभा में आर्थिक समीक्षा रिपोर्ट पेश की। रिपोर्ट के अनुसार उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था लगातार मजबूती की ओर बढ़ रही है और राज्य विकास के कई मानकों पर नई ऊंचाइयों को छू रहा है। आर्थिक समीक्षा में बताया गया कि प्रदेश का सकल घरेलू उत्पाद (GSDP) 30 लाख करोड़ रुपये से अधिक हो चुका है, जिसके अगले वित्तीय वर्ष में 36 लाख करोड़ रुपये से पार पहुंचने का अनुमान है। निर्यात के मामले में उत्तर प्रदेश देश का चौथा सबसे बड़ा राज्य बन गया है और निवेश के लिए यह राज्य अब पसंदीदा गंतव्य के रूप में उभरा है।
12.45 PM UP Vidhan Sabha LIVE Update: यूपी विधानसभा के बजट सेशन पर SP MLA रविदास मेहरोत्रा ने कहा, ‘हम गवर्नर से अपील करते हैं कि वे अपना भाषण दें और सिर्फ़ सरकार के प्रोपेगैंडा और झूठ को न दोहराएं। अगर ऐसा होता है, तो हम उनके भाषण का विरोध करेंगे। यह सरकार हर मोर्चे पर फेल हो गई है। राज्य सरकार 9 लाख करोड़ रुपये का बजट पेश करने जा रही है, लेकिन उसने अभी तक पिछले बजट का 40% भी खर्च नहीं किया है।’
11.40 AM UP Vidhan Sabha LIVE Update: राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के अभिभाषण में योगी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। वहीं, सपा का जोरदार हंगामा जारी रहा है। अभिभाषण के बाद सदन को कुछ देर के लिए स्थगित कर दिया गया।
11.30 AM UP Vidhan Sabha LIVE Update: राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने कहा कि प्रदेश के सभी 75 जनपदों में दो-दो विद्यालयों को मुख्यमंत्री मॉडल कम्पोजिट विद्यालय तथा प्रत्येक जनपद में एक-एक विद्यालय को मुख्यमंत्री अभ्युदय विद्यालय के रूप में विकसित किया जा रहा है। वर्ष 2022 से 2025 के दौरान परिषदीय प्राथमिक, उच्च प्राथमिक एवं कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में शिक्षकों के उपयोग के लिए 2 लाख 61 हजार से अधिक टैबलेट वितरित किए जा चुके हैं। वर्ष 2025-26 में दुर्बल वर्ग के बच्चों को निजी विद्यालयों में निःशुल्क शिक्षा उपलब्ध कराने की योजना के अंतर्गत 1 लाख 40 हजार से अधिक बच्चों का प्रवेश कराया गया है। प्रोजेक्ट अलंकार योजना के तहत विद्यालयों के जर्जर भवनों के नवनिर्माण के साथ-साथ शैक्षिक सुविधाओं का भी विस्तार किया जा रहा है। वर्ष 2023-24 से 2025-26 के बीच 275 करोड़ रुपये की धनराशि से 590 सरकारी सहायता प्राप्त विद्यालयों को योजना के अंतर्गत आच्छादित किया गया है।
11.20 AM UP Vidhan Sabha LIVE Update: उत्तर प्रदेश विधानसभा का बजट सत्र राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के भाषण के साथ शुरू हुआ, विपक्षी विधायकों की नारेबाजी के बीच। राज्यपाल ने कहा कि राज्य में छह करोड़ लोगों को गरीबी से मुक्ति मिली है।
11.00 AM UP Vidhan Sabha LIVE Update: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधानसभा सत्र की महत्वपूर्ण व्यस्तताओं के बीच अपने सरकारी आवास पर 'जनता दर्शन' कार्यक्रम का आयोजन किया। विधानसभा जाने से पहले मुख्यमंत्री विभिन्न जिलों से आए नागरिकों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात की और उनकी समस्याओं के समाधान का भरोसा दिया। इस दौरान सीएम का सख्त रुख भू-माफियाओं के खिलाफ दिखा तो वहीं बीमारों और बच्चों के प्रति उनका संवेदनशील पक्ष भी सामने आया।
