UP Assembly 18 Feb Highlights: कांग्रेस ने उठाया पुलिस बर्बरता का मामला, सुरेश खन्ना बोले- धरना प्रदर्शन…

Feb 18, 2026 09:29 pm ISTSrishti Kunj लाइव हिन्दुस्तान, लखनऊ
share Share
Follow Us on

UP Assembly 18 Feb Highlights: विधानसभा में कांग्रेस ने बुधवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर मंगलवार को किए गए बर्बर लाठीचार्ज का मुद्दा उठाया। इस पर वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि कांग्रेस को धरना प्रदर्शन की जरूरत ही क्या थी।

UP Assembly 18 Feb Highlights: कांग्रेस ने उठाया पुलिस बर्बरता का मामला, सुरेश खन्ना बोले- धरना प्रदर्शन…

UP Assembly 18 Feb Highlights: विधानसभा में कांग्रेस ने बुधवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर मंगलवार को किए गए बर्बर लाठीचार्ज का मुद्दा उठाया। कांग्रेस की अराधना मिश्रा मोना ने कहा कि पुलिस ने शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर लाठी चार्ज किया है। केंद्र सरकार को मनरेगा का नया कानून लाई है उसे खत्म किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि क्या राज्य सरकार अपना 40 फीसदी अंश देगी। क्या किसी को धरना-प्रदर्शन की भी इजाजत नहीं है। पूरे प्रदेश में कांग्रेसी नेताओं को हाउस अरेस्ट कर दिया गया। इस पर नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पाण्डेय ने कहा कि सरकार अधिनायक वाद की ओर बढ़ रही है।

इस पर वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि कांग्रेस को धरना प्रदर्शन की जरूरत ही क्या थी। सुरेश खन्ना ने चुटकी लेते हुए कहा कि कांग्रेसियों को इसीलिए घर पर रोक दिया गया कि वे धूप में परेशान न हों। उन्होंने कहा कि मेरा 37 वर्ष का कार्यकाल इस सदन में हो गया है। अधिकांश समय में विपक्ष में ही रहा हूं। कांग्रेस ने तो मेरे ऊपर उस व्यक्ति की हत्या का मुकदमा दर्ज करवा दिया था जिसे मैंने कभी देखा तक नहीं था। मुकदमा 12 वर्ष तक चला।

UP Vidhan Sabha Highlights Updates

UP Vidhan sabha LIVE Updates, 6.45 बजे: नेता प्रतिपक्ष लाल बिहारी यादव ने कहा कि आउटसोर्सिंग कर्मचारी और सरकारी कर्मचारी के वेतन में बहुत बड़ा अंतर होता है। आउटसोर्सिंग कर्मचारी को 8-10 हजार रुपये मानदेय मिलता है, उसमें से भी ठेकेदार ले लेता है। न आरक्षण दिया जाता है और न नौकरी की गारंटी है। जवाब में श्रम मंत्री अनिल राजभर ने कहा कि प्रतिपक्ष के साथी जब सत्ता में रहते हैं तो न बाबा साहेब याद आते हैं न ही संविधान की याद आती है। आरक्षण पर भी मौन हो जाते हैं। सत्ता से बाहर होने पर सब याद आने लग जाता है। ये आउट सोर्सिंग की व्यवस्था हम नहीं लाए हैं, सपा की सरकार थी तब इतनी खराब व्यवस्था को खत्म क्यों नहीं किया गया। हम आउट सोर्सिंग निगम बनाने जा रहे है ताकि कोई उत्पीड़न न कर सके।

UP Vidhan sabha LIVE Updates, 6.35 बजे: शून्यकाल में सपा के डा. मानसिंह, आशुतोष सिन्हा, शाहनवाज खान तथा बलराम यादव समेत नेता प्रतिपक्ष लाल बिहारी यादव ने काम रोको प्रस्ताव के तहत इस मुद्दे को उठाया। आशुतोष सिन्हा ने कहा कि सरकार पूरी तरह से निजीकरण और आउटसोर्सिंग के काम लग गई है। सभी विभागों में बड़ी संख्या में पद खाली हैं। उनको न भरकर सरकार आउटसोर्सिसिंग पर भर्तियां करवा रही है। इसमें आरक्षण की व्यवस्था खत्म हो जाती है, जो कि हमें बाबा साहब ने दिया था। बीमा, पेंशन और अन्य कोई सुविधा नहीं मिलती। नाम मात्र का मानदेय दिया जाता है। वहीं डा. मान सिंह यादव ने कहा कि सरकार प्रदेश के बेरोजगारों के साथ धोखा और छलावा कर रही है। भारतीय जनता पार्टी की मंशा रोजगार देने की कतई नहीं है।

