UP Top News: शराब की दुकान खुलवाने पर बवाल, सीएम योगी ने देवबंद को दी करोड़ों की सौगात
UP Top News: सपा ने I-PAC से नाता क्यों तोड़ा इसपर ओपी राजभर ने कहानी बताते हुए कहा कि ममता की हार के बाद डील तोड़ी गई। साथ ही उन्होंने अखिलेश यादव से भी सवाल किया। वहीं, कानपुर में रेलिंग तोड़कर बस नहर में गिर गई। हादसे के बाद खिड़कियों का शीशा तोड़कर यात्री बाहर निकाले गए।
UP Top News: ओपी राजभर ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सपा और I-PAC की फंडिंग पश्चिम बंगाल के कथित कोयला घोटाले से जुड़े पैसों से हो रही थी। लेकिन बंगाल में ममता की हार के बाद उन्होने ये डील तोड़ दी है। राजभर ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर जवाब मांगा है। कानपुर के बिधनू में गुरुवार सुबह एक निजी बस रामगंगा नहर की रेलिंग तोड़कर नहर में जा गिरी। बस में 18 यात्री सवार थे। हादसे के बाद पुलिस और स्थानीय लोगों ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर सभी को सुरक्षित निकाल लिया है। वहीं दूसरी ओर सहारनपुर पहुंचे सीएम योगी ने देवबंद को करोड़ों की सौगात दी।
सीएम योगी ने 325 परियोजनाओं का किया लोकापर्ण और शिलान्यास
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश में अब तुष्टीकरण नहीं, बल्कि संतुष्टिकरण की राजनीति को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले सरकारी संसाधनों का उपयोग कब्रिस्तानों की बाउंड्री वॉल, अवैध कब्जों और जातीय-साम्प्रदायिक समीकरणों को साधने में किया जाता था, जबकि वर्तमान सरकार उन्हीं संसाधनों को सड़क, विश्वविद्यालय, स्पोर्ट्स कॉलेज, आरसीसी ड्रेन, एक्सप्रेसवे तथा धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों के विकास जैसे जनहितकारी कार्यों में लगा रही है। योगी सहारनपुर में आयोजित 2,131 करोड़ रुपये की 325 विकास परियोजनाओं के शिलान्यास एवं लोकार्पण समारोह को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों के कार्यकाल में सरकारी धन का इस्तेमाल जातीय और सांप्रदायिक तुष्टीकरण से जुड़े कार्यों में अधिक होता था, जबकि वर्तमान सरकार उसी संसाधन को आधारभूत ढांचे और जनहित से जुड़ी परियोजनाओं पर खर्च कर रही है। उन्होंने कहा कि अब सड़क, विश्वविद्यालय, स्पोर्ट्स कॉलेज, आरसीसी ड्रेन, एक्सप्रेसवे तथा धार्मिक और पर्यटन स्थलों के विकास को प्राथमिकता दी जा रही है।
पीलीभीत में शराब की दुकान खुलवाने पर बवाल, पुलिस-महिलाओं में चली लाठियां
पीलीभीत जिले के कलीनगर क्षेत्र के सीमांत गांव बूंदीभूड़ में एक अप्रैल को कंपोजिट शराब की दुकान खोली गई थी। महिलाएं गांव में शराब की दुकान खुलने का विरोध कर रही थी। उनका कहना है कि गांव में दुकान होने से पढ़ने वाले बच्चों पर इसका विपरीत असर पड़ेगा। इसके अलावा दुकान पर अराजक तत्वों का भी जमावड़ा लगा रहेगा। इसको लेकर महिलाओं सहित कई ग्रामीणों ने डीएम से भी मुलाकात की थी। महिलाएं दुकान के बाहर एक महीने से धरना-प्रदर्शन कर रही थीं। महिलाओं के विरोध पर शराब की दुकान नहीं खुल सकी। गुरुवार को एसडीएम प्रमेश कुमार, तहसीलदार वीरेंद्र कुमार, सीओ डा. प्रतीक दहिया और जिला आबकारी अधिकारी कल्पनाथ रजक सहित कई थानों की फोर्स बूंदीभूड़ में शराब की दुकान खुलवाने पहुंचीं। अधिकारियों ने महिलाओं को समझाने का प्रयास किया। इसके बावजूद महिलाएं नहीं मानी। अधिकारियों की मौजूदगी में दुकान खोली गई। इससे महिलाओं में गुस्सा भड़क गया। आक्रोशित महिलाएं लाठी-डंडे लेकर दुकान में घुस गईं और तोड़फोड़ करने लगीं। महिलाओं ने शराब की पेटी और बोतलें दुकान के बाहर फेंक कर तोड़ डाली।
