
वाराणसी में अग्नीवीर भर्ती रैली, पहले दिन लिपिक और ट्रेडमैन अभ्यर्थियों की परीक्षा
यूपी के वाराणसी में अग्नीवीर रैली के पहले दिन लिपिक और ट्रेडमैन के अभ्यर्थियों ने दम दिखाया। शुक्रवार रात 12 बजे के बाद से छावनी स्थित रणबांकुरे मैदान में रिपोर्टिंग शुरू की गई थी। पहले दिन सभी 12 जनपदों के 1028 अभ्यर्थियों को रैली के लिए बुलावा था।
यूपी के वाराणसी में छावनी स्थित सेना भर्ती कार्यालय के रणबांकुरे मैदान में शनिवार अलसुबह अग्निवीर भर्ती के तहत पहले दिन लिपिक और ट्रेडमैन पदों के लिए रैली हुई। कुल 12 जनपदों आजमगढ़, बलिया, चंदौली, देवरिया, गाजीपुर, गोरखपुर, जौनपुर, मऊ, मिर्जापुर, भदोही, सोनभद्र और वाराणसी से 1028 अभ्यर्थियों को बुलाया गया था। अभ्यर्थियों को शुक्रवार की रात 12 से 2 बजे के बीच जरूरी दस्तावेजों के साथ मैदान में रिपोर्ट करना था। इन अभ्यर्थियों ने 1.6 किमी रेस समेत अन्य शारीरिक परीक्षाओं में भाग लिया। सफल अभ्यर्थियों का मेडिकल परीक्षण भी किया गया। असफल हुए युवकों को बस से रेलवे स्टेशन और रोडवेज तक छोड़ा गया। दूसरे दिन 9 नवंबर को इन्हीं जनपदों से टेक्निकल पदों के साथ शेष बचे क्लर्क पदों के कुल 1030 अभ्यर्थी को बुलावा है।

सेना भर्ती कार्यालय की ओर से आयोजित यह रैली 8 से 21 नवंबर तक चलेगी। इस बार अग्नीवीर भर्ती रैली में अभ्यर्थियों को पदवार बुलाया गया है। सेना भर्ती कार्यालय के निदेशक कर्नल शैलेश कुमार ने बताया कि आजमगढ़, बलिया, चंदौली, देवरिया, गाजीपुर, गोरखपुर, जौनपुर, मऊ, मिर्जापुर, भदोही, सोनभद्र और वाराणसी के वे अभ्यर्थी इसमें शामिल होंगे, जिन्होंने लिखित परीक्षा उत्तीर्ण की है। आठ नवंबर को इन सभी 12 जिलों के क्लर्क और ट्रेडमैन पदों के अभ्यर्थियों की रैली हुई। इसके लिए कुल 1028 उम्मीदवारों को शामिल होने के लिए बुलाया था।
नौ नवंबर को टेक्निकल पदों के साथ क्लर्क पद के कुछ अभ्यर्थियों की भर्ती होगी, इस दिन कुल 1030 उम्मीदवार उपस्थित रहेंगे। दस नवंबर को केवल टेक्निकल पदों के लिए रैली आयोजित की जाएगी, जिसमें 1052 अभ्यर्थी शामिल होंगे। आखिरी चरण में 11 से 21 नवंबर तक जनरल ड्यूटी (जीडी) पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया चलेगी।
प्रवेश पत्र की रंगीन प्रति जरूरी भर्ती में प्रवेश पत्र की रंगीन प्रिंट कॉपी मान्य होगी। इस पर एक पासपोर्ट साइज फोटो लगाकर रैली में रात में ढाई बजे तक पहुंचना होगा। रैली में ये कागजात जरूरी रैली में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र, पासपोर्ट साइज रंगीन फोटो, सभी शैक्षणिक प्रमाण पत्र, निवास, जाति-धर्म प्रमाण पत्र, पुलिस चरित्र प्रमाण पत्र, विद्यालय चरित्र प्रमाण पत्र, ग्राम प्रधान या नगर निगम से जारी चरित्र प्रमाण पत्र, अविवाहित प्रमाण पत्र, पिता से संबंध दर्शाने वाला प्रमाण पत्र, पैन कार्ड, आधार कार्ड की मूल प्रतियां लाना अनिवार्य हैं। साथ ही इन सभी दस्तावेज की तीन-तीन सत्यापित छायाप्रतियां भी जमा करनी होंगी। जिनके पास एनसीसी या खेल संबंधी प्रमाण पत्र हैं, उन्हें भी साथ लाना होगा।