10.40 AM UP Vidhan Sabha LIVE Update: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि विधानसभा का बजट सत्र शुरू हो रहा है और सरकार हर विषय पर चर्चा के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश एक रेवेन्यू सरप्लस स्टेट बन चुका है, जो प्रदेश की मजबूत आर्थिक स्थिति को दर्शाता है। उत्तर प्रदेश में तेजी से विकास हो रहा है और सरकार का फोकस समग्र विकास, बेहतर कानून व्यवस्था और जनकल्याण पर है। उन्होंने विपक्ष से भी सदन में सार्थक चर्चा करने और प्रदेश के विकास में सहयोग करने की अपील की।
10. 35 AM UP Vidhan Sabha LIVE Update: सपा सदस्य हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर विधानसभा के अंदर से चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा के समक्ष पहुंचे और इस दौरान सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं विधान परिषद सदस्य राजेंद्र चौधरी ने कहा कि सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है। सपा सदस्य विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के मुद्दे को लेकर मुखर थे। विपक्षी दल के सदस्य हाथों में ''सबको हक, सबको अधिकार, पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) की ही बहेगी बयार'', ''युवा को काम दिलाओ, बेरोजगारी हटाओ'' और ''विकास के नाम पर विनाश, भाजपा से नहीं है कोई आस' जैसे नारे लिखी तख्तियां थीं। सपा सदस्यों के पहुंचने से पहले वहां राज्यपाल की अगवानी और 'गार्ड ऑफ ऑनर' के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया था, लेकिन सपा सदस्य पुलिस घेरा पार करते हुए प्रतिमा स्थल तक पहुंचे और प्रदर्शन शुरू कर दिया।
10.25 AM UP Vidhan Sabha LIVE Update: सपा विधायकों ने विधानसभा के मुख्य द्वार के बाहर चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा के सामने धरना प्रदर्शन किया। विधायक हाथों में तख्तियां लेकर विधानसभा पहुंचे और जमकर सरकार विरोधी नारेबाज़ी करते रहे।उ नके हाथों में एसआईआर विरोधी पोस्टर थे और उन पर फार्म 7 बंद करने के नारे लिखे हुए थे। साथ ही एक पोस्टर पर लिखा था, 'दिन-दहाड़े, लूट और मार, भाजपा सिर्फ करती प्रचार।'
9.50 AM UP Vidhan Sabha LIVE Update: उत्तर प्रदेश विधानसभा का आज से बजट सत्र शुरू होने जा रहा है। सत्र के पहले ही दिन सरकार 11 विधेयक मंजूरी के लिए लाएगी। विपक्ष ने भी खास तैयारी कर रखी है। एसआईआर के साथ ही अमेरिका से व्यापार समझौते और कानून व्यवस्था पर सरकार को घेरने की तैयारी है।
लेखक के बारे में
Pawan Kumar Sharmaपवन कुमार शर्मा पिछले चार वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हैं। डिजिटल मीडिया में काम करते हुए वह उत्तर प्रदेश की राजनीति, क्राइम, सरकारी योजनाओं और टूरिज्म से जुड़े मुद्दों पर नियमित रूप से लिखते हैं। इससे पहले पवन एबीपी न्यूज के साथ बतौर फ्रीलांसर काम कर चुके हैं। पवन ने नई दिल्ली स्थित भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से रेडियो एवं टेलीविजन पत्रकारिता की पढ़ाई की है। इससे पहले क्राइस्ट चर्च कॉलेज, कानपुर से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया। ग्राउंड रिपोर्टिंग और अकादमिक समझ के साथ पवन तथ्यात्मक, संतुलित और पाठक-केंद्रित समाचार लेखन करते हैं।
और पढ़ें