टीएमसी पार्ट टू व उसकी फोटोकॉपी है सपा : ब्रजेश पाठक
अयोध्या में महर्षि वाल्मीकि एयरपोर्ट पर स्वागत के बाद डिप्टी सीएम ने समाजवादी पार्टी को टीएमसी पार्ट-टू तथा उसकी फोटोकॉपी बताया। ब्रजेश पाठक ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस के शासन काल में जिस तरह से गुंडई, भ्रष्टाचार, अराजकता और दंगे होते थे। उसी प्रकार उत्तर प्रदेश में सपा भी तृणमूल कांग्रेस की पार्ट-टू थी। तृणमूल कांग्रेस की सपा फोटोकॉपी है, इसलिए वह पश्चिम बंगाल उनके आंसू पोछने के लिए गए है। उन्होंने कहा कि रामभक्तों पर गोली चलाना कोई साधारण बात है। आज भी मन द्रवित हो जाता है, ऐसी घटनाओं को याद करके। यूपी की जनता कभी सपा को माफ नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश विकास के पथ पर अग्रसर है। अग्रणी राज्य है। नौ वर्षो में उत्तर प्रदेश विकसित राज्य के रुप में स्थापित हो रहा है। 2027 में भाजपा 17 वाला इतिहास दोहराएगी। प्रचंड बहुमत के साथ भाजपा की सरकार बनेगी।
किसानों की आय बढ़ाने के लिए फल, सब्जियों का निर्यात बढ़ाने की जरूरत: शिवराज
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बृहस्पतिवार को कहा कि किसानों की आमदनी बढ़ाने, रोजगार सृजित करने और विदेशी मुद्रा कमाने के लिए भारत को फल और सब्जियों का निर्यात बढ़ाना होगा। चौहान ने लखनऊ में दो दिवसीय 'फ्रूट होराइजन 2026' कार्यक्रम के दौरान संवाददाताओं से कहा कि इस कार्यक्रम का आयोजन फलों का उत्पादन बढ़ाने, गुणवत्ता सुधारने और प्रसंस्करण के मूलभूत ढांचे को मजबूत करने के उद्देश्य से किया गया है। उन्होंने कहा, 'लखनऊ में दो दिवसीय 'फ्रूट होराइजन 2026' कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य फलों का उत्पादन बढ़ाना, गुणवत्ता सुधारना और खाद्य प्रसंस्करण की गतिविधियों को मजबूत करना है।' मंत्री ने कहा कि भारत कई तरह के फलों, खासकर आम का एक प्रमुख उत्पादक है। उन्होंने कहा, 'हम जिस मात्रा और गुणवत्ता के आम पैदा करते हैं उसकी दुनिया में कोई बराबरी नहीं है। चाहे आम हों, अंगूर हों, केले हों या लीची, हम इनके प्रमुख उत्पादकों में शामिल हैं। हालांकि हमारा निर्यात अब भी काफी कम है।' केंद्रीय कृषि मंत्री ने कहा कि सरकार चाहती है कि भारतीय फल और सब्जियां बड़े अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचें।
ट्रिपलिंग पड़ी जान पर भारी; बाइक से घर लौट रहे 3 भाइयों की सड़क हादसे में मौत
उन्नाव के सदर कोतवाली क्षेत्र के खटाई गांव निवासी 32 वर्षीय पिंटू और 30 वर्षीय सुशील सगे भाई थे। दोनों मंगलवार को गांव के चचेरे भाई 28 वर्षीय बब्लू के साथ बाइक से एक बारात गए थे। देर रात तीनों एक ही बाइक से घर लौट रहे थे। बाइक गौरा मोड़ के पास पहुंची तभी एक वाहन को ओवरटेक करने के प्रयास में सामने से आए लोडर से बाइक भिड़ गई। हादसे में तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
यूपी में जनगणना के पहले चरण का सीएम योगी ने किया शुभारंभ, बोले- सभी सही जानकारी दें
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को जनगणना-2027 के प्रथम चरण का शुभारंभ करते हुए कहा कि जनगणना केवल हेड काउंट नहीं, बल्कि समग्र और समावेशी विकास का मजबूत आधार है। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे जनगणना में सक्रिय सहभागिता करें और सही जानकारी उपलब्ध कराएं, ताकि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके। सीएम योगी ने कहा कि ‘हमारी जनगणना- हमारा विकास’ के संकल्प के साथ मकान सूचीकरण कार्य शुरू किया गया है।
