UP Top News: फ्लीट आधा, वर्क फ्रॉम होम को प्राथमिकता, विधानसभा की समितियों का दौरा स्थगित
UP Top News: सीमुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से कहा कि ईंधन की खपत कम करें। फ्लीट में तत्काल 50 प्रतिशत की कमी की जाए। वहीं, पीएम मोदी की अपील के बाद अब यूपी के दोनों डिप्टी सीएम ने अपनी फ्लीट में गाड़ियां आधी कर दी हैं।
UP Top News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों से प्रधानमंत्री के आह्वान से जुड़ने की अपील की है। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से कहा कि ईंधन की खपत कम करें। मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव, डीजीपी, सभी विभागों के अपर मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव की बैठक में निर्देश दिया कि मुख्यमंत्री व मंत्रियों आदि की फ्लीट में तत्काल 50 प्रतिशत की कमी की जाए।
मुख्यमंत्री ने प्रदेश में वर्क फ्रॉम होम की संस्कृति को भी प्राथमिकता देने की अपील की। मुख्यमंत्री जी का सरकारी बैठकों, सेमिनारों, कॉन्फ्रेंस, वर्कशॉप आदि के वर्चुअली आयोजन पर जोर रहा। वहीं दोनों डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने अपनी फ्लीट की गाड़ियाँ आधी कर दी है। व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता राज्यमंत्री ( स्वतंत्र प्रभार) कपिलदेव अग्रवाल ने बाहर जाने के लिए रेल से यात्रा शुरू कर दी है। वहीं विधानसभा की विभिन्न संसदीय समितियों के पूर्व निर्धारित अध्ययन भ्रमण कार्यक्रमों को अग्रिम आदेशों तक स्थगित कर दिया गया है। विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना के निर्देश के बाद प्रमुख सचिव विधानसभा प्रदीप दुबे ने इस संबंध में आदेश जारी किया।
उधर, सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे और बीजेपी नेता अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव का बुधवार को निधन हो गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आ गई। छह सदस्यीय विशेषज्ञों की टीम ने पोस्टमार्टम के दौरान पाया कि मैसिव पल्मोनरी थ्रोम्बोएम्बोलिज्म यानी फेफड़े की मुख्य नस में बड़ा खून का थक्का जमने से प्रतीक की सांसें थमी। इस वजह से उनका दिल और सांस दोनों एक साथ काम करना बंद कर गए। अखिलेश यादव, शिवपाल समेत परिवार के सभी सदस्य प्रतीक के घर पहुंचे। सीएम योगी भी श्रद्धांजलि देने पहुंचे। प्रतीक यादव की मौत से जुड़ी खबरों के लिए क्लिक करें
समयसीमा में जांच पूरी न करने पर प्रधानाचार्या का निलंबन आदेश रद्द
हाईकेार्ट की लखनऊ बेंच ने समयसीमा के भीतर विभागीय कार्यवाही पूरी न किए जाने और समय बढ़ाने के लिए कोर्ट से अनुमति न लेने पर प्रधानाचार्या के निलंबन अनुमोदन आदेश को रद्द कर दिया है। कोर्ट ने कहा कि न्यायालय द्वारा तय समय सीमा का पालन करना आवश्यक है और बिना विस्तार मांगे देरी से पारित आदेश विधिसम्मत नहीं माना जा सकता। यह आदेश न्यायमूर्ति श्रीप्रकाश सिंह की एकल पीठ ने डॉ. ज्ञानवती दीक्षित की याचिका पर पारित किया। याची सीतापुर के श्री दयानंद रामेश्वर प्रसाद हंसरानी आर्यकन्या इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्या हैं।
सप्ताह में एक दिन पब्लिक ट्रांसपोर्ट का प्रयोग करें मंत्री
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश मंत्रिमंडल के सदस्यों से सप्ताह में कम से कम एक दिन सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करने का आह्वान करते हुए शासन में मितव्ययिता, ऊर्जा संरक्षण और जनप्रेरक आचरण की नई कार्यसंस्कृति विकसित करने का संदेश दिया है। उन्होंने मंत्रियों से अपनी वाहन फ्लीट को 50 प्रतिशत तक कम करने का भी आह्वान किया है।
पेट्रोल-डीजल बचाने के लिए विधानसभा समितियों का भ्रमण स्थगित
पेट्रोल व डीजल कम खर्च करने की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील के बाद विधानसभा की विभिन्न संसदीय समितियों के पूर्व निर्धारित अध्ययन भ्रमण कार्यक्रमों को अग्रिम आदेशों तक स्थगित कर दिया गया है। विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना के निर्देश के बाद प्रमुख सचिव विधानसभा प्रदीप दुबे ने इस संबंध में बुधवार को आदेश जारी किया। इसके मुताबिक देशहित व वर्तमान परिस्थितियों को दृष्टिगत रखते हुए संसदीय समितियों के सभी अध्ययन भ्रमण कार्यक्रम तत्काल प्रभाव से स्थगित रहेंगे।
कमरे में बंद कर साली को मारी गोली, फिर जीजा ने खुद को उड़ाया; दोनों की मौत
