Hindi NewsUP NewsUP Top News Today 13 january magh mela yogi adityanath akhilesh yadav lucknow crime weather viral
UP Top News Today: 19 जनवरी तक माघ मेला क्षेत्र में नो व्हीकल जोन, बिजनौर में अनियंत्रित होकर पलटी बस

UP Top News Today: 19 जनवरी तक माघ मेला क्षेत्र में नो व्हीकल जोन, बिजनौर में अनियंत्रित होकर पलटी बस

संक्षेप:

UP Top News Today: माघ मेला को लेकर 13 जनवरी की रात आठ बजे से 19 जनवरी की रात 12 बजे तक प्रशासनिक व चिकित्सकीय वाहनों को छोड़कर सभी तरह के वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।  उधर, बिजनौर के थाना किरतपुर में घने कोहरे के कारण एक बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। बस में सवार 38 लोग घायल हो गए।

Jan 13, 2026 12:20 pm ISTPawan Kumar Sharma लाइव हिन्दुस्तान
share Share
Follow Us on

UP Top News Today 13 january: माघ मेला के द्वितीय और तृतीय मुख्य स्नान पर्व मकर संक्रांति और मौनी अमावस्या के अवसर पर लाखों श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने व्यापक यातायात प्रबंधन और डायवर्जन योजना लागू की है। श्रद्धालुओं के सुरक्षित और सुगम आवागमन को सुनिश्चित करने के लिए मेला क्षेत्र में वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा। प्रशासन के अनुसार, 13 जनवरी की रात आठ बजे से 19 जनवरी की रात 12 बजे तक प्रशासनिक व चिकित्सकीय वाहनों को छोड़कर सभी तरह के वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। इस अवधि में पूरा माघ मेला क्षेत्र नो-व्हीकल जोन रहेगा।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

उधर, बिजनौर के थाना किरतपुर में मंडावर रोड पर मालन नदी के पास सोमवार को देर रात घने कोहरे के कारण एक बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। बस में सवार 38 लोगों को मामूली चोटें आई हैं। सात घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। जानकारी के अनुसार, बिजनौर के रहने वाली नगमा की शादी 10 जनवरी को हरिद्वार जिले के रहने वाले वसीम के साथ हुई थी। शादी के बाद सोमवार को लड़की पक्ष के लोग चौथी कर बस संख्या यूपी14 ईटी- 5254 से वापस लौट रहे थे। जैसे ही बस थाना किरतपुर क्षेत्र में किरतपुर–मंडावर रोड पर मालन नदी के पास पहुंची, घने कोहरे के कारण चालक को सड़क का सही अंदाजा नहीं हो सका और बस सड़क किनारे पलट गई।

यूपी की टॉप न्यूज़ यहां पढ़ें:

एएमयू में छात्रा की आत्महत्या, पिता से वीडियो कॉल पर बात करते समय उठाया कदम

यूपी के अलीगढ़ से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जहां एएमयू के एसएन हॉल में सोमवार देर शाम एक छात्रा ने फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। छात्रा आजमगढ़ की रहने वाली है। वह अपने पिता से वीडियो कॉल पर बात कर रही थी, तभी फंदा लगा लिया। छात्रा ने यह कदम क्यों उठाया, यह स्पष्ट नहीं हो सका।

डॉ. त्रिवेणी दत्त मेरठ कृषि विवि के नए कुलपति नियुक्त

यूपी की राज्यपाल एवं कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल ने डा. त्रिवेणी दत्त को मेरठ स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय का नया कुलपति नियुक्त किया है। डॉ. दत्त वर्तमान में बरेली स्थित प्रतिष्ठित संस्थान भारतीय पशुचिकित्सा अनुसंधान संस्थान (आईवीआरआई) के निदेशक के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। डॉ. त्रिवेणी दत्त का कार्यकाल कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से 3 वर्ष के लिए होगा। डॉ. दत्त एक जाने-माने कृषि वैज्ञानिक और प्रशासक हैं। आईवीआरआई बरेली के निदेशक के रूप में उनके कार्यकाल के दौरान संस्थान ने अनुसंधान और शिक्षा के क्षेत्र में कई नए आयाम स्थापित किए हैं। उनकी नियुक्ति से मेरठ कृषि विश्वविद्यालय में शोध कार्यों, शैक्षणिक गुणवत्ता और किसानों के साथ विश्वविद्यालय के जुड़ाव को और अधिक मजबूती मिलने की उम्मीद है।

वाराणसी से सीधे बैंकाक, नौ हजार से भी कम किराया, 1 फरवरी से उड़ान के लिए बुकिंग शुरू

देश की सांस्कृतिक राजधानी वाराणसी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहुंच का विस्तार तेजी से कर रही है। लखनऊ से बैंकॉक की उड़ान बंद होने के बाद, एयर इंडिया एक्सप्रेस ने अब वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (बाबतपुर) को थाईलैंड से सीधे जोड़ने का फैसला किया है। एक फरवरी 2026 से शुरू होने वाली इस सीधी उड़ान सेवा के लिए एयरलाइंस ने बुकिंग विंडो खोल दी है और शुरुआती किराए की घोषणा भी कर दी है। यह फिलहाल नौ हजार से भी कम है।

