Hindi NewsUP Newsup top news today bihar election inpact yogi in sonbhadra akhilesh yadav bjp vs sp mayawati bsp weather crime politics
UP Top News Today: दो दिवसीय दौरे पर लखनऊ पहुंचे रक्षा मंत्री, संघ के प्रचारकों व विहिप ने अयोध्या में डेरा डाला

UP Top News Today: दो दिवसीय दौरे पर लखनऊ पहुंचे रक्षा मंत्री, संघ के प्रचारकों व विहिप ने अयोध्या में डेरा डाला

संक्षेप: रक्षामंत्री राजनाथ सिंह दो दिवसीय दौरे पर शनिवार को अपने संसदीय क्षेत्र लखनऊ पहुंचे। एयरपोर्ट पर डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने आगवानी की। उधर, श्रीराम जन्मभूमि में ध्वजारोहण समारोह की चल रही तैयारियों के बीच संघ के प्रचारक और वीआईपी अयोध्या पहुंचे हैं। 

Sat, 15 Nov 2025 08:25 PMAjay Singh लाइव हिन्दुस्तान
share Share
Follow Us on

UP Top News: रक्षामंत्री राजनाथ सिंह दो दिवसीय दौरे पर शनिवार को अपने संसदीय क्षेत्र लखनऊ पहुंचे। एयरपोर्ट पर डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने आगवानी की। सदर स्थित संस्कृत विद्यालय सभागार में वरिष्ठ कार्यकर्ताओं और प्रबुद्धजन संवाद में रक्षामंत्री ने बिहार में एनडीए की जीत पर बधाई दी। राजनाथ ने कहा कि जनता ने देखा कि बिहार की सरकार में भ्रष्टाचार नहीं है और हमको फिर बिहार की सत्ता सौंप दी। इस बार जनता ने बिहार में एनडीए को प्रचंड बहुमत दिया है। राजनाथ सिंह ने बेहद उत्साह में कहा कि बिहार के परिणाम को 2027 में उत्तर प्रदेश में भी दोहराया जाएगा। बिहार के लोग भी यह देख रहे हैं कि नितीश के नेतृत्व में कैसे हमारा प्रदेश आगे बढ़ रहा है। पूरे विश्व में आज भारत की प्रतिष्ठा बढ़ी है।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

उधर, श्रीराम जन्मभूमि में ध्वजारोहण समारोह की चल रही तैयारियों को लेकर व्यवस्था की कमान संभालने के लिए संघ के वरिष्ठ प्रचारकों के अलावा विश्व हिन्दू परिषद के केन्द्रीय टीम के कार्यकारी अध्यक्ष आलोक कुमार सहित अन्य पदाधिकारियों की टीम ने यहां डेरा डाल दिया है। इन सभी के साथ एक दिन पूर्व हुए समन्वय बैठक में अलग-अलग विभागों के प्रभारी के रूप में अलग-अलग प्रचारकों एवं विहिप के केन्द्रीय पदाधिकारियों को नियुक्त कर दिया गया है। यह सभी पदाधिकारी अपनी-अपनी टोलियों के साथ समन्वय कर सम्बन्धित कामों को अंजाम तक पहुंचाएंगे।

पढ़ें यूपी की टॉप न्यूज

मोदी सरकार में एक भी आतंकी बख्शा नहीं जाएगा: स्वतंत्र देव सिंह

सिकंदराबाद में सरदार पटेल जयंती के अवसर पर शनिवार को आयोजित एकता यात्रा में शामिल हुए प्रदेश के जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार में आतंकवादियों के प्रति शून्य सहनशीलता की नीति अपनाई गई है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार में एक भी आतंकी को बख्शा नहीं जाएगा। देश की सुरक्षा सर्वोपरि है और एजेंसियां लगातार आतंकियों के नेटवर्क पर शिकंजा कस रही हैं। मंत्री ने कहा कि कई प्रधानमंत्री आए, लेकिन पहली बार देश में नक्सलवाद जड़ से समाप्ति की ओर है। उन्होंने दावा किया कि सरकार की कड़ी कार्रवाई और सुरक्षा एजेंसियों की सक्रियता से आतंक और नक्सलवाद दोनों पर निर्णायक प्रहार हुआ है। एकता यात्रा का शुभारंभ न्यू लांसर स्कूल से हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह मौजूद रहे। उनके साथ पूर्व केंद्रीय मंत्री व सांसद डॉ. महेश शर्मा, राष्ट्रीय सचिव व राज्यसभा सांसद सुरेंद्र नागर तथा बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम के संयोजक विधायक लक्ष्मीराज सिंह रहे। एकता यात्रा न्यू लांसर स्कूल से प्रारंभ होकर गुलावठी रोड स्थित वालसन कॉलेज पर जाकर संपन्न हुई। यात्रा में स्कूली बच्चों, स्थानीय नागरिकों तथा भाजपा कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