UP Vidhan sabha LIVE Updates, 6.30 बजे: निजीकरण के मुद्दे पर विधान परिषद में बुधवार को सपा-भाजपा सदस्यों के बीच जमकर नोंकझोंक हुई। इस दौरान दोनों पक्ष एक-दूसरे के कार्यकाल की खामियां गिनाते रहे। बाद में सपा सदस्यों ने गलत तथ्य पेश करने का आरोप लगाया और नारेबाजी करते हुए सदन से बहिर्गमन कर गए।

UP Vidhan sabha LIVE Updates, 6.00 बजे: विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने निर्देश दिए हैं कि अधिकारी जनप्रतिनिधियों का पूरा सम्मान करें। उनके मोबाइल फोन रिसीव करें और पूरा जवाब दें। यदि अधिकारियों द्वारा विधायकों के बारे में दिए गए आदेशों का अनुपालन नहीं किया जाता है तो अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सतीश महाना ने बुधवार को यह फैसला नियम-300 से तहत दी गई सूचना पर सुनाया है।

UP Vidhan sabha LIVE Updates, 5.40 बजे: सदन में पक्ष विपक्ष के बीच हंगामा हो गया। राज प्रसाद उपाध्याय ने जय श्री राम, हर हर महादेव और वंदे मातरम के नारे लगाए। उन्होंने योगी सरकार की जमकर तारीफ की। बजट को गरीबी के हितों मे बताया।

UP Vidhan sabha LIVE Updates, 3.20 बजे: पंकज सिंह ने दादरी में घटी घटना का जिक्र करते हुए एसडीआरएफ की इकाई स्थापित किए जाने की मांग की। साथ ही ट्रॉमा और बर्न यूनिट की भी जरूरत बताई। उन्होंने आगे कहा कि यूपी के बजट का आकर देखने के बाद पाकिस्तान की लोकसभा में भी हाहाकार है।

UP Vidhan sabha LIVE Updates, 3.10 बजे: भाजपा विधायक पंकज सिंह ने नोएडा में हिंडन नदी के फ्लड क्षेत्र में बने आवासों को बिजली कनेक्शन देने को मांग की। उन्होंने कहा कि भले ही सशर्त दिया जाए लेकिन कनेक्शन दिया जाए। 2013-14 से कनेक्शन नहीं दिए जा रहे।

UP Vidhan sabha LIVE Updates, 3.00 बजे: उत्तर प्रदेश विधान परिषद के सदस्य विजय बहादुर पाठक ने नियम 110 के अंतर्गत जनहित से जुड़े एक महत्वपूर्ण विषय बच्चों में तेजी से बढ़ रहे फोन एडिक्शन पर चर्चा के लिए सूचना दी। सभापति ने इस विषय को गंभीर मानते हुए सरकार को प्रभावी कार्यवाही के लिए प्रेषित कर दिया।

UP Vidhan sabha LIVE Updates: बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह ने इस पर जवाब दिया कि बेसिक शिक्षा विभाग के लिए शिक्षामित्रों की सेवाएं अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। शिक्षामित्रों की ग्राम पंचायतों में तैनाती को लेकर कहा कि अभी प्रदेश में एसआईआर का काम जारी है जिसमें शिक्षामित्र अपना दायित्व निभा रहे हैं। एसआईआर का काम पूरा होते ही उनकी ग्राम पंचायतों में तैनाती हो जाएगी। इस संबंध में हमारी सरकार ने आदेश जारी कर दिया है। वहीं, शिक्षामित्रों, शिक्षकों और अनुदेशकों को पांच लाख तक के कैशलेस इलाज की मांग को भी सरकार ने मंजूर कर लिया है। वहीं, शिक्षामित्रों के मानदेय बढ़ाने को लेकर बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री संदीप सिंह ने कहा कि जब सपा की सरकार थी तो 2012 से 17 तक शिक्षामित्रों का मानदेय बढ़ाने का कोई निर्णय नहीं लिया गया। जब हमारी सरकारी आई तो उनका मानदेय 3500 रुपये था जिसे बढ़ाकर 10 हजार रुपये कर दिया गया। शिक्षामित्रों के प्रति हमारी सरकार संवेदनशील हैं। सरकार आगे भी शिक्षामित्रों के हित में निर्णय लेगी।

