UP TOP News Today: पीएम मोदी के कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर योगी ने की बैठक, मुठभेड़ में 50 हजार का इनामी ढेर

Dec 21, 2025 01:44 pm ISTPawan Kumar Sharma लाइव हिन्दुस्तान
share Share
Follow Us on

UP TOP News Today: भाजपा के प्रदेश मुख्यालय में 25 दिसंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर बैठक करते मुख्यमंत्री योगी ने बैठक की। उधर, बुलंदशहर की पुलिस टीम के साथ शनिवार देर रात हुई मुठभेड़ में मेरठ का 50 हजार का इनामी बदमाश आजाद ढेर हो गया। 

UP TOP News Today: पीएम मोदी के कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर योगी ने की बैठक, मुठभेड़ में 50 हजार का इनामी ढेर

UP TOP News Today 21 December 2025: भाजपा के प्रदेश मुख्यालय में 25 दिसंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बैठक की। इस मौके पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक तथा महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह मौजूद रहे।

बुलंदशहर जिले के थाना कोतवाली देहात और थाना गुलावठी पुलिस टीम के साथ शनिवार देर रात हुई मुठभेड़ में मेरठ का 50 हजार का इनामी बदमाश आजाद ढेर हो गया। जबकि उसका साथी अंधेरे का लाभ उठा कर भागने में सफल रहा। मुठभेड़ के दौरान एक पुलिसकर्मी भी घायल हुआ है। फरार हुए बदमाश की तलाश में पुलिस की तीन टीम कांम्बिग कर रही हैं। मुठभेड़ में मारे गए बदमाश पर यूपी उत्तराखंड दिल्ली में विभिन्न स्थानों में लूट, डकैती, चोरी, गैंगस्टर के 47 मुकदमे दर्ज हैं।

उधर, एटा में दरोगा सहित तीन पुलिसकर्मी और दो अन्य आरोपियों पर अधिवक्ता के घर में घुसकर डकैती का आरोप लगा है। आरोप है कि अधिवक्ता की गैरमौजूदगी में घर में घुसकर पुलिसकर्मी और साथ आए लोग हजारों की नकदी, जेवर, सामान लूटकर ले गए। शिकायत के बाद भी कार्रवाई न होने पर अधिवक्ता ने कोर्ट के आदेश पर कोतवाली नगर में रिपोर्ट दर्ज कराई है।

यूपी की टॉप न्यूज पढ़ें

सीएम योगी ने यूपी को-ऑपरेटिव एक्सपो-2025 का किया शुभारंभ

लखनऊ में आयोजित युवा सहकार सम्मेलन एवं यूपी को-ऑपरेटिव एक्सपो-2025 के शुभारंभ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रदेश के अंदर भंडारण, ऊर्जा, इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए भी कॉपरेटिव क्षेत्र में व्यापक परिवर्तन हमको देखने को मिला है। भारत सरकार की विभिन्न योजनाएं हैं। उनके माध्यम से कोटवा पांडे एम-पैक्स ने 1500 मीट्रिक टन क्षमता का गोदाम बनाया है, जो किसी भी कोऑपरेटिव के द्वारा बनाया गया सबसे बड़े गोदाम के रूप में उसकी गिनती होती है।

