Hindi NewsUP Newsup top news 10 november 2025 bjp unity march cm yogi in gorakhpur encounter in hapur weather crime politics updates
UP Top News Today: लाल किले के पास कार में धमाके के बाद यूपी में हाई अलर्ट, रामपुर में भाजपा नेता की हत्या

UP Top News Today: लाल किले के पास कार में धमाके के बाद यूपी में हाई अलर्ट, रामपुर में भाजपा नेता की हत्या

संक्षेप:

दिल्ली में लाल किले के पास कार में धमाके को देखते हुए यूपी में हाई अलर्ट कर दिया गया है। पूरे प्रदेश की नाकेबंदी कर चेकिंग शुरू की गई। उधर, रामपुर में भाजपा नेता के पिता व रिटायर्ड स्वास्थ्य कर्मी की गोली मारकर हत्या कर दी गई।

Nov 10, 2025 10:13 pm ISTAjay Singh लाइव हिन्दुस्तान
share Share
Follow Us on

UP Top News Today 10 November 2025: दिल्ली में लाल किले के पास कार में धमाके को देखते हुए यूपी में हाई अलर्ट कर दिया गया है। पूरे प्रदेश की नाकेबंदी कर चेकिंग शुरू की गई। वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अफसरों को निर्देश दिए कि सभी धार्मिंक स्थलों की सुरक्षा बढ़ा दी जाए। साथ ही हर प्रमुख स्थानों, रेलवे, बस स्टेशनों के पास अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर हर आने-जाने वालों पर नजरें रखी जाए।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

उधर, रामपुर में शहर कोतवाली क्षेत्र में भाजपा नेता के पिता व रिटायर्ड स्वास्थ्य कर्मी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। सोमवार की सुबह उनका शव किला गेट के पास पड़ा मिला। हत्या की खबर फैलते ही इलाके में सनसनी मच गई। आनन-फानन में पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वहीं, मामले में भाजपा नेता की तहरीर पर पुलिस ने एक रिश्तेदार समेत तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।

पढ़ें यूपी की टॉप न्यूज

बीएलओ का कार्य न करने पर तीन शिक्षकों पर गिरी गाज,निलंबित

हाथरस में बीएलओ जैसे महत्वपूर्ण कार्य में शिक्षक व शिक्षिकाएं लापरवाही बरत रहे हैं। जिससे चुनाव से जुड़ा महत्वपूर्ण कार्य बुरी तरह से प्रभावित हो रहा है। बीएसए ने अब सिकंदराराऊ उपजिलाधिकारी की रिपोर्ट के आधार पर तीन शिक्षकों को निलंबित कर दिया है।

राम मंदिर में ध्वजारोहण के साथ सवा करोड़ घरों में भी फहराएगा भगवा ध्वज

राम मंदिर में 25 नवम्बर को ध्वजारोहण के साथ देश में सवा करोड़ घरों पर भी भगवान ध्वज फहराए जाने की तैयारी शुरू हो गयी है। इस योजना को अंजाम तक पहुंचाने के लिए श्रीरामलला अयोध्याजी सेवा समितिकी सोमवार को बैठक हुई। इस बैठक में समिति के अध्यक्ष आचार्य डॉ. राजानंद शास्त्री ने कहा कि राम मंदिर में शिखर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के द्वारा ध्वजारोहण सम्पूर्ण सनातनियों को गौरवान्वित करने वाला दिन होगा। प्रधानमंत्री मोदी धर्म ध्वजा लहराकर संपूर्ण विश्व को श्रीराम मंदिर निर्माण की पूर्णता का संदेश देंगे।

अधिवक्ता युवती के साथ दुष्कर्म, फोटो और वीडियो भी बनाई

हापुड़ में कोतवाली नगर क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी अधिवक्ता युवती ने एक युवक पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। युवक के परिवार पर हत्या की धमकी देने और पैसों की डिमांड का आरोप लगाया गया है। अधिवक्ता ने आरोप लगाया है कि उसके फोटो और वीडियो बनाकर उसका मानसिक उत्पीड़न किया जा रहा है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

छात्र की मौत पर उबाल, कॉलेज गेट पर छह घंटे तक धरना-पंचायत

मुजफ्फरनगर में छात्र उज्ज्वल राणा की मौत के बाद छात्र संघ में उबाल आ गया। सोमवार को छात्र संघ ने कॉलेज गेट के बाहर छह घंटे से अधिक समय तक धरना दिया। बाद में यह धरना पंचायत में बदल गया। धरनास्थल पर छात्र संगठनों के नेताओं के अलावा सामाजिक संगठनों, सभी राजनीतिक दलों के जनप्रतिनिधि और हजारों ग्रामीण शामिल हुए। वक्ताओं ने मृतक छात्र के परिजनों को एक करोड़ रुपये मुआवजा, सरकारी नौकरी देने और नामजद आरोपियों की 48 घंटे में गिरफ्तारी की मांग रखी। करीब छह घंटे से अधिक समय तक धरना जारी रहा। धरना स्थल पर एडीएम वित्त एवं राजस्व गजेन्द्र कुमार, एसपी देहात आदित्य बंसल व एसपी सिटी सत्यनारायण प्रजापत ने इन मांगों को पूरा करने का आश्वासन देकर धरना समाप्त कराया। शाम छह बजे के बाद छात्र उज्ज्वल के शव को अंतिम संस्कार के लिए ले जाया गया।