सीएम योगी ने सोनभद्र को दी करोड़ों की सौगात, 432 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास

मुख्यमंत्री योगी शनिवार को सोनभद्र पहुंचे। वह चोपन में आयोजित जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम में शामिल हुए। दो घंटे प्रवास के दौरान योगी ने अफसरों के साथ बैठक भी की। प्रोटोकाल के मुताबिक सीएम सुबह साढ़े 11 बजे चोपन स्थित रेल कर्मचारी इंटर कॉलेज प्रांगण में बने हेलीपैड पर उतरे। कैंपस में ही जनजातीय गौरव दिवस एवं बिरसा मुंडा की जयंती पर राष्ट्रीय जनजातीय भागीदारी उत्सव में शामिल हुए। मंच से ही मुख्यमंत्री ने जिले में 548 करोड़ की 432 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इसके बाद अफसरों संग कानून व्यवस्था और विकास कार्यों पर चर्चा की।

अतीक के करीबी रहे भू-माफिया पर बड़ा ऐक्शन, 80 करोड़ की जमीन खाली कराई

जमीन से खातेदारों के नाम निरस्त कर, इसे ग्राम सभा के नाम पर दर्ज कर दिया गया है। राजस्व निरीक्षक- क्षेत्रीय लेखपाल को शासकीय भूमि की सुरक्षा सुनिश्चित करने का आदेश दिया गया है। 80 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की भूमि को फिर से ग्राम सभा के नाम पर दर्ज कर ग्राम सभा की भूमि की सुरक्षा सुनिश्चित की गयी।

पूरी खबर यहां पढ़ें: अतीक के करीबी रहे भू-माफिया पर बड़ा ऐक्शन, 80 करोड़ की जमीन खाली कराई

पति ने बेडरूम तक में लगाए कैमरे, रिकॉर्ड करता था सब कुछ; पत्नी ने खोली कलई

पति ने घर के अंदर सीसीटीवी कैमरे लगवा दिए। बेडरूम और किचेन तक को नहीं छोड़ा। इसका पता चलने पर जब पत्नी ने आपत्ति की तो पति आगबबूला हो गया। मारपीट कर उसे घायल कर दिया। इसके बाद महिला ने थाने पहुंचकर पति के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने महिला का मेडिकल करा केस दर्ज किया।

पूरी खबर यहां पढ़ें: पति ने बेडरूम तक में लगाए कैमरे, रिकॉर्ड करता था सब कुछ; पत्नी ने खोली कलई

शातिर अंदाज में बैंक मैनेजर को ही ठगा, लाखों वसूलकर दी जान से मारने की धमकी

यूपी के प्रयागराज में प्राइवेट बैंक मैनेजर से धोखाधड़ी कर 49.70 लाख रुपये की ठगी करने और रुपये वापस मांगने पर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने रुपये के लेनदेन का विवाद बताते हुए जांच करने की बात कही है।

पूरी खबर यहां पढ़ें: शातिर अंदाज में बैंक मैनेजर को ही ठगा, लाखों वसूलकर दी जान से मारने की धमकी

बिहार चुनाव के नतीजों का यूपी पर पड़ेगा असर, भाजपा Vs सपा; किसे मिली क्या चुनौती?

