कफ सिरप तस्करी का सरगना शुभम जायसवाल भगोड़ा घोषित, जारी होगा रेड कॉर्नर नोटिस
कफ सिरप तस्करी के सरगना शुभम जायसवाल के खिलाफ मंगलवार देर रात कोर्ट की अवमानना में मुकदमा दर्ज किया गया। अदालत ने 30 दिन के अंदर उसे पेश होने का आदेश जारी किया था। मुकदमा दर्ज होने के साथ ही शुभम को भगोड़ा घोषित कर दिया गया है। 19 नवंबर को भदवर में दो करोड़ रुपये की कफ सिरप बरामद की गई थी।

कफ सिरप तस्करी के सरगना शुभम जायसवाल के खिलाफ मंगलवार देर रात कोर्ट की अवमानना में मुकदमा दर्ज किया गया। अदालत ने 30 दिन के अंदर उसे पेश होने का आदेश जारी किया था। मुकदमा दर्ज होने के साथ ही शुभम को भगोड़ा घोषित कर दिया गया है। 19 नवंबर को भदवर में दो करोड़ रुपये की कफ सिरप बरामद की गई थी। मामले में रोहनिया पुलिस ने सिगरा के बादशाह बाग कॉलोनी निवासी शुभम जायसवाल, उसके पिता भोला प्रसाद, आजाद जायसवाल, गाजियाबाद के सौरभ त्यागी, शिवानंद समेत अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। शुभम जायसवाल की अब तक गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
रोहनिया इंस्पेक्टर राजू सिंह ने बताया कि फास्ट ट्रैक कोर्ट-14 की ओर से 27 फरवरी को शुभम के खिलाफ धारा 84 की उद्घोषणा का नोटिस जारी किया गया था। इसके तहत उसे 30 दिन के अंदर पेश होने का आदेश जारी हुआ था। 30 दिन में पेश न होने पर मंगलवार देर रात विवेचक एसआई दिनेश त्रिपाठी की तहरीर पर केस दर्ज किया गया। इंस्पेक्टर राजू सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज किए जाने के साथ ही शुभम को भगोड़ा घोषित कर दिया गया है।
लगेगी चार्जशीट, जारी होगा रेड कॉर्नर नोटिस !
शुभम जायसवाल को भगोड़ा घोषित किए जाने के साथ ही रोहनिया पुलिस अब उसके खिलाफ चार्जशीट दाखिल कर सकेगी। इसके बाद दुबई में छिपे शुभम के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी कर प्रत्यर्पण की प्रक्रिया में तेजी लाने में मदद मिलेगी।
अमित सिंह टाटा, आलोक सिंह की पेशी नहीं हो सकी
लखनऊ जेल में बंद आरोपी अमित सिंह टाटा और आलोक सिंह के खिलाफ कोतवाली थाने में केस दर्ज हैं। दोनों आरोपियों को एफटीसी-14 कोर्ट में पेश किया जाना था। सुरक्षा कारणों से उनकी पेशी नहीं हो सकी। पेशी के लिए नई तारीख देने के लिए कोर्ट में प्रार्थना-पत्र दिया है।
वैभव से हवाला के 22 लाख मिले, जेल
कफ सिरप तस्करी में सोमवार को गिरफ्तार सरगना शुभम जायसवाल के करीबी बर्तन कारोबारी वैभव जायसवाल के पास हवाला के 22 लाख रुपये बरामद हुए। पुलिस ने मंगलवार को उसे एफटीसी कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया। सिंडिकेट से जुड़े पांच लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
दारानगर निवासी बर्तन कारोबारी वैभव जायसवाल और हिरासत में पांच लोगों से पूछताछ में हवाला कारोबारियों का बड़ा रैकेट सामने आया है। यह सिर्फ कफ सिरप तस्करी के सरगना शुभम जायसवाल के काले धन को सफेद नहीं करता था, बल्कि हवाला के पैसे को तमाम कारोबार में लगाता था। वैभव जायसवाल समेत कई लोग 15-20 फीसदी कमीशन पर काम करते थे। कफ सिरप और शराब तस्करी के अलावा नशे के कारोबार से कमाए गए पैसे का भी वे प्रबंधन करते थे। मामले में सिगरा, परेड कोठी और पंचक्रोशी चौराहे से आरोपियों को उठाया गया।
लेखक के बारे में
Srishti Kunjसृष्टि कुंज एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें मीडिया इंडस्ट्री में एक दशक से अधिक का अनुभव है। वर्तमान में वह लाइव हिन्दुस्तान में कार्यरत हैं। उन्होंने पंजाब केसरी ग्रुप के नवोदय टाइम्स और इंडिया न्यूज जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों के साथ काम किया है, जहां उन्होंने नेशनल और दिल्ली डेस्क के लिए कंटेंट क्रिएशन और मल्टीमीडिया स्टोरीटेलिंग में अपनी स्किल्स को निखारा है। सृष्टि कुंज लाइव हिन्दुस्तान में लगभग 6 वर्षों से यूपी की टीम संग काम कर रही हैं। 2020 से वह हिन्दुस्तान डिजिटल के लिए उत्तर प्रदेश की राजनीति, क्राइम, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य बीटों से जुड़ीं खबरें लिखती हैं। सृष्टि ने अपनी स्कूलिंग के बाद एनिमेशन की पढ़ाई की और फिर बतौर एनिमेटर एक विदेशी गेम के लिए कैरेक्टर डिजाइनिंग की। इसके बाद सृष्टि ने मॉस कम्यूनिकेशन और जर्नलिजम में स्नातक की डिग्री हासिल की। एक दशक से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय सृष्टि ने जर्नलिज्म एंड मास कॉम में डिग्री लेकर पंजाब केसरी ग्रुप के दिल्ली संस्करण नवोदय टाइम्स की डिजिटल टीम के साथ अपने करियर की शुरुआत की थी। 3 साल नवोदय टाइम्स से जुड़े रहने के बाद सृष्टि ने इंडिया न्यूज की डिजिटल टीम (इनखबर) की नेशनल डेस्क के साथ भी काम किया। 2020 से सृष्टि लाइव हिन्दुस्तान की डिजिटल टीम के साथ अब ट्रेंड्स के अनुसार पाठकों तक यूपी की हर खबर को पहुंचा रही हैं।
और पढ़ें

