UP Top News: राहुल गांधी के केस में हाईकोर्ट ने CBI-ED से मांगा जवाब, कौशांबी में चार की मौत
UP Top News: राहुल गांधी की आय से अधिक संपत्ति मामले में हाईकोर्ट ने सीबीआई और ईडी समेत कई एजेंसियों से जवाब मांगा है। मामले में 20 जुलाई को अगली सुनवाई होगी। वहीं, बरेली में तूफान में एक शख्स टीन के साथ हवा में उड़ गया।
UP Top News: कांग्रेस नेता राहुल गांधी आय से अधिक संपत्ति के मामले में सीबीआई, ईडी और एसएफआईओ समेत केंद्र सरकार की कई एजेंसियों से हाईकोर्ट ने जवाब मांगा है। मामले की सुनवाई के लिए के 20 जुलाई की तारीख नियत की है। वहीं दूसरी ओर कौशांबी में हादसा हो गया, जिसमें चार लोगों की मौत हो गई।
उधर, सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे और बीजेपी नेता अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव का बुधवार को निधन हो गया था। आज लखनऊ में उनका अंतिम संस्कार किया गया। प्रतीक के पोस्टमार्टम के बाद पाया गया कि मैसिव पल्मोनरी थ्रोम्बोएम्बोलिज्म यानी फेफड़े की मुख्य नस में बड़ा खून का थक्का जमने से प्रतीक की सांसें थमी। इस वजह से उनका दिल और सांस दोनों एक साथ काम करना बंद कर गए। प्रतीक यादव की मौत से जुड़ी खबरों के लिए क्लिक करें
ट्रैक्टर की टक्कर से चाचा-भतीजों समेत चार की मौत
कौशाम्बी जिले के करारी के धनपरा निवासी 26 वर्षीय आकाश पुत्र पृथ्वी अपने भतीजों 21 वर्षीय राहुल पुत्र महेश, 19 वर्षीय अमन पुत्र केशन, थांभा निवासी रिश्तेदार 23 वर्षीय छोटू व मध्य प्रदेश निवासी दूर के रिश्तेदार विकास के साथ किसी अन्य रिश्तेदार के यहां एक ही बाइक पर सवार होकर दरियापुर जा रहे थे। वहां पर वैवाहिक कार्यक्रम था। महाराजगंज गांव के समीप विपरीत दिशा से आए ट्रैक्टर ने इनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रैक्टर के अगले दोनों पहिये निकलकर काफी दूर जा गिरे। दर्दनाक हादसे में मध्य प्रदेश निवासी विकास को छोड़कर बाकी सभी की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना की जानकारी मिलते ही एसपी सत्यनारायण प्रजापत, डीएसपी क्राइम शिवांक सिंह, इंस्पेक्टर संजय सिंह पुलिस फोर्स के साथ घटना स्थल पर पहुंचे। जानकारी पाकर परिवार वाले भी बदहवास हालत में वहां पहुंच गए। परिजनों ने मृतकों की शिनाख्त की। डीएसपी ने आनन फानन एंबुलेंस बुलाकर घायल विकास को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज भेजवाया। वहां उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है। वहीं, करारी पुलिस ने मृतकों का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एक ही परिवार में हुई इस अनहोनी से परिवारीजनों के आंसू थामे नहीं थम रहे हैं। एसपी का कहना है कि परिजन की तहरीर के आधार पर मुकदमा कायम कराया जाएगा। ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया गया है। चालक भी पुलिस के करीब ही है।