सीमा पर पकड़ा गया फर्जी IAS अधिकारी, कैसीनो में जुआ खेलने के लिए जा रहा था नेपाल

सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने बहराइच जिले में भारत-नेपाल के रुपईडीहा सीमा पर लाल-नीली बत्ती और हूटर लगे वाहन से पड़ोसी देश में जाने की कथित रूप से कोशिश कर रहे फर्जी भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारी समेत पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

सेक्स चेंज कराकर लड़की बना 2 बच्चों का बाप, दो साल बाद पत्नी को लगी भनक; कोर्ट पहुंची

यूपी के गोरखपुर के बांसगांव इलाके में अजब मामला सामने आया है। जहां दो बच्चों का पिता शादी के सात साल बाद लिंग परिवर्तन कराकर महिला बन गया। ताज्जुब यह कि पत्नी को दो साल बाद इसकी भनक लगी। उसके बाद उसके वैवाहिक जीवन में भूचाल आ गया। पत्नी का आरोप है कि प्राइवेट कंपनी में अच्छे पद काम करने वाले युवक ने पिछले साल मारपीट कर उसे घर से भगा दिया। पत्नी ने अब न्यायालय का दरवाजा खटखटाया है और पति से हर्जाने की मांग की है। अर्जी दूसरे पक्ष से भी दाखिल की गई है। मामला कोर्ट में है।

मनमाने समायोजन के खिलाफ हाईकोर्ट पहुंचे टीचर, एक गलती सुधारने में विभाग ने कर दी बड़ी भूल

परिषदीय प्राथमिक, उच्च प्राथमिक और कंपोजिट विद्यालयों में मनमाने समायोजन के खिलाफ शिक्षकों ने इलाहाबाद हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। विभिन्न जिलों के शिक्षकों की ओर से प्रयागराज और लखनऊ बेंच में दाखिल याचिकाओं में तीसरे चरण के समायोजन में नियमों की अनदेखी को आधार बनाया गया है। कुछ जिलों में शिक्षामित्रों को भी शिक्षक मानते हुए समायोजन कर दिया गया, जिसके खिलाफ शिक्षकों में आक्रोश है।

यूपी में बदली हवा की दिशा, इस इलाके में आज और कल शीतलहरी की चेतावनी

यूपी में तीन चार दिन की राहत के बाद कड़ाड़े की ठंड लौट रही है। पश्चिमी विक्षोभ गुजरने के बाद सर्दी से लोग कांपने लगे हैं। सूबे के पश्चिमी हिस्से से इसकी शुरुआत सोमवार से हो गई। कई शहरों में 24 घंटों के दौरान तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। इस दौरान प्रदेश के पांच शहरों में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। बरेली में न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री रहा जो प्रदेश में सबसे कम है। मुजफ्फरनगर में 3.9 डिग्री, अलीगढ़ में 4.4 डिग्री, मेरठ में 4.5 डिग्री और आगरा में 4.9 डिग्री न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया।

रेस्टोरेंट कर्मचारी का शव पानी के गड्ढे में पड़ा मिला, परिजनों का हंगामा

मुजफ्फरनगर के गोल्डन टाउन रेस्टोरेंट में कार्यरत कर्मचारी अनुराग गुप्ता (30 वर्ष) पुत्र अनिल गुप्ता सोमवार की शाम करीब छह बजे अचानक लापता हो गया था। रेस्टोरेंट कर्मचारियों द्वारा उसको तलाश किया गया तो देर रात कर्मचारी अनुराग गुप्ता का शव रेस्टोरेंट के पीछे बड़े पानी के गड्ढे में पड़ा मिला। सूचना पर परिजन मौके पर पहुंच गए,परिजनों ने हंगामा करते हुए पुलिस को सूचना दी और हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्यवाही की मांग की। रात्रि में ही सूचना पर सीओ रुपाली राव भी मौके पर आ गई।पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। इंस्पेक्टर राजीव शर्मा ने बताया कि गन्दा पानी ड्रेनेज करने के लिए रेस्टोरेंट के पीछे गहरा गड्डा बना था, जिसमें युवक का शव पड़ा मिला। पोस्टमार्टम के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

Pawan Kumar Sharma

लेखक के बारे में

Pawan Kumar Sharma
"पवन कुमार शर्मा पिछले 3 साल से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। पवन अभी हिन्दुस्तान अख़बार की वेबसाइट Livehindustan.com में काम कर रहे हैं। इससे पहले ABP News में बतौर फ्रीलांसर काम कर चुके हैं। पवन उत्तर प्रदेश की राजनीति, क्राइम, सरकारी योजनाएं और टूरिज्म पर लिखते हैं। पवन ने दिल्ली के भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से रेडियो एवं टेलीविजन पत्रकारिता की पढ़ाई की है। इससे पहले कानपुर के क्राइस्ट चर्च कॉलेज से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया था।" और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करे| पाएं Lucknow news , Prayagraj News , Varanasi News , Gorakhpur News , Kanpur News , Aligarh News से जुड़ी ताजा खबरें हिंदी में |