योगी ने आगे कहा कि सहकारिता वर्ष 2025 के अवसर पर उत्तरप्रदेश में पहली बार बड़े पैमाने पर कार्यक्रम हुए हैं। रन फ़ॉर कॉपरेशन में इस फील्ड से जुड़े हजारों लोगों ने सहभागिता की। 21 मार्च 2025 को यूपी स्टेट कॉपरेटिव बैंक लिमिटेड द्वारा एजीएम का आयोजन और स्टेक होल्डर्स को 76 करोड़ लाभांश का ऑनलाइन वितरण किया गया। 6 जुलाई 2025 को केंद्रीय सहकारिता मंत्रालय के चौथे स्थापना दिवस पर 266 ड्रोन दीदी को प्रमाण पत्र दिए गए। सहकार से समृद्धि प्रधानमंत्री जी का विजन है, प्रधानमंत्री जी के इस विजन के अनुरूप समृद्धि के नए सोपान को स्थापित करने के लिए प्रधानमंत्री जी ने देशवासियों के लिए पहली बार सहकारिता मंत्रालय गठित किया। पहले यह कृषि मंत्रालय के अंतर्गत एक छोटा सा आयाम हुआ करता था, लेकिन अब यह मंत्रालय के रूप में कार्य कर रहा है। देश के गृहमंत्री भारत के पहले सहकारिता मंत्री के रूप में भारत के सहकारिता आंदोलन को नई ऊंचाई प्रदान कर रहे हैं।

गोमांस के शक में मीट विक्रेता को घेरकर पीटा, हिंदूवादियों पर केस दर्ज

यूपी के अलीगढ़ के हरदुआगंज क्षेत्र के हनुमानगढ़ी रोड पर शनिवार को हिंदूवादियों ने गोमांस के शक में एक मीट विक्रेता को घेरकर पीट दिया। उसकी बाइक में तोड़फोड़ कर दी। वह मीट फैक्ट्री से वैध बिल के साथ बाइक पर भैंस का मांस लादकर ला रहा था। आरोप है कि हिंदूवादियों ने बिल भी फाड़ दिए। इसके बाद थाने पहुंचकर कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा किया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मामले में पुलिस ने हिंदूवादियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही मांस का सैंपल भी लिया गया है।

कैबिनेट मंत्री के भाई को ईसीजी के बाद आया हार्ट अटैक, जिला अस्पताल की लाइन में ही गिरे और मौत

यूपी की योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्य के भाई की जिला अस्पताल में खून के नमूने देने के दौरान लाइन में खड़े-खड़े ही हाई अटैक आया और वह गिर पड़े। उन्हें तत्काल इमरजेंसी लाया गया, जहां मौत हो गई। कुछ देर पहले ही उनका ईसीजी हुआ था और उसमें हार्ट अटैक की पुष्टि नहीं हुई थी। इसके बाद ब्लड जांच के लिए वह लाइन में लगे थे। इसी दौरान उनकी तबीयत बिगड़ गई।

एयरपोर्ट पर 10 बार दवा छिड़की तब उड़े तीनों हवाई जहाज

कानपुर एयरपोर्ट पर शुक्रवार को मधुमक्खियों के आने के बाद शनिवार को एहतियात बरतते हुए प्रशासन ने मधुमक्खियों को भगाने वाली दवा का छिड़काव कराया। दोपहर की बेंगलुरु की पहली फ्लाइट से शाम को मुंबई की अंतिम फ्लाइट तक 10 बार केमिकमल स्प्रे कराया गया। फ्लाइट आने-जाने के करीब पांच घंटे के बीच 10 बार छिड़काव कराया गया। एयरपोर्ट प्रशासन ने बताया कि मौसम बदलने की वजह से अक्सर पक्षी और मधुमक्खियां आ जाती हैं, जिनकी रोकथाम के लिए स्प्रे कराया जाता है। शुक्रवार को भी ऐसा हुआ लेकिन एक भी मधुमक्खी अगर फ्लाइट के भीतर घुस जाती तो फ्लाइट को नहीं उड़ाया जाता।

बर्फीली हवाएं बनीं आफत, कानपुर समेत कई जिलों में कोहरे का ऑरेंज अलर्ट

यूपी में सर्दी कहर बरपा रही है। बर्फीली हवाओं के चलते गलन ने लोगों को कांपने पर मजबूर कर दिया है। बीते 24 घंटे में प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी क्षेत्र में शुष्क मौसम बना रहा। प्रदेश के कई स्थानों पर न्यूनतम दृश्यता शून्य तक दर्ज की गई। कानपुर 6.4 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ पूरे प्रदेश में सबसे ठंडा रहा, जबकि बरेली की दोपहर 13 डिग्री के साथ सबसे सर्द दर्ज की गई। मौसम विभाग ने रविवार को घने कोहरे और शीतलहर का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। हालांकि दिन के तापमान में मामूली वृद्धि हो सकती है।

