UP TOP NEWS TODAY: पीएम मोदी ने नेशनल वॉलीबॉल चैंपिशनशिप का किया उद्घाटन, मथुरा पहुंचे भागवत
UP TOP NEWS TODAY: वाराणसी में पीएम मोदी ने 72वीं सीनियर नेशनल वॉलीबॉल चैंपियनशिप का आगाज किया।उधर, आरएसएस के सरसंघचालक मोहन भागवत रविवार सुबह मथुरा पहुंचे।

UP TOP NEWS TODAY 4 January: उत्तर प्रदेश में देश की धार्मिक, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक राजधानी काशी ने खेल जगत में नया इतिहास रच दिया। सिगरा स्थित नवनिर्मित डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम में 4 से 11 जनवरी तक आयोजित 72वीं सीनियर नेशनल वॉलीबॉल चैंपियनशिप उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री योगी ने कहा आज खेल समय बर्बादी का नहीं बल्कि जीवन की सफलता का माध्यम है। इस अवसर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 72वीं सीनियर नेशनल वॉलीबॉल चैंपियनशिप के शुभारंभ कार्यक्रम में सभी खिलाड़ियों का स्वागत है। उन्होंने कहा, ''प्रधानमंत्री जी, यह आपकी अविनाशी काशी भव्य आयोजन के लिए तैयार है।'' सबसे पहले प्रधानमंत्री जी का हृदय से स्वागत करते हुए आभार व्यक्त किया।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के सरसंघचालक मोहन भागवत रविवार सुबह मथुरा पहुंचे। कोहरे के कारण उनकी ट्रेन 'तेलंगाना एक्सप्रेस' अपने निर्धारित समय से करीब एक घंटा देरी से सुबह 6:30 बजे जंक्शन रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक पर पहुंची। सुरक्षा के कड़े इंतजाम संघ प्रमुख के आगमन को लेकर रेलवे स्टेशन और आसपास के इलाकों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों के साथ-साथ जिला प्रशासन और पुलिस के आला अधिकारी मौके पर मुस्तैद रहे। ट्रेन से उतरने के बाद मोहन भागवत कड़ी सुरक्षा के बीच सड़क मार्ग से सीधे वृंदावन के लिए रवाना हो गए। वृंदावन में संघ की महत्वपूर्ण कार्यकारिणी की बैठक 5 जनवरी से शुरू होकर 11 जनवरी तक चलेगी। संघ प्रमुख इस दौरान 10 जनवरी तक वृंदावन में ही प्रवास करेंगे। सूत्रों के अनुसार, इस महत्वपूर्ण बैठक में शामिल होने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के भी आने की संभावना है।
उधर, बस्ती के हरैया थाना क्षेत्र के बिहरा सेमरहिया गांव में स्थित एक टेंट हाउस के गोदाम में रविवार की भोर में भीषण आग लग गई, जिससे भारी नुकसान हुआ। आग की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन आग की लपटों के सामने हर कोई बेबस नजर आया। बताया जा रहा है कि यह गोदाम बस्ती के ‘कमल टेंट हाउस’ का है, जहां बड़े कार्यक्रमों के लिए टेंट, कुर्सी, पंडाल और अन्य सामान रखा जाता था। इसी टेंट हाउस का एक अन्य गोदाम भी हरैया थाना क्षेत्र के बिहरा गांव में स्थित है, जहां से कार्यक्रमों के लिए सामान का आवागमन होता है। रात करीब 3 बजे गोदाम में मौजूद कर्मचारियों ने अचानक धुआं निकलते देखा। जब तक वे कुछ समझ पाते, आग विकराल रूप ले चुकी थी। इसके बाद तत्काल फायर ब्रिगेड और पुलिस को सूचना दी गई।
यूपी की टॉप न्यूज़ यहां पढ़ें
27 लाख बेटियों का संवर रहा भविष्य, कन्या सुमंगला योजना पर योगी सरकार ने खर्च किए 647 करोड़
बालिकाओं के कल्याण और सशक्तिकरण को लेकर यूपी में मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना चलाई जाती है। इस योजना के द्वारा लगभग 27 लाख बेटियों का भविष्य सशक्त हो रहा है। योजना का उद्देश्य प्रदेश में लैंगिक समानता स्थापित करना, कन्या भ्रूण हत्या पर रोक लगाना और बालिकाओं के जन्म के प्रति समाज में सकारात्मक सोच विकसित करना है।
पूरी खबर यहां पढ़ें: 27 लाख बेटियों का संवर रहा भविष्य, कन्या सुमंगला योजना पर योगी सरकार ने खर्च किए 647 करोड़
