25 दिन के दुधमुंहे बच्चे की दम घुटने से मौत, ठंड से बचाने के लिए मां ने ओढ़ाई थी रजाई
वाराणसी के मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के बेनीपुर गांव में शुक्रवार सुबह महज 25 दिन के नवजात की रजाई में दम घुटने से मौत हो गई। ठंड से बचाने के लिए मां ने बच्चे को सीने से लगाकर रजाई ओढ़ी थी, लेकिन सुबह होते-होते खुशियों से भरा घर मातम में बदल गया।

यूपी के वाराणसी से एक दर्दनाक मामला सामने आया है। जहां मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के बेनीपुर गांव में शुक्रवार की सुबह मात्र 25 दिन के दूधमुंहे बच्चे की रजाई में दम घुटने से मौत हो गई। घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। जानकारी के अनुसार सुधा देवी पत्नी राहुल कुमार, निवासी बेनीपुर की शादी लगभग दो वर्ष पूर्व हुई थी। 25 दिन पहले उन्हें पहली संतान के रूप में पुत्र की प्राप्ति हुई थी। हाल ही में बच्चे की बरही रस्म संपन्न हुई थी और घर में खुशियों का माहौल था।
गुरुवार रात मां ने बच्चे को दूध पिलाने के बाद सीने से लगाकर सुला लिया। ठंड अधिक होने के कारण मां ने स्वयं और बच्चे को रजाई ओढ़ ली और सो गई। सुबह जब नींद खुली तो देखा कि बच्चा अचेत अवस्था में है और कोई हरकत नहीं कर रहा। घबराई मां ने तुरंत परिजनों को सूचना दी।परिजन आनन-फानन में बच्चे को मोहनसराय (वाराणसी) स्थित एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद बच्चे को मृत घोषित कर दिया। यह सुनते ही मां बच्चे को सीने से लगाकर फूट-फूट कर रोने लगी। अस्पताल और बाद में घर पर भी भारी भीड़ जुट गई। घटना को सुनकर हर किसी की आंखें नम हो गईं।
बच्चे के पिता राहुल कुमार ने बताया कि शादी के तीसरे वर्ष में पहली संतान की प्राप्ति से घर में खुशियां आई थीं, लेकिन एक पल में सब कुछ मातम में बदल गया। परिजनों ने परंपरा के अनुसार बच्चे का अंतिम संस्कार गंगा नदी के तट पर विधि-विधान से किया।
दहेज के लिए 19 दिन के नवजात को मां से छीना, मुकदमा दर्ज
उधर, अलीगढ़ के चंडौस थाना क्षेत्र की एक महिला ने दहेज की मांग पूरी न होने पर प्रताड़ित करने और 19 दिन के नवजात बच्चे को जबरन छीनने का गंभीर आरोप लगाते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मथुरा को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। दरअसल, नगलापदम के माजरा रेसरा निवासी सरोज कुमारी ने मथुरा एसएसपी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उसकी शादी 23 जून 2024 को हिंदू रीति-रिवाज से छोटू उर्फ ज्ञानी के साथ हुई थी। पति, ससुराल पक्ष के अन्य लोग उसे दहेज के लिए प्रताड़ित करने थे। इस दौरान वह गर्भवती थी। 25 मार्च 2025 को उसने एक बेटे को जन्म दिया, लेकिन प्रसव के बाद उसे बच्चे के साथ एक दिन भी नहीं सोने दिया गया। आरोप है कि ससुराल पक्ष ने साजिश के तहत उसका बेटा उससे जबरन छीन लिया और अपने पास रख लिया। पीड़िता ने मथुरा एसएसपी से ससुराल पक्ष के सभी आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई कराने और उसे न्याय दिलाने की मांग की है।
लेखक के बारे में
Pawan Kumar Sharmaपवन कुमार शर्मा पिछले चार वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हैं। डिजिटल मीडिया में काम करते हुए वह उत्तर प्रदेश की राजनीति, क्राइम, सरकारी योजनाओं और टूरिज्म से जुड़े मुद्दों पर नियमित रूप से लिखते हैं। इससे पहले पवन एबीपी न्यूज के साथ बतौर फ्रीलांसर काम कर चुके हैं। पवन ने नई दिल्ली स्थित भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से रेडियो एवं टेलीविजन पत्रकारिता की पढ़ाई की है। इससे पहले क्राइस्ट चर्च कॉलेज, कानपुर से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया। ग्राउंड रिपोर्टिंग और अकादमिक समझ के साथ पवन तथ्यात्मक, संतुलित और पाठक-केंद्रित समाचार लेखन करते हैं।
और पढ़ें

