UP Top News Today: योगी कैबिनेट ने 30 प्रस्तावों को दी मंजूरी, कमर्शियल सिलेंडर की डिलिवरी पर रोक

Mar 10, 2026 02:48 pm ISTPawan Kumar Sharma लाइव हिन्दुस्तान, लखनऊ
share

UP Top News Today: योगी कैबिनेट ने मंगलवार को 30 प्रस्तावों पर मुहर लगा दी है। उधर, मध्य पूर्व में भीषण जंग के बीच रसोई सिलेंडर को लेकर संकट बढ़ने लगा है। इसी बीच पेट्रोलियम कंपनियों ने कमर्शियल सिलेंडर की आपूर्ति पर रोक लगा दी है।

UP Top News Today: योगी कैबिनेट ने 30 प्रस्तावों को दी मंजूरी, कमर्शियल सिलेंडर की डिलिवरी पर रोक

UP Top News Today: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में मंगलवार को लोक भवन में आयोजित कैबिनेट बैठक में प्रदेश के विकास और सुशासन से जुड़े 30 प्रस्तावों पर मुहर लगा दी गई। सरकार ने जमीनों की रजिस्ट्री में होने वाले फर्जीवाड़े को रोकने के लिए कड़े कदम उठाए हैं, वहीं ग्रामीण परिवहन और सरकारी कर्मचारियों की आचरण नियमावली में भी बड़े बदलाव किए गए हैं। कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना, रविंद्र जायसवाल, दयाशंकर सिंह ने अलग अलग विभागों के प्रस्तावों को मिली मंजूरी के बारे में बताया।

मध्य पूर्व में भीषण जंग के बीच रसोई सिलेंडर को लेकर संकट बढ़ने लगा है। इसी बीच पेट्रोलियम कंपनियों ने 19 किलोग्राम के कमर्शियल सिलेंडर की आपूर्ति पर रोक लगा दी है। साथ ही एजेंसियों को घरेलू सिलेंडर की सप्लाई के कोटा में 20 से 25 फीसदी तक की कटौती का निर्देश दिया है। पेट्रोलियम कंपनी के राज्य स्तरीय अधिकारी की एजेंसी संचालकों के साथ हुई वर्चुअल बैठक में बंदिशों को लेकर जानकारी दी गई है।

यूपी के कई जिलों में मौसम ने अचानक करवट बदल ली। घने कोहरे के साथ दिन का आगाज हुआ। मेरठ, कौशांबी, कानपुर देहात, बांदा समेत कई जिले घने कोहरे के आगोश में सिमटा नजर आया। एक ओर जहां दिन में तापमान 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। वहीं, मंगलवार सुबह घना कोहरा छा गया। आसमान में कोहरे की धुंध छाने से हाई वे व प्रमुख सड़कों पर फर्राटा भरने वाले वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ गई। वहीं बदले मौसम में गर्मी से परेशान लोगों ने राहत महसूस की।

यूपी की टॉप न्यूज़ यहां पढ़ें

किसी भी स्थिति में न हो कानून-व्यवस्था से समझौता, सीएम योगी का अफसरों को सख्त निर्देश

शहर में एक दिवसीय दौरे पर आए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर में सोमवार रात अधिकारियों के साथ बैठक की, जिसमें उन्होंने परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने विकास परियोजनाओं में प्रभावितों को जल्द ही मुआवजा देने और निवेश को प्रोत्साहित करने का निर्देश दिया। शहर की कानून-व्यवस्था की समीक्षा में मुख्यमंत्री ने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को सतर्कता के साथ कार्य करने का निर्देश देते हुए कहा कि छोटी-छोटी घटनाओं पर भी नजर रखी जाए और किसी भी स्थिति में कानून-व्यवस्था से समझौता नहीं होना चाहिए। इसके साथ ही, उन्होंने पैडलेगंज-नौसड़ सिक्स लेन और गोड़धोइया नाला निर्माण जैसे कार्यों को समय पर पूरा करने तथा शहर से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए हैं।

लखनऊ में डबल मर्डर: मां-बेटे की हत्या, महिला का अर्धनग्न शव मिला, रेप की भी आशंका