यूपी गवर्नर ने डिजिटल तरीके से की जनगणना 2027 की शुरुआत
उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने बृहस्पतिवार को जनगणना-2027 के तहत डिजिटल माध्यम से अपनी जानकारी दर्ज कर स्व-गणना प्रक्रिया की शुरुआत की। 'जन भवन' (राज भवन) की ओर से जारी एक बयान के मुताबिक राज्यपाल ने डिजिटल पोर्टल पर अपनी जानकारी दर्ज कर स्व-गणना प्रक्रिया की शुरुआत की। राज्यपाल ने प्रदेश में स्वगणना पोर्टल की शुरुआत करते हुए भारत सरकार एवं राज्य सरकार को बधाई दी तथा प्रदेशवासियों से अपील की कि वे जनगणना अधिकारियों द्वारा मांगी जाने वाली जानकारी को पूर्ण, सही एवं तथ्यात्मक रूप से उपलब्ध कराएं, जिससे भविष्य में नागरिकों के हित में प्रभावी एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के निर्माण में सहायता मिल सके।
SUV से भाजपा का झंडा और हूटर उतारने पर भड़की बहनें; दारोगा के हाथ में काटा
कानपुर के कल्याणपुर में भाजपा का झंडा लगी एसयूवी से हूटर उतारने पर भड़की युवतियों ने थाने पर जमकर हंगामा काटा। महिला दारोगा के हस्तक्षेप करने पर युवतियों ने उसके हाथ में काट लिया। दरोगा की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
कानपुर में रेप कांड आरोपी के घर चला बुलडोजर; अवैध कब्जे को ढहाया
कानपुर के चर्चित बिधनू कठेरुआ के दुष्कर्म कांड के मुख्य आरोपी के अवैध कब्जे पर बुधवार को प्रशासन का बुलडोजर गरजा। जिला प्रशासन ने कार्रवाई के बाद खाली कराई गई भूमि ग्राम प्रधान की सुपुर्दगी में सौंप दी। 1.34 लाख की क्षतिपूर्ति भी आरोपित पर लगाई गई है।
लखनऊ रेल रूट पर किन्नरों का आतंक; पैसे नहीं देने पर मारपीट, लेडी गैंग भी एक्टिव
लखनऊ से गुजरने वाली ट्रेनों की जनरल और स्लीपर बोगियों में यात्री किन्नरों की वसूली से त्रस्त हैं। यात्रियों का कहना है कि ‘किन्नर’ यार्ड के पास से ट्रेन पर चढ़ते हैं और धमका कर वसूली करते हैं। पड़ताल में सामने आया कि इनमें ज्यादातर ‘नकली किन्नर’ हैं। ट्रेनों में किन्नरों का वसूली पर जोर एक खास वर्ग के यात्रियों पर ज्यादा रहता है। ये वो यात्री होते हैं कि दूसरे प्रदेशों से कमा कर लौट रहे होते हैं। इनसे वसूली के लिए किन्नर सारी हदें पार कर जाते हैं। पैसे न देने पर पहले तो उनसे अभद्रता करते हैं, फिर धमकाते हैं। मारपीट करने पर उतारू हो जाते हैं।
पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर फॉर्च्यूनर-एंबुलेंस की भिड़ंत, एक की मौत, दस घायल
पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर गुरुवार सुबह जयसिंहपुर थाना क्षेत्र में माइलस्टोन 143.400 के पास एक फॉर्च्यूनर कार और विपरीत दिशा से आ रही एंबुलेंस की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में एंबुलेंस सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि फॉर्च्यूनर में सवार दस लोग घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार गाजीपुर से लखनऊ जा रही फॉर्च्यूनर कार में सवार लोग माइलस्टोन 143.400 पर पहुंचे थे, तभी विपरीत दिशा से पेट्रोल पंप पर डीजल भरवाने जा रही एक निजी एंबुलेंस से जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में एंबुलेंस में सवार भोलू प्रकाश(36) पुत्र जयनाथ निवासी, ग्राम तजहा थाना सराय लखन, जिला मऊ गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें कोरल कंपनी की एंबुलेंस से वीरसिंहपुर अस्पताल भेजा गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से बाइक सवार चाची-भतीजा की मौत