अब तक एक गाड़ी से चलने वाले सपा सांसद ने पांच गाड़ियों से चलने की दी चेतावनी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ईंधन बचाने की अपील के विरोध में अब तक एक गाड़ी से चलने वाले सलेमपुर से सपा के सांसद रमाशंकर राजभर ने पांच गाड़ियों से चलने की चेतावनी दी है। उनका कहना है कि देश में बड़ा संकट आने वाला है। इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सरकार खुद को बचाने के लिए इस प्रकार का बयान जारी कर रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी के कार्यक्रमों और रैलियों पर सबसे पहले रोक लगनी चाहिए। अगर ऐसा नहीं होता है तो मैं अभी तक एक गाड़ी से चलता हूं लेकिन अब पांच गाड़ी से चलूंगा। सपा सांसद ने पत्रकारों से वार्ता करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री विदेश यात्रा पर क्यों जा रहे हैं। वह विदेश यात्रा न करें। देश में सोना-चांदी बंद करेंगे और रोड शो करेंगे। उन्होंने कहा कि कारकेड की पांच गाड़ी बंद करेंगे और रोड शो करेंगे। यह अटकाने वाला बयान देना भारतीय जनता पार्टी और प्रधानमंत्री बंद करें। सपा सांसद ने कहा कि देश में भारी संकट आने वाला है। महंगाई बढ़ने के पहले का यह आपदा में अवसर वाला बयान है। डीजल, गैस, पेट्रोल पंप से गायब है। गैस एजेंसी से गैस गायब है। इन सबसे ध्यान भटकने के लिए भड़काने के लिए यह बयान दिया गया है।
24 घंटे में ही अधिकारियों को करना होगा ये काम, लापरवाही बर्दाश्त नहीं; सीएम योगी के सख्त निर्देश
यूपी में आंधी-बारिश और आकाशीय बिजली गिरने से हुए नुकसान पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान लिया है। योगी ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि पीड़ितों को राहत पहुंचाने का काम 24 घंटे के भीतर पूरा किया जाए।
Video: टीन के साथ हवा में कई फीट ऊंचा उड़ा युवक, बरेली में आंधी के तांडव का वीडियो वायरल
यूपी के बरेली की एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। इस वीडियो में एक शख्स तेज तूफान के दौरान हवा में उड़ता दिख रहा है। वीडियो ने सभी को हैरान कर दिया है। वीडियो में शख्स हवा में उड़ा और फिर कई फीट की ऊंचाई से नीचे जमीन पर आकर गिरता दिख रहा है।
राहुल गांधी आय से अधिक संपत्ति मामला: सीबीआई और ईडी से हाईकोर्ट ने मांगा जवाब
कांग्रेस नेता राहुल गांधी आय से अधिक संपत्ति के मामले में सीबीआई, ईडी और एसएफआईओ समेत केंद्र सरकार की कई एजेंसियों से हाईकोर्ट ने जवाब मांगा है। मामले की सुनवाई के लिए के 20 जुलाई की तारीख नियत की है।
सामुदायिक शौचालय में 3 साल से लटक रहा ताला, लोगों को परेशानी
बलरामपुर में स्वच्छ भारत मिशन को नगर पंचायत गैसड़ी में ठेंगा दिखाया जा रहा है। नगर पंचायत गैसड़ी के वार्ड नंबर 6 में ग्राम सभा स्तर से बना सामुदायिक शौचालय पिछले 3 वर्षों से ताले में बंद पड़ा है। नगर पंचायत बनने के बाद यह शौचालय नगर पंचायत को हैंडओवर हो गया था, लेकिन 3 साल बीतने के बाद भी इसका लाभ जनता को नहीं मिला। नतीजा, वार्डवासी आज भी खुले में शौच जाने को मजबूर हैं।
गुरुवार को 'हिन्दुस्तान' संवाददाता के मौके पर पहुंचने पर दर्जनों लोगों ने अपनी पीड़ा व्यक्त की। ग्रामीणों का आरोप है कि नगर पंचायत के कर्मचारी कभी-कभार आते हैं, शौचालय की फोटो खींचकर चले जाते हैं, लेकिन आम जनता के लिए ताला नहीं खोलते।
विवेचना के लिए मांगे पैसे, एसपी ने किया निलंबित
श्रावस्ती में पुलिस अधीक्षक ने पदीय कर्तव्यों के प्रति घोर लापरवाही, स्वेच्छाचारिता व अनुशासनहीनता के लिए एक उप निरिक्षक को निलंबित कर दिया है। एसपी राहुल भाटी ने बताया कि कोतवाली भिनगा के उपनिरीक्षक अमित कुमार सिंह पर विवेचना के लिए रुपए मांगने का आरोप लगा था।