यूपी के सभी स्कूलों में वंदे मातरम् गाना जरूरी, CM योगी ने किया ऐलान

सीएम योगी आदित्यनाथ ने यूपी के सभी स्कूलों और शिक्षण संस्थाओं में वंदे मातरम् का गायन अनिवार्य करने का ऐलान किया है। सोमवार को उन्होंने गोरखपुर में एकता यात्रा का आरंभ करने से पहले कहा कि हम इसे अनिवार्य करेंगे जिससे हर नागरिक के मन में अपनी मातृभूमि के प्रति श्रद्धा और सम्मान का भाव जागृत हो।

नया जिन्ना चुनौती दे इससे पहले उसे दफन करना होगा, एकता यात्रा में गरजे योगी

सीएम योगी ने कहा कि जाति, क्षेत्र और भाषा के नाम पर विभाजन देश में नए जिन्ना को पैदा करने की साजिश का हिस्सा है। अब भारत के अंदर फिर से कोई नया जिन्ना पैदा न होने पाए। वो जिन्ना यदि पैदा होने की कोशिश करता है तो इससे पहले कि वो भारत की एकता को चुनौती दे हमें उसे दफ्न कर देना होगा।

सड़क पर अचानक होने लगी नोटों की बारिश, मच गई लूट; थार पर चढ़े 4 बारातियों पर केस

बुलंदशहर में पहासू की सड़कों पर राहगीर जमकर रुपए लूटते हुए नजर आए। घटना रविवार की रात की है। मिली जानकारी के अनुसार ये युवक शादी समारोह में शामिल होने आए थे। बारात चढ़त के दौरान सड़क पर हूटर बजाते हुए उन्होंने अचानक से नोट उड़ाने शुरू कर दिए।

यूपी में ताबड़तोड़ एनकाउंटर, देवरिया, हापुड़, बलिया के बाद बदायूं में मुठभेड़, निशाने पर गौ तस्कर

यूपी में ताबड़तोड़ एनकाउंटर जारी हैं। रविवार की देर रात से सोमवार की सुबह तक देवरिया, हापुड़, बलिया और बदायूं में पुलिस से बदमाशों की मुठभेड़ हुई है। हापुड़ में तो गौतस्कर हसीन को पुलिस ने मार गिराया है।

गेस्ट हाउस में प्रेमिका का गला दबाकर खुद लगाई फांसी, अचानक टूट गई रस्सी

यूपी के वाराणसी में प्रेमी ने नीट की तैयारी कर रही प्रेमिका को कमरा बुक कर गेस्ट हाउस में बुलाया। यहां किसी बात पर उससे विवाद हुआ तो पहले गला दबाया और तकिया से मुंह दबा दिया। उसे मरा समझकर खुद भी फांसी पर लटका लेकिन रस्सी टूटने से बच गया।

यूपी में अलसुबह एनकाउंटर, 50 हजार का इनामी हसीन को पुलिस ने मार गिराया, पिस्टल और कार बरामद

यूपी में सोमवार की अलसुबह पुलिस और बदमाशों के बीच एनकाउंटर हुआ है। हापुड़ में हुए एनकाउंटर में पुलिस ने 50 हजार के इनामी हसीन को मार गिराया है। कपूरपुर पुलिस के साथ हसीन की मुठभेड़ हुई है।

15 दिन में करें सभी समस्याओं का समाधान, CM योगी का अफसरों को दो टूक आदेश

CM योगी आदित्यनाथ गोरखपुर में हैं। जनता दर्शन में फरियादें सुन उन्होंने अफसरों को निर्देश दिया कि 15 दिन में सभी की समस्याओं का निस्तारण करें। इसके साथ ही उन्होंने शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी दिलाने की भी बात कही। सीएम योगी आज गोरखपुर में एकता पदयात्रा में शामिल होंगे।

राष्ट्रीय वॉलीबॉल खिलाड़ी जूली यादव की दर्दनाक मौत, ट्रक ने 20 फीट तक घसीटा; छूटी तो कुचल कर भागा

जूली यादव मौंदा आशियाना स्थित लखनऊ पब्लिक स्कूल में स्पोर्ट्स टीचर व राष्ट्रीय स्तर की एथलीट थीं। कई प्रतियोगिताओं में मेडल जीत चुकी थीं। सुबह स्कूल में आयोजित छात्रों की चैम्पियनशिप कराने जा रही थीं। स्कूल जाने के लिए निकलीं तो मौंदा मोड़ के पास हादसे का शिकार हो गईं।

थाने और केवल पुलिस वालों के घर चोरी करने वाला गिफ्तार, मॉडस अपरेंडी सुन हर कोई हैरान

यूपी के आगरा में पुलिस ने एक ऐसे व्यक्ति को गिरफ्तार किया है जो केवल थानों और पुलिस वालों के यहां ही चोरी करता था। चोरी करने वाला खुद पहले पुलिस में था और बर्खास्त हो चुका है। उसकी मॉडल अपरेंडी सुनकर पुलिस वाले भी हैरान हैं।

यूपी के इस जिले