UP Vidhan sabha LIVE Updates: शिक्षामित्रों की नियुक्ति को लेकर सवाल भी उठे। ओम प्रकाश की ओर से सवाल उठे शिक्षामित्रों के लिए कमेटी बनी वो कमेटी कब कार्रवाई करेगी। उन्होंने पूछा कि शिक्षामित्रों के मानदेय, कैशलेस चिकित्सा सुविधा और ग्राम पंचायत में तैनाती के संबंध में क्या काम किया जा रहा है।

UP Vidhan sabha LIVE Updates: इसके जवाब में वित्तमंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि खादी आश्रम की जमीन को सपा सरकार में कुछ लोगों को समझौते के तहत दिया गया था जिसे अब सरकार ने अपने पक्ष में अधिग्रहीत करने का मन बनाया है। मामले में लीगल ओपीनियन ली जा रही है जिन लोगों को जमीन दी गई थी उन्होंने कॉलेज बनाने की बात की थी पर नहीं बनाया। अब सरकार अपने पक्ष में जमीन अधिग्रहीत करने के लिए काम कर रही है।

UP Vidhan sabha LIVE Updates: नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय ने मेरठ में गांधी आश्रम है और उसकी मात्र संस्था है जिसके पास प्रॉपर्टी है। जमीन पर कई लोग अतिक्रमण कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जमीन पर लगातार कब्जे की कोशिश की जा रही है। जिसके विरोध में लोग कई साल से धरने पर बैठे हैं। इस मामले में जांच के बाद कार्रवाई नहीं हुई। जमीन हमारे पूर्वजों के खून-पसीने की है। इस पर चर्चा की जाए जिससे कि वस्तुस्थिति सामने आ सके। अतुल प्रधान ने भी कहा कि मामले में कई एफआईआर और जांच हुई लेकिन भूमाफियाओं ने कब्जा कर रखा है।

UP Vidhan sabha LIVE Updates: कल विधानसभा में मुद्दा उठा था कि अफसर विधायकों के फोन नहीं उठाते। इसपर विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने कहा कि नेताओं का फोन न उठाने पर कार्रवाई होगी। ऐसे अफसरों पर कार्रवाई हो। विधानसभा में सतीश महाना ने कहा कि फोन न उठाने या जवाब न देने पर कड़ी कार्रवाई होगी।

UP Vidhan sabha LIVE Updates: शिवपाल की नाराजगी पर ऊर्जा मंत्री ने कहा कि अब सत्य कहूंगा और सत्य के अलावा कुछ नहीं कहूंगा। 2017 में यूपी में 1 करोड़ 80 लाख उपभोक्ता थे और आज 3 करोड़ 72 लाख उपभोक्ता हैं। भारत सरकार ने विद्युत वितरण कंपनियों का सर्वे किया तो सभी कंपनियों के काम में सुधार हुआ है। ट्रांसफॉर्मर जलने की तीव्रता कम हो गई है। इसपर काम जारी है।

UP Vidhan sabha LIVE Updates: डॉ आरके वर्मा ने शायरी के साथ शुरुआत की। उन्होंने कहा कि प्रतिदिन जलने वाला बिजली का ट्रांसफॉर्मर पूछ रहा भाजपा की सरकार से कि मैं कैसे जला? ओवरलोड से जला हूं या घटिया सामग्री से जला हूं या कमिशन की आग से जला हूं? यूपी की जनता कह रही है मंत्री जी के भाषण में करंट 1000 वोल्ट का और जनता के घर पहुंचे अंधेरा कोल्ड स्टोर का। उन्होंने सवाल किया कि बस्तियों में लगे ओवरलोड ट्रांसफॉर्मर और जर्जर विद्यूत तार कब ठीक होंगे।