केवल एक महीने की मेहनत से 2027 आपका, योगी की मौजूदगी में नड्डा ने समझाया एसआईआर का महत्व

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने कहा है कि एसआईआर का काम बेहद महत्वपूर्ण है। एक महीने की आपने इसमें जी-जान से मेहनत कर ली तो 2027 आपका होगा। आपको विधानसभा चुनाव जीतने से कोई रोक नहीं पाएगा। पूरा फोकस इस बात पर कीजिए कि फर्जी वोटर मतदाता सूची से कैसे बाहर किए जाएं। सही और राष्ट्रवादी विचारधारा का कोई मतदाता सूची में आने से छूट न जाए। बीएलओ के जरिए गलत वोटरों को सूची से बाहर करने में जुट जाएं। इसके लिए ज्यादा से ज्यादा आपत्तियां दाखिल करें।

रैपिड रेल में कपल की अश्लील हरकत पर NCRTC का एक्शन, CCTV लीक करने वाला कर्मचारी बर्खास्त

रैपिड रेल में मोदीनगर से मेरठ साउथ स्टेशन के बीच अश्लील वीडियो का मामला गरमा गया है। एनसीआरटीसी ने इसका संज्ञान लिया है। जांच में पाया गया है कि वीडियो नवंबर महीने का है। साथ ही सीसीटवी का वीडियो बनाने और उसे वायरल करने वाले व्यक्ति को चिह्नित कर सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है।

राम जी, मैं भूत हूं...बुजुर्ग महिला की बात सुनकर हैरान हो गए अरुण गोविल, डीएम को किया फोन

सरकार की जनकल्याणकारी वृद्धा पेंशन योजना महिलाओं के लिए मददगार साबित हो रही है, लेकिन अधिकारियों के उदासीन रवैये के कारण वृद्धा पेंशन की पात्र एक बुजुर्ग महिला को अपने जिंदा होने का सबूत देना पड़ रहा है। दरअसल, हापुड़ जिले के ग्राम पंचायत धनौरा की रहने वाली 73 वर्षीय कुसुम त्यागी शनिवार को मेरठ-हापुड़ सांसद अरुण गोविल के पास पहुंची। वृद्धा ने सांसद से कहा कि रामजी मैं भूत हूं। इस पर सांसद सहम गए और कहा कि क्या मतलब है। तब महिला ने सांसद से अपना दर्द बयां किया।

Pawan Kumar Sharma

लेखक के बारे में

Pawan Kumar Sharma

पवन कुमार शर्मा पिछले चार वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हैं। डिजिटल मीडिया में काम करते हुए वह उत्तर प्रदेश की राजनीति, क्राइम, सरकारी योजनाओं और टूरिज्म से जुड़े मुद्दों पर नियमित रूप से लिखते हैं। इससे पहले पवन एबीपी न्यूज के साथ बतौर फ्रीलांसर काम कर चुके हैं। पवन ने नई दिल्ली स्थित भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से रेडियो एवं टेलीविजन पत्रकारिता की पढ़ाई की है। इससे पहले क्राइस्ट चर्च कॉलेज, कानपुर से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया। ग्राउंड रिपोर्टिंग और अकादमिक समझ के साथ पवन तथ्यात्मक, संतुलित और पाठक-केंद्रित समाचार लेखन करते हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करे| पाएं Lucknow news , Prayagraj News , Varanasi News , Gorakhpur News , Kanpur News , Aligarh News से जुड़ी ताजा खबरें हिंदी में |
Hindi NewsUP NewsUP TOP News Today 21 December 2025 yogi adityanath akhilesh yadav shubham jaiswal crime weather politics
;;
;