राजधानी लखनऊ में एक बार फिर बदमाशों ने पुलिस को चुनौती दी है। सिसेंडी कस्बा चौकी से कुछ दूरी पर सोमवार रात महिला (48) और उसके 18 साल के नेत्रहीन बेटे की बदमाशों ने गला घोंटकर हत्या कर दी। आरोपियों ने महिला के अर्धनग्न शव को रजाई में लपेट दिया, जबकि बेटे को कमरे में रखे पानी भरे हौद में डुबो दिया। वारदात के बाद बदमाश घर के मुख्य गेट पर बाहर से कुंडा लगाकर भाग निकले। आशंका है कि महिला की रेप के बाद हत्या की गई है।

योगी सरकार में मंत्री बनने का इंतजार कर रहे विधायकों को झटका

उत्तर प्रदेश की राजनीति में बहुप्रतीक्षित योगी मंत्रिमंडल का विस्तार फिलहाल ठंडे बस्ते में जाता दिख रहा है। सत्ता के गलियारों में चर्चा थी कि होली के आसपास नई टीम का एलान हो सकता है, लेकिन अब पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने अपनी प्राथमिकताएं बदल दी हैं। ऐसे में कई विधायकों के मंत्री बनने का इंतजार बढ़ गया है। यह इंतजार कम से कम दो महीने बढ़ा है। ताजा घटनाक्रम के अनुसार, अब पश्चिम बंगाल और असम समेत पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों के नतीजे आने के बाद ही उत्तर प्रदेश में कोई बदलाव होगा।

साइबर ठगी के पीड़ितों को राहत, अब रकम के लिए नहीं काटने पड़ेंगे कोर्ट के चक्कर

आए दिन साइबर ठगी की घटनाएं आती हैं, जिसमें जालसाज लोगों को फंसाकर ठगी करते हैं। हालांकि साइबर जालसाजी के मामलों में पीड़ितों को राहत देने के लिए केंद्र सरकार ने नई एसओपी जारी की है। नई व्यवस्था के तहत अब 50 हजार रुपये तक की साइबर ठगी की रकम को बिना कोर्ट की अनुमति के ही पीड़ित को वापस किया जा सकेगा। इससे पहले छोटी रकम की वापसी के लिए भी पीड़ितों को लंबे समय तक अदालत की प्रक्रिया से गुजरना पड़ता था।

पहले के साथ मिलकर प्रेमिका ने की दूसरे प्रेमी की हत्या, खूनी लव ट्रायंगल का खुलासा

उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के नानौता थाना क्षेत्र में पिछले साल नवंबर में हुई युवक की हत्या का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। जांच में सामने आया कि युवक की प्रेमिका ने अपने पहले प्रेमी के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी थी। मृतक युवक महिला का दूसरा प्रेमी था और वह दोनों के संबंधों में बाधा बन रहा था। पुलिस ने इस मामले में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है।

यूनिवर्सिटी से जुड़ेंगे यूपी के मदरसे, कामिल-फाजिल की परीक्षाएं कराएंगे राज्य विश्वविद्यालय

यूपी सरकार मदरसों को जल्द ही राज्य विश्वविद्यालय से संबद्ध करेगी। मदरसा शिक्षा परिषद की कामिल एवं फाजिल कक्षाओं की परीक्षाएं संबंधित विश्वविद्यालय ही कराएंगे। इसके लिए सरकार ‘उत्तर प्रदेश राज्य विश्वविद्यालय अधिनियम-1973’ में जल्द संशोधन भी कराने जा रही है। संशोधन के बाद महाविद्यालयों की भांति मदरसों को भी उस जिले में स्थित विश्वविद्यालय से ही संबद्धता मिलने लगेगी।

Pawan Kumar Sharma

लेखक के बारे में

Pawan Kumar Sharma

पवन कुमार शर्मा पिछले चार वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हैं। डिजिटल मीडिया में काम करते हुए वह उत्तर प्रदेश की राजनीति, क्राइम, सरकारी योजनाओं और टूरिज्म से जुड़े मुद्दों पर नियमित रूप से लिखते हैं। इससे पहले पवन एबीपी न्यूज के साथ बतौर फ्रीलांसर काम कर चुके हैं। पवन ने नई दिल्ली स्थित भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से रेडियो एवं टेलीविजन पत्रकारिता की पढ़ाई की है। इससे पहले क्राइस्ट चर्च कॉलेज, कानपुर से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया। ग्राउंड रिपोर्टिंग और अकादमिक समझ के साथ पवन तथ्यात्मक, संतुलित और पाठक-केंद्रित समाचार लेखन करते हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News और Kanpur News के साथ-साथ UP Board Result, UP Board 10th Result, UP Board 12th Result और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।