UP Vidhan sabha LIVE Updates: इसके बाद एक बार फिर डॉ रागिनी ने सवाल उठाया कि 48 लाख विधवा महिलाओं को 300 यूनिट बिजली मुफ्त देंगे या नहीं? इस पर ऊर्जा मंत्री ने कहा कि समाज के सभी लोगों के लिए कल्याणकारी योजनाएं हैं।

UP Vidhan sabha LIVE Updates: ऊर्जा मंत्री के जवाब पर सपा नेता शिवपाल सिंह यादव ने नाराजगी जताई और कहा कि वो असत्य बोलते हैं। वो कह रहे हैं कि सपा सरकार में कुछ काम नहीं हुआ है। वो अधिक बोल रहे हैं। हमने कोई पाप नहीं किया है।

UP Vidhan sabha LIVE Updates: इस पर ऊर्जा मंत्री ने कहा कि सपा को साफ होने से कोई नहीं बचा सकता। बचना चाहते हों तो इधर आ जाएं। दिव्यांगजन, वृद्ध और बीपीएल हमारे लिए संवेदनशील विषय हैं। सरकार इन वर्ग के लोगों को स्वास्थ्य, बिजली और अन्य कल्याणकारी योजनाएं उपलब्ध करवा रही है। ऐसे लोगों की संख्या राज्य में करीब 3 करोड़ 72 लाख है जिन्हें कम दाम पर मुफ्त बिजली दी जा रही है। ऊर्जा मंत्री के जवाब पर सपा नेता शिवपाल सिंह ने नाराजगी जताई और कहा कि मंत्री असत्य बोलते हैं कि 2017 के पहले कुछ काम ही नहीं हुआ है।

UP Vidhan Sabha LIVE Updates: सपा नेता डॉ. रागिनी सोनकर ने ऊर्जा मंत्री से सवाल किया कि क्या सरकार 300 यूनिट फ्री बिजली दिव्यांगजन, वृद्ध, विधवा महिलाओं और बीपीएल को देगी? डॉ रागिनी ने कहा कि सदन में मंत्री का चेहरा अलग है और क्षेत्र में अलग। अधिकारियों को डराते हैं। सदन में अधिकारियों की नाकामी क्यों नहीं गिनवाते हैं।

UP Vidhan Sabha LIVE Updates: एके शर्मा ने कहा कि अगर कोई भी क्षेत्र विद्युतीकरण से पिछड़ा है तो उसकी जानकारी दी जाए जिससे वहां भी बिजली आपूर्ती करवाई जाए।

UP Vidhan Sabha LIVE Updates: जगदीश नारायण ने सवाल उठाया कि बिजली की आपूर्ती ठीक से नहीं हो पा रही है इसको निपटाने के लिए क्षेत्रों को चिन्हित करने का कार्य कैसे करते हैं? इस पर मंत्री ने जवाब दिया कि जनता की मांग और खपत के अनुसार चिन्हित किया जाता है। साथ ही भविष्य की मांग के अनुसार इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार होता है।

UP Vidhan Sabha LIVE Updates: अध्यक्ष सतीश महाना ने इसके बाद चुटकी लेते हुए कहा कि अतुल प्रधान मिल गया न ऊत्तर। वहीं, ओमप्रकाश की ओर से इसपर सवाल उठा तो अध्यक्ष ने कहा कि आपका और एके शर्मा का व्यक्तिगत मामला है। आप अपनी रिश्तेदारी और दोस्ती बाहर करिए।

UP Vidhan Sabha LIVE Updates: यूपी विधानसभा सत्र के दौरान सपा नेता व ऊर्जा मंत्री एके शर्मा के बीच किसानों को मुफ्त बिजली देने पर तकरार हो गई। आरोप लगे हैं कि किसानों बिजली मुफ्त देने की बात असत्य है। ऊर्जा मंत्री ने कहा कि 2017 से पहले किसानों को 10 लाख बिजली कनेक्शन दिए गए थे। हमने सिर्फ नौ वर्षों में आठ लाख से ज्यादा बिजली कनेक्शन दिए और किसानों को मुफ्त बिजली दी जा रही है। मुफ्त बिजली देने का काम सपा सरकार में नहीं योगी सरकार में हुआ है।