माघ मेले में रील का तड़का, सोनम चाय वाली से लेकर गुटखा और दातून गर्ल का वीडियो वायरल
2025 के महाकुम्भ के बाद हो रहे पहले माघ मेला के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। सिलीगुड़ी से चाय बेचने आई सोनम के साथ ही दातून और गुटखा गर्ल के वीडियो खूब देखे जा रहे हैं। संगम किनारे चाय का कंटेनर लेकर घूमती सोनम राज की सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर खूब रील बना रहे हैं। हालांकि लाइव हिन्दुस्तान किसी भी वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
यहां पढ़ें पूरी खबर: माघ मेले में रील का तड़का, सोनम चाय वाली से लेकर गुटखा और दातून गर्ल का वीडियो वायरल
गलतफहमी या गहरी दरार? कानपुर भाजपा में धड़ेबंदी खुलकर आई सामने
यूपी के कानपुर में पार्षदों और महापौर के बीच चल रही तू-तू, मैं-मैं को भाजपा के तमाम जिम्मेदार इसे जरा सी ‘गलतफहमी’ बता रहे हैं। इस ‘गलतफहमी’ में परिवारवाद का आरोप उछल चुका है। भ्रष्टाचार का इशारे हैं। शक्ति प्रदर्शन है। धड़ेबंदी के सारे पैंतरे आजमाए जा रहे हैं। लेकिन शहर में भाजपा के तमाम जिम्मेदार इसे जरा सी ‘गलफहमी’ बता रहे हैं। एक माननीय तो ऐसी भी हैं जिन्होंने कहा, ‘नगर निगम में क्या चल रहा, कुछ पता नहीं।’ बाकी सबको भी नगर निगम में सब चंगा दिख रहा है। यह बात अलग है कि शहर में अलावों से ज्यादा चिनगारियां महापौर-पार्षद टकराव में छूट रहीं हैं।
पूरी खबर यहां पढ़ें: गलतफहमी या गहरी दरार? कानपुर भाजपा में धड़ेबंदी खुलकर आई सामने
गंगा के प्रदूषण ने ली डॉल्फिन की जान, पोस्टमार्टम में खुलासा- डैमेज हो गया था लिवर
कानपुर के जाजमऊ पुल के पास मृत मिली डॉल्फिन की मौत गंगा में प्रदूषण से हुई है। पोस्टमार्टम में इस बात के संकेत डॉक्टरों को मिले हैं क्योंकि डॉल्फिन का लिवर डैमेज हो चुका था। फिलहाल, डॉल्फिन का विसरा जांच के लिए भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट ही डॉल्फिन की मौत का सच बयां करेगी, फिलहाल बिसरा सुरक्षित रखा गया है।
पूरी खबर यहां पढ़ें: गंगा के प्रदूषण ने ली डॉल्फिन की जान, पोस्टमार्टम में खुलासा- डैमेज हो गया था लिवर
कुदरत का करिश्मा: डॉक्टरों ने मृत घोषित किया, घर पर फ्रिजर में रखने के बाद हो गया जिंदा
उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले से एक ऐसी हैरतअंगेज घटना सामने आई है, जिसने सभी को हैरान कर दिया है। कोई इसे कुदरत का करिश्मा बोल रहा है तो कोई डॉक्टरों की गंभीर लापरवाही कह रहे हैं। गुरसहायगंज कस्बे में एक व्यक्ति को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया था। लोग शव घर लाए और फ्रीजर में रखकर रिश्तेदारों का इंतजार करने लगे तो अचानक मृत घोषित व्यक्ति जिंदा हो गया। इस 'चमत्कार' को देखकर जहां परिजनों की आंखों से बहते आंसू खुशी में बदल गए, वहीं इलाके में यह घटना चर्चा का केंद्र बन गई है।
पूरी खबर यहां पढ़ें: डॉक्टरों ने मृत घोषित किया, घर पर फ्रिजर में रखने के बाद हो गया जिंदा
UP Weather: भीषण ठंड से कांपे यूपी के 11 शहर, 38 शहरों के लिए मौसम विभाग की यह चेतावनी
उत्तर प्रदेश में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। शनिवार को प्रदेश के 11 प्रमुख शहरों में रात का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। बर्फीली हवाओं के चलते दिन के तापमान में भी भारी गिरावट आई है, जिससे लोग दिनभर ठिठुरने को मजबूर रहे। कई शहरों में दिन भर सूरज के दर्शन नहीं हुए। वहीं, मौसम विभाग ने 38 शहरों में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया।
पूरी खबर यहां पढ़ें: भीषण ठंड से कांपे यूपी के 11 शहर, 38 शहरों के लिए मौसम विभाग की यह चेतावनी
संभल में बुलडोजर एक्शन से पहले ही लोगों ने खुद हटाई अवैध मस्जिद