सीतापुर में रामपुर कला इलाके में गुरुवार को तेज रफ्तार वाहन ने बाइक सवार को रौंद दिया। हादसे में चाची-भतीजा की मौत हो गई। हादसे के समय दोनों लखनऊ में भर्ती रिश्तेदार को देखने अस्पताल जा रहे थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
रामपुर कला के लोना निवासी विशाल पाण्डेय (19)अपनी चाची ज्ञाना देवी (60) के साथ गुरुवार को बाइक से जरूरी काम से जा रहा था। दोपहर करीब 12 बजे वह बिसवां महमूदाबाद रोड पर सिकंदराबाद के पास पहुंचे ही थे तभी तभी तेज रफ्तार वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर से बाइक सवार चाची-भतीजा उछलकर दूर जा गिरे। हादसे में चाची- भतीजा गंभीर रूप से चोटिल हो गए।
रेलवे ट्रैक किनारे युवक का शव मिला, नहीं हुई शिनाख्त
अम्बेडकरनगर में मालीपुर थाना क्षेत्र के खालिसपुर गांव के समीप रेलवे लाइन किनारे गुरुवार सुबह लगभग 30 वर्षीय अज्ञात युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। सूचना पर पहुंची मालीपुर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और युवक की शिनाख्त कराने का प्रयास शुरू कर दिया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गुरुवार सुबह कुछ ग्रामीण रेलवे ट्रैक के पास से गुजर रहे थे, तभी उनकी नजर ट्रैक किनारे पड़े युवक के शव पर पड़ी। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ इकट्ठा हो गई। सूचना तत्काल मालीपुर थाने को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की, लेकिन युवक की पहचान नहीं हो सकी।
भूमि घोटाले में एसआईटी के हत्थे चढ़ा एक आरोपी
आर्थिक अपराध अनुसंधान संगठन (ईओडब्ल्यू) ने गोंडा जिले में हुए भूमि घोटाले में खरगूपुर क्षेत्र के वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर फर्जी बैनामों के जरिए भूमि की हेराफेरी का आरोप है।
जिले में भू-माफिया का एक संगठित गिरोह सक्रिय था। गिरोह ने सरकारी और निजी जमीनों के फर्जी विलेख तैयार कर निबंधन कार्यालय सदर गोंडा के अभिलेखागार में सेंध लगाई। मूल अभिलेखों से छेड़छाड़ कर फर्जी विलेखों को असली रिकॉर्ड में शामिल कर दिया गया।
मामले का खुलासा तब हुआ जब सदर तहसील के सब-रजिस्ट्रार ने जांच की। जांच में तमाम फर्जी प्रकरण प्रमाणित पाए गए। इसके बाद थाना कोतवाली नगर इस संबंध में कई मुकदमे दर्ज हुए।
जिले में शुरू हुई जनगणना, डीएम-एसपी ने स्वगणना कर किया शुभारंभ
अमेठी जिले में गुरुवार को जनगणना अभियान का औपचारिक शुभारंभ किया गया। कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी संजय चौहान, पुलिस अधीक्षक सरवणन टी तथा जिला जनगणना अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी अर्पित गुप्ता ने स्वगणना कर अभियान की शुरुआत की। इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी ऑनलाइन माध्यम से अपनी-अपनी जानकारी भरते हुए प्रक्रिया में सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी अर्पित गुप्ता ने जनगणना की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस बार नागरिकों को स्वगणना की सुविधा दी गई है, जिसके माध्यम से लोग स्वयं ऑनलाइन पोर्टल पर अपनी व्यक्तिगत एवं पारिवारिक जानकारी दर्ज कर सकेंगे।
दो मोटरसाइकिलों की भिड़ंत में एक युवक की मौत