UP Vidhan Sabha LIVE Updates: इस सवाल के जवाब में मंत्री ने कहा कि किसानों के लिए सिंच्चाई की बिजली मुफ्त है। 15,64,219 नलकूप हैं और इसमें 10 लाख से किसानों ज्यादा ने पंजीकरण करवाया है। जिन्होंने पंजीकरण नहीं करवाया है उनसे भी बिजली नहीं वसूली जा रही है। किसानों को मुफ्त बिजली दी जा रही है।

UP Vidhan Sabha LIVE Updates: सदन में मुफ्त नलकूप योजना में किसानों को बाहर करने और शामिल न होने पर सवाल उठे। इसके बाद मुफ्त बिजली, गांवों और शहरों में लाइनों की शिफ्टिंग का काम और तार-ट्रांसफॉर्मर चोरी का मुद्दा भी उठा। ओटीएस स्कीम को लेकर सवाल किया कि इसमें न जुड़ने वालो लेकर सरकार क्या काम करेगी।

UP Vidhan Sabha LIVE Updates: इसके जवाब में नगर विकास मंत्री एके शर्मा ने कहा कि ऐसे नवविस्तारित क्षेत्रों के लिए हमारी योजनाएं हैं और 2017 के बाद विस्तार हुए क्षेत्रों के लिए योजना है जिसके तहत बताया है कि कितना खर्च हुआ है।

UP Vidhan Sabha LIVE Updates: इसके बाद सवाल उठा कि क्या नगर विकास मंत्री बताने की कृपा करेंगे कि प्रदेश के नगर निगमों में बाद में जोड़े गए विस्तारित क्षेत्रों/गाँवों में आधारभूत सुविधाओं का अभाव होने के कारण ऐसे नव-विस्तारित क्षेत्रों के समग्र विकास हेतु सरकार की क्या नीति है तथा क्या इनके लिए अलग से समयबद्ध योजना और बजटीय प्रावधान किया गया है?

UP Vidhan Sabha LIVE Updates: यूपी कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना ने इस पर जवाब देते हुए कहा कि ये योगी जी की सरकार है ये सपा की सरकार नहीं है। सपा सरकार में गांवों की सड़कों का नवीनीकरण 8 साल में होता था। योगी सरकार में ये समय 5 साल कर दिया गया। जहां ज्यादा सवारी चलती है वहां मरम्मत जल्दी करवाया जाता है। साथ ही मंत्री ने आंकड़ों के साथ समझाया कि किस विधानसभा में कितना विकास या नवीनीकरण हुआ।

UP Vidhan Sabha LIVE Updates: सदन की शुरुआत के साथ ही खराब सड़कों को लेकर मुद्दा उठा। विधायक ने कहा कि यूपी में बनी पुरानी सड़कें भी गड्ढों में तबदील है। समझ नहीं आता सड़कों में गड्ढे हैं या गड्ढों में सड़के हैं। बरसात के बाद ये सड़के स्वीमिंग पूल में बदल जाती है। ग्रामीण संपर्क मार्ग भी पूर्ण रूप से टूटे हैं। मार्गों के नवीनीकरण का काम होगा या नहीं।

Srishti Kunj

लेखक के बारे में

Srishti Kunj

सृष्टि कुंज लाइव हिन्दुस्तान में लगभग 6 वर्षों से यूपी की टीम संग काम कर रही हैं। एक दशक से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय सृष्टि ने जर्नलिज्म एंड मास कॉम में डिग्री लेकर पंजाब केसरी ग्रुप की डिजिटल टीम के साथ अपने करियर की शुरुआत की थी। सृष्टि ने इंडिया न्यूज के साथ भी लंबे समय तक काम किया। 2020 से वह उत्तर प्रदेश की राजनीति, क्राइम, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य बीटों से जुड़ीं खबरें लिखती हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करे| पाएं Lucknow news , Prayagraj News , Varanasi News , Gorakhpur News , Kanpur News , Aligarh News से जुड़ी ताजा खबरें हिंदी में |