जिसकी जांच कराई गई। जांच के दौरान तथ्य प्रकाश में आया कि उप निरीक्षक ने वादी मुकदमा से गवाहों के बयान लिखने के नाम पर रुपए की मांग की गई है। जो गंभीर कदाचार की श्रेणी में आता है। जिससे पुलिस विभाग की छवि धूमिल हुई है। इसलिए उपनिरीक्षक अमित कुमार सिंह को निलंबित कर दिया गया है। पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी ने बताया कि उपनिरीक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। साथ ही, उनके विरुद्ध नियमों के अनुरूप विभागीय कार्रवाई की जा रही है।
दो स्थानों पर सांड लड़ने से मचा हड़कंप
अमेठी में स्थानीय नगर के केशव नगर तथा संग्रामपुर के जरौटा गांव के पास दो सांड़ आपस में भीड़ गए घंटों लड़ते रहे। इस दौरान आने जाने वाले लोग उन्हें देखकर भागते रहे अफरातफरी मची रही। बुधवार की शाम केशव नगर में एसडीएम कॉलोनी को जाने वाले मार्ग के पास दो सांड आपस में भिड़ गए। आने जाने वाले लोग डर से रास्ता बंद कर दिया। कुछ देर बाद उनकी लड़ाई खत्म हुई।
संग्रामपुर विकासखंड के जरौटा गांव में सड़क पर दो सांड़ आपस में भिड़ गए घंटो लड़ते रहे। इस दौरान आने जाने वाले कई लोग उनकी चपेट में आने से बच गए। कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए लोगों में अफरातफरी मच गई। महेंद्र पाण्डेय उनके एक अन्य कोटेदार सांडों के चपेट में आने से बाल बाल बच गए। जहां दोनों लड़ रहे थे उसी के पास ही प्राथमिक और जूनियर विद्यालय है। लड़ते हुए आवारा पशु गांव की बस्ती में पहुंच गए। जिससे हड़कंप मच गया। दुकानदारों तथा ग्रामीणो ने मिलकर आधे घंटे बाद उन्हें किसी प्रकार छुड़ाया।
खेत जाने को निकली किशोरी लापता
बहराइच में एक किशोरी खेत में जाने को कहकर निकली। जब काफी देर तक घर नही आई। तो उसकी हर संभावित जगहों पर तलाश में पता न लगने पर बाराबंकी जिले के एक युवक को नामजद कर केस दर्ज कराया है।
हुजूरपुर थाने के एक गांव निवासनी 16 वर्षीय बेटी नौ मई की रात परिजनों से खेत जाने को कहकर निकली थी। काफी वक्त बीतने पर जब वह घर नही आई। तो परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। किशोरी की सभी संभावित जगहों पर तलाश की गई। कोई पता न चलने पर बाराबंकी जिले के फतेहपुर निवासी युवक राहुल को नामजद कर तहरीर दिए जाने पर बुधवार रात अपहरण की धाराओं के तहत केस दर्ज कराया गया है।
फाल्ट खोजने में बीत गई रात, पचासों गांव अंधेरे में
गोण्डा में जेल रोड स्थित 220 केवी उपकेंद्र से संचालित खरगूचांदपुर फीडर में बुधवार दोपहर आई आंधी के बाद बड़ा फाल्ट हो गया। इसके बाद क्षेत्र के करीब 50 गांवों की बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप पड़ गई। अचानक बिजली गुल होने से ग्रामीणों को पूरी रात अंधेरे में गुजारनी पड़ी। बिजली कर्मियों ने देर रात तक फाल्ट खोजने का प्रयास किया, लेकिन काफी मशक्कत के बाद भी खराबी का पता नहीं चल सका।
ग्रामीणों का कहना है कि यह कोई पहली घटना नहीं है। खरगूचांदपुर फीडर से जुड़े गांवों में अक्सर बिजली की समस्या बनी रहती है। हल्की हवा या बारिश होते ही आपूर्ति बाधित हो जाती है और कई-कई घंटों तक बिजली नहीं आती। बुधवार को भी आंधी के बाद अचानक सप्लाई बंद हो गई, जिससे घरों में पेयजल संकट खड़ा हो गया।