कुशीनगर में ससुराल आए युवक ने अपनी साली को कमरे में बंद कर सिर में गोली मार दी और इसके बाद खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना से गांव में हड़कंप मच गया। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर दोनों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
लूट और हत्या का आरोपी एक लाख का इनामी जुबैर एसटीएफ एनकाउंटर में ढेर, मुनीर गैंग का था शूटर
यूपी में मेरठ के लोहिया नगर थाना क्षेत्र में हापुड़ रोड पर देर रात एसटीएफ और मेरठ पुलिस में जॉइंट ऑपरेशन में एक लाख के इनामी जुबेर को मुठभेड़ में मार गिराया। जुबेर को अलीगढ़ में हुई हत्या के एक मामले में वांटेड घोषित किया था।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की राष्ट्र से अपील पर डिप्टी सीएम की फ्लीट आधी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संकल्प, देश से उनकी अपील एवं राष्ट्रहित में यूपी में अब डिप्टी सीएम की फ्लीट की गाड़ियों को आधी करने का फैसला लिया गया है। इसकी जानकारी प्रदेश के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्र के नागरिकों से जो अपील की है, उसका पूर्ण रूप से पालन किया जाएगा। डिप्टी सीएम ने अपनी फ्लीट की गाड़ियों की संख्या आधी करने के निर्देश जारी कर दिए हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रहित सर्वोपरि है। इससे ऊपर कुछ भी नहीं है।
अपर्णा यादव के पति प्रतीक का निधन; अखिलेश पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे
अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव का बुध निधन की खबर के बाद राजनीतिक और पारिवारिक हलचल तेज हो गई। बुधवार सुबह प्रतीक यादव को लखनऊ के सिविल अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही अखिलेश यादव अस्पताल पहुंचे।
अपर्णा यादव के पति प्रतीक के निधन से हर कोई सन्न, सीएम योगी समेत राजनीतिक हस्तियों ने जताया गहरा दुख
मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक यादव का 38 वर्ष की आयु में निधन हो गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए इसे अत्यंत दुखद बताया।
स्मार्ट मीटर पर मिल सकती है एक और राहत, 'वसूली' भी 18 की बैठक के एजेंडे में शामिल
उत्तर प्रदेश में स्मार्ट मीटर लगाने का खर्च उपभोक्ताओं से लिया जाए या नहीं, इस पर 18 मई को होने वाली राज्य सलाहकार समिति की बैठक में बड़ा फैसला हो सकता है। बैठक के एजेंडे में इसे शामिल कर लिया गया है। केंद्र सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुसार यह खर्च उपभोक्ताओं से नहीं लिया जाना चाहिए।
अपर्णा यादव से अनबन को लेकर पिछले दिनों चर्चा में आए थे प्रतीक यादव, बाद में कहा- ऑल इज वेल
मुलायम सिंह यादव के बेटे प्रतीक यादव ने इंस्टाग्राम पर अपनी पत्नी अपर्णा यादव के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए तलाक लेने की बात कही थी। उन्होंने अपर्णा पर परिवार तोड़ने, स्वार्थी होने और केवल अपनी लोकप्रियता पर ध्यान देने के गंभीर आरोप लगाए थे।
लखनऊ से प्रयागराज सिर्फ 48 मिनट और सवा दो घंटे में दिल्ली; हाईस्पीड रेल कॉरिडोर की तैयारी तेज
दिल्ली-वाराणसी हाईस्पीड रेल कॉरिडोर परियोजना के तहत प्रयागराज से लखनऊ की दूरी मात्र 48 मिनट में तय होगी। रेल मंत्री द्वारा साझा की गई समय सारिणी के अनुसार, दिल्ली से लखनऊ का सफर सवा दो घंटे और अयोध्या का सफर पौने तीन घंटे का होगा।
UP Weather: यूपी में आंधी-बारिश का अलर्ट, परेशान करेगा तापमान में उतार-चढ़ाव और उमस
यूपी में पिछले कई दिनों से मौसम के बदले मिजाज और रुक-रुक कर हो रही बारिश के चलते तापमान में उतार चढ़ाव लगातार जारी है। कभी आसमान में बादल छाने के साथ तापमान में गिरावट तो कभी धूप खिलने के साथ तापमान का पारा चढ़ जाता है।
अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव का निधन, मुलायम सिंह परिवार को बड़ा झटका
भाजपा नेता और मुलायम सिंह यादव की बहू अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव का निधन हो गया है। तबीयत खराब होने के बाद उन्हें लखनऊ के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां उन्होंने दम तोड़ दिया।
माफी से काम नहीं चलेगा...; भाटी को लेकर भाजपा नेताओं के बाद अजय राय भी सपा पर हमलावर
सपा प्रवक्ता राजकुमार भाटी द्वारा ब्राह्मण समाज पर की गई टिप्पणी को लेकर यूपी की सियासत गरमा गई है। भाजपा के बाद सहयोगी कांग्रेस भी सपा पर हमलावर हो गई है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने इसे निंदनीय बताते हुए अखिलेश यादव से कार्रवाई की मांग की है।