रायबरेली में बीती रात लगभग 12:00 बजे के करीब बछरावां- शिवगढ़ मार्ग मार्ग के तिलेड़ा गांव के पास दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। गंभीर रूप से घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया ।हालत नाजुक होने के कारण उसे लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर किया गया रास्ते में उसकी मौत हो गई।
क्षेत्र के गौतमन खेड़ा गांव का रहने वाला शिवकुमार 18 वर्ष पुत्र महादेव निमंत्रण में भवानीगढ़ शिवगढ़ गया था। वह वापस अपने घर लौट रहा था जैसे ही वह तिलेडां गांव के पास पहुंचा सामने आ रहे तेज रफ्तार मोटरसाइकिल सवार से उसकी भिड़ंत हो गई। हादसे के बाद दूसरा मोटरसाइकिल सवार मौके से फरार हो गया जबकि गंभीर रूप से घायल को अस्पताल भेजा। हायर सेंटर जाते हुए रास्ते में उसकी मौत हो गई।
बलरामपुर की तीन बेटियां एवरेस्ट पर परचम लहराने के लिए हुई रवाना
बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जनपद में जिला प्रशासन ने बेटियों की साहस को धार देने के लिए अभिवन पहल की है। इसमें कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय तथा परिषदीय स्कूलों की खेलकूद में कमाल दिखा चुकीं बेटियों को एवरेस्ट वेस्ट कैम्प पर पर्वतारोहण करने लिए गुरूवार को रवाना किया गया।
बेटियों को स्थानीय जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने हरा झंडा दिखाकर कलेक्ट्रेट से रवाना किया। 16 दिनों में ये तीनों बेटियां एवरेस्ट पर बलरामपुर का झंडा लहराकर वापस आएंगी। पर्वतारोहण के लिए कस्तूरबा एवं परिषदीय विद्यालय से एक-एक छात्रा का चयन किया गया है। पर्वतारोहण में प्रतिभाग करने के लिए बेटियों के अभिभावकों से सहमति पत्र लिया गया था।
यूपी बीमारू राज्य नहीं, सबसे ज्यादा नियुक्ति पत्र देने वाला प्रदेश: योगी
लोक भवन में आयुष व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास तथा दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में अपार संभावनाएं हैं। सभी लोग इस अवसर का बेहतर उपयोग करें।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि इस प्रदेश में 2017 से पहले जाति देखकर और पैसा लेकर भर्ती होती थी। युवा पलायन करते थे। यूपी बीमारू राज्य बन गया था, अराजकता की ओर चला गया था। हमारे युवाओं के समक्ष पहचान का संकट उत्पन्न हो गया था। अब परसेप्शन पूरी तरह बदल चुका है। उन्होंने कहा कि अब यूपी का नाम सुनकर सामने वाले का चेहरा चमक उठता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने प्रति व्यक्ति आय, वार्षिक बजट और अर्थव्यवस्था को 3 गुना किया है, अब हमें कोई बीमारू राज्य नहीं कहता। मुख्यमंत्री ने कहा कि यूपी सबसे ज्यादा नियुक्ति पत्र देने वाला प्रदेश बन गया है। सबसे ज्यादा एक्सप्रेसवे वाला प्रदेश, किसानों को सर्वाधिक इंसेंटिव देने वाला और युवाओं को सर्वाधिक अवसर देने वाला प्रदेश बन गया है।
घायलावस्था में बेहोशी हालत में मिला अधेड़
बहराइच में एक अधेड़ गंभीर रूप से घायलावस्था व बेहोशी की हालत में बुधवार दोपहर बाद गांव के बाहर सड़क पर पड़ा मिला। उसे आनन फानन में एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज लाए जाने पर चिकित्सकों ने भर्ती कर इलाज शुरू कर दिया है। अधेड़ बुधवार सुबह से लापता था। तलाश में पता न चलने पर बुधवार दोपहर में थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। वह सड़क दुर्घटना का शिकार हुआ, या उस पर जानलेवा हमला हुआ। इसके बीच गुत्थी उलझ गई है।