यूपी के संभल के असमोली थाना क्षेत्र में ग्राम समाज की जमीन पर बनी मदीना मस्जिद को लेकर प्रस्तावित प्रशासनिक कार्रवाई से पहले ही मुस्लिम समाज के लोगों ने जिम्मेदारी दिखाते हुए शनिवार को स्वयं ढांचा हटाने की पहल शुरू कर दी। शनिवार को हथौड़ों से दीवारें तोड़ी गईं और निर्माण में लगा सामान सुरक्षित निकाल लिया गया, ताकि ध्वस्तीकरण के दौरान अधिक नुकसान न हो।
पूरी खबर यहां पढ़ें: संभल में बुलडोजर एक्शन से पहले ही लोगों ने खुद हटाई अवैध मस्जिद
संगम तट पर कल्पवास शुरू, लाखों श्रद्धालुओं ने शुरू की एक महीने की कठिन साधना
मां गंगा की गोदी में सबकी अपनी कामना, सबका अपना भक्ति-भाव। तंबुओं की नगरी में टेंट की बनी एक छोटी सी कुटिया, जिसमें सीमित सामग्री में सिमटी सकल गृहस्थी। शयन के लिए एक कोने में जमीन पर बिछा पुआल, दूसरे कोने में रसोई और एक कोने में चौकी पर विराजित रामचरित मानस, शंख और भगवान विष्णु का आसान। न कोई सांसारिक मोह-माया न ही कोई खेती-पाती की चिंता। अभिलाषा यही कि जब तक शरीर साथ दे पतित पावनी मां गंगा के निमित्त जीवन समर्पित रहे। जीवन-मृत्यु के बंधन से मुक्ति मिले। इसी भक्ति-भाव और अक्षय पुण्य की कामना के साथ माघ मास के पहले स्नान पर्व पर शनिवार को लगभग पांच लाख श्रद्धालुओं ने कल्पवास का संकल्प लिया।
पूरी खबर यहां पढ़ें: संगम तट पर कल्पवास शुरू, लाखों श्रद्धालुओं ने शुरू की एक महीने की कठिन साधना
पुलिस ने दूध विक्रेता को दी थर्ड डिग्री, तलवों पर मारे डंडे, नाखून उखड़ा
यूपी के आगरा के से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां किरावली में किसान के पैर तोड़ने के मामले में पुलिस के खिलाफ मुकदमा दर्ज नहीं हुआ था। इसके बाद 2 जनवरी को छत्ता थाना क्षेत्र की जीवनी मंडी चौकी पुलिस ने फिर बर्बरता दिखाई। एक दूध विक्रेता को बेरहमी से पीटा गया। तलवों पर डंडे बरसाए गए, जिससे उसके पैर के अंगूठे का नाखून उखड़ गया। पीड़ित की चीख-पुकार पर भी पुलिस कर्मियों को दया नहीं आई। बाद में शांतिभंग में चालान कर दिया गया। पीड़ित का कसूर सिर्फ इतना था कि उसने अपना टेंपो साथ ले जाने से इनकार कर दिया था। वजह यह थी कि वह टेंपो चलाना नहीं जानता।
पूरी खबर यहां पढ़ें: पुलिस ने दूध विक्रेता को दी थर्ड डिग्री, तलवों पर मारे डंडे, नाखून उखड़ा
हिंदू और सनातियों की जीत है; केकेआर से मुस्तफिजुर रहमान की विदाई पर बोले संगीत सोम
भाजपा के फायर ब्रांड नेता और पूर्व विधायक संगीत सोम ने आईपीएल की कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) टीम से बांग्लादेश के खिलाड़ी मुस्तफिजुर रहमान की विदाई पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इसे सनातनियों की जीत कहा है। दरअसल, हाल ही में संगीत सोम ने शाहरुख खान को गद्दार कहा था।
पूरी खबर यहां पढ़ें: हिंदू और सनातियों की जीत है; केकेआर से मुस्तफिजुर रहमान की विदाई पर बोले संगीत सोम
लेखक के बारे में
Pawan Kumar Sharmaपवन कुमार शर्मा पिछले चार वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हैं। डिजिटल मीडिया में काम करते हुए वह उत्तर प्रदेश की राजनीति, क्राइम, सरकारी योजनाओं और टूरिज्म से जुड़े मुद्दों पर नियमित रूप से लिखते हैं। इससे पहले पवन एबीपी न्यूज के साथ बतौर फ्रीलांसर काम कर चुके हैं। पवन ने नई दिल्ली स्थित भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से रेडियो एवं टेलीविजन पत्रकारिता की पढ़ाई की है। इससे पहले क्राइस्ट चर्च कॉलेज, कानपुर से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया। ग्राउंड रिपोर्टिंग और अकादमिक समझ के साथ पवन तथ्यात्मक, संतुलित और पाठक-केंद्रित समाचार लेखन करते हैं।
और पढ़ें