भाजपा के लिए कार्यकर्ताओं में बिहार जैसी ऊर्जा भरना चुनौती भी होगा। वहीं, वोट चोरी के आरोपों और पीडीए के नारे के सहारे मिशन-2027 में जुटी सपा के लिए भी बिहार में तमाम कोशिशों के बाद राजद की बड़ी हार चुनौती के रूप में सामने आई है। भाजपा कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर शुरू से ही उसे निशाने पर लेती रही।

पूरी खबर यहां पढ़ें: बिहार चुनाव के नतीजों का यूपी पर पड़ेगा असर, भाजपा Vs सपा; किसे मिली क्या चुनौती?

दिल्ली धमाके से 3 दिन पहले छोड़ी पौने 2 लाख सैलरी वाली नौकरी, कौन है डॉ. परवेज?

दिल्ली में लालकिला के पास हुए कार विस्फोट से ठीक तीन दिन पहले डॉ. परवेज ने विश्वविद्यालय की नौकरी भी छोड़ दी थी। अचानक सात नवंबर को ई-मेल भेजकर त्यागपत्र दे दिया। नौकरी छोड़ने से पूर्व वह आतंकी संगठन जैश के आकाओं से डॉ. शाहीन के साथ भेंट कर चुका था।

वो मेरी बीवी है शादी की तो तुझ पर तेजाब डालूंगा... दबंग ने खुलेआम धमकी देकर मंगेतर को भेजे लड़की के अश्लील फोटो

यूपी में आगरा के देवरी रोड, सदर निवासी एक युवती और उसके परिजन दहशत में है। इलाके के दबंग युवक ने शादी तुड़वाने को युवती के अश्लील फोटो उसके मंगेतर को भेज दिए।

सैलरी बैंक खाते को भूले पूर्व सैनिक के साथ 14 साल बाद ‘चमत्कार’, 1600 छोड़े थे मिले 22 लाख

जिंदगी का वह भूला हुआ पन्ना 14 साल बाद उस समय पलटा, जब बैंक अधिकारी उनके दरवाजे पर पहुंचे। अधिकारी ने उन्हें बताया कि उनके पुराने खाते में 22 लाख रुपये जमा हैं। फिर जो हुआ, वह पूर्व वायु सैनिक के लिए किसी चमत्कार से कम नहीं रहा। उनकी तरह कई लोगों को उनके अधिकार की रकम मिली।

मां की सहेली से प्यार और फिर मर्डर; नोएडा में प्रेमी ने बस में सिर-हाथ काट फेंकी थी प्रेमिका की लाश

नोएडा पुलिस ने 6 नवंबर को नाले में सिर और हाथ काटकर फेंके गए महिला के शव के मामले का शुक्रवार को पर्दाफाश कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। शादीशुदा प्रेमी ने ब्लैकमेलिंग से तंग आकर बस के अंदर महिला की हत्या की थी। मृतका आरोपी की सहेली थी।

UP Weather: ठंड के साथ आज से बढ़ सकती है गलन, मौसम विभाग ने जारी किया शीतलहर का अलर्ट

यूपी में शनिवार से बेहद ठंडे दिन शुरू हो सकते हैं। मौसम विभाग ने शीतलहर का अलर्ट जारी किया है। आने वाले दिनों में निचले तापमान में भारी गिरावट हो सकती है। ऐसे में गलन का स्तर बहुत बढ़ जाएगा, सर्द हवाओं से कई तरह के खतरे भी रहेंगे।

यूपी की अन्य खबरें और पल-पल की अपडेट्स जानने के लिए बने रहिए ‘लाइव हिन्दुस्तान’ के साथ।

Ajay Singh

लेखक के बारे में

Ajay Singh
अजय कुमार सिंह दो दशक से अधिक अनुभव वाले वरिष्ठ पत्रकार हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से की और टीवी होते हुए अब डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय हैं। राजनीति, स्वास्थ्य, शिक्षा और पर्यावरण से जुड़ीं खबरों को गहराई से कवर किया है। फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में असिस्टेंट एडिटर हैं और उत्तर प्रदेश की राजनीति और क्राइम खबरों पर विशेष फोकस रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करे| पाएं Lucknow news , Prayagraj News , Varanasi News , Gorakhpur News , Kanpur News , Aligarh News से जुड़ी ताजा खबरें हिंदी में |