रामगांव थाने के नौतला गांव के बाहर बुधवार शाम इसी गांव निवासी गिरीश कुमार (50) पुत्र अमृत लाल गंभीर रूप से घायल व बेहोशी हालत में सड़क के किनारे पड़ा था। लोगों की सूचना पर उसे तलाश रहे परिजन आनन फानन में पहुंचे। एंबुलेंस से घायल को मेडिकल कालेज में लाकर भर्ती कराया गया है।
नवाबगंज में पेट्रोल खत्म होने पर पैदल जा रहे बाइक सवार को वाहन ने मारी टक्कर, युवक की मौत
गोण्डा-अयोध्या हाईवे पर शोभापुर गांव के निकट बुधवार देर रात किसी वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है। हादसे की सूचना पर युवक के घर में कोहराम मचा है।
बुधवार देर रात लगभग बारह बजे के क्षेत्र के लौव्वा वीरपुर गांव के रहने वाले वीरेन्द्र यादव (30) पुत्र विजय बहादुर यादव अपने छोटे भाई इन्द्रजीत के साथ अयोध्या से बाइक से लौट रहे थे। कस्बे के कोल्ड स्टोर तिराहे के निकट उनकी बाइक का पेट्रोल समाप्त हो गया। इसके बाद दोनो भाई पैदल ही बाइक लेकर तिराहे से कुछ दूर आगे स्थित पेट्रोल पम्प के तरफ जा रहे थे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार चौपहिया वाहन ने वीरेन्द्र को जोरदार टक्कर मार दी मार दी। हादसे मे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
संदिग्ध परिस्थितियों में आम के पेड़ से लटकता मिला अधेड़ का शव
अमेठी में थाना क्षेत्र के काजीपुर ग्राम पंचायत अंतर्गत निरहीगढ़ गांव के पास स्थित जल जीवन मिशन की टंकी के निकट बुधवार की देर शाम करीब सात बजे एक अधेड़ का शव आम के पेड़ से गमछे के सहारे लटकता मिला। घटना की सूचना फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज मामले की जांच शुरू कर दी है ।
मृतक की पहचान गांव निवासी राम विलास पासी (50) पुत्र छीटू के रूप में हुई। बताया जा रहा है कि ग्रामीणों ने टंकी के पास स्थित आम के पेड़ पर शव लटकता देखा तो तत्काल इसकी जानकारी पुलिस व परिजनों को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची।
सरयू में स्नान करने आए तीन दोस्त डूबे, खोज जारी
अयोध्या में सरयू नदी में स्नान करने आए तीन दोस्त एक साथ डूब गए। तीनों अभी लापता हैं। बताया जा रहा है कि तीनों एक साथी के जन्मदिन मनाने के बाद बस्ती से सुबह अयोध्या आए थे। डूबने वाले युवकों के बचे साथियों के मुताबिक उनके रोकने के बाद भी तीनों आगे बढ़ते गए। तीनों दुर्गा गंज मांझा की सीमा तक चले गये। राम पैड़ी पम्प हाउस के सामने रेता में काफी दूर जा चुकी नदी में घटना हुई। तीनों युवक अभिषेक, अमित व राज गुप्ता की आयु लगभग 19-20 वर्ष है।
SBI बैंक मैनेजर से साइबर ठगी, ये लालच देकर शातिरों ने लूट लिए 42 लाख रुपये
साइबर ठगों ने अब बैंक के मैनेजर को ही निशाना बना लिया। शेयर बाजार में अधिक मुनाफा कमाने के लालच में एसबीआई के एक मैनेजर साइबर ठगों के जाल में फंस गए और 42.50 लाख रुपये गंवा बैठे।
सात फेरों से पहले मंडप में दो दुल्हनों की एंट्री, दिनभर चली पंचायत, रात में लौटी बारात
संभल के देऊपुरा गांव में बुधवार को एक शादी समारोह तब चर्चा का विषय बन गया जब सात फेरों के समय मंडप में एक साथ दो दुल्हनें आकर बैठ गईं। इस नजारे को देख दूल्हा भड़क गया और उसने केवल तय युवती से ही शादी करने की शर्त रखी।
अब अखिलेश यादव को पूड़ी खिलाने वाली दलित अंजलि के परिवार पर आफत, पिता का डिमोशन
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव को आंबेडकर जयंती पर भंडारे की पूड़ी खिलाने वाली दलित छात्रा अंजलि के पिता को सुपरवाइजर से सफाईकर्मी बना दिया गया है। अंजलि ने इसे राजनीतिक प्रतिशोध बताते हुए कहा कि अखिलेश के लिए 100 नौकरियां कुर्बान हैं।