कानपुर में भिड़ गए सपाई और भाजपाई; पार्षद ने विधायक को चप्पल दिखाई, स्कूल बना अखाड़ा
कानपुर में स्कूल तब अखाड़ा बन गया। जब मजदूरों और सुपरवाइजर से मारपीट का भाजपा नेता सुरेश अवस्थी पर आरोप लगा तो सपा विधायक अमिताभ बाजपेई वहां पहुंच गए। इसके बाद दोनों के समर्थकों के बीच झड़प और हाथापाई हुई। सपा विधायक को भाजपा पार्षद और समर्थकों ने चप्पल दिखाई और अपशब्द कहे।
सीतापुर में रामकोट इलाके में तेज रफ्तार कार बुधवार देर रात बाइक को टक्कर मार कर पलट गई। हादसे में बाइक सवार की मौत हो गई। वहीं, कार चालक गाड़ी छोड़कर मौके से भाग गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उधर, दोनों क्षतिग्रस्त गाड़ियों को कब्जे में लेकर रामकोट पुलिस कार चालक की तलाश कर रही है।
रामकोट के रामलखन (35) बुधवार रात सीतापुर शहर से बाइक से घर लौट रहे थे। वह अर्थाना रोड पर पहुंचे ही थे तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर से रामलखन बाइक समेत उछलकर दूर जा गिरे। टक्कर इतनी जारेदार थी कि बाइक से टकराने के बाद अनियंत्रित हुई कार पलट गई। हादसा देख अफरा-तफरी मच गई।
राजधानी लखनऊ में प्लाट लेने का मौका, प्राइम लोकेशन पर फ्लैट और दुकानें भी ले सकेंगे, जानिए प्रक्रिया
लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) ने राजधानी के प्राइम लोकेशन पर मकान और दुकान का सपना देख रहे लोगों के लिए ई-नीलामी (E-Auction) शुरू की है। विभिन्न इलाकों में 149 आवासीय भूखंड, 50 से अधिक व्यावसायिक दुकानें और कई फ्लैट्स नीलामी के लिए उपलब्ध हैं।
मौके पर जाएं अफसर, लापरवाही बर्दाश्त नहीं, आंधी-बारिश से 72 की मौत पर ऐक्शन में सीएम योगी
उत्तर प्रदेश में भीषण आंधी, बारिश और आकाशीय बिजली ने भारी तबाही मचाई है, जिसमें अब तक 72 लोगों की मौत हो गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस आपदा पर कड़ा संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को तुरंत मौके पर पहुंचने और पीड़ितों को 24 घंटे के भीतर मुआवजा देने के निर्देश दिए हैं।
UP Weather: उमस भरी गर्मी के बीच आंधी-बारिश का कहर, मौसम विभाग ने जारी की लू की चेतावनी
वायुमंडल के निचले क्षोभमंडल में वेस्ट यूपी के ऊपर चक्रवाती परिस्थिति बन गई थी। साथ ही दक्षिण राजस्थान से आ रही पुरवा की मदद मिलने से बुधवार को प्रदेश में 100 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार तक आंधी चली। नतीजतन उत्तर प्रदेश में कुदरत का कहर टूट पड़ा था।
पीएम मोदी के बाद सीएम योगी के काफिले में अब सिर्फ दो कारें, दोनों डिप्टी सीएम ने आधी की फ्लीट
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ईंधन बचाने की अपील का उत्तर प्रदेश में व्यापक असर दिख रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने काफिले में वाहनों की संख्या घटाकर मात्र दो कर दी है।
प्रतीक के अंतिम संस्कार की तैयारी, लखनऊ में ही गोमती किनारे भैंसाकुंड घाट पर होगी अंत्येष्टि
मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक यादव का अंतिम संस्कार आज सुबह 11:30 बजे लखनऊ में ही गोमती किनारे भैंसाकुंड घाट पर किया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उनकी मौत की वजह फेफड़ों की मुख्य नस में खून का थक्का जमना (पल्मोनरी एम्बोलिज्म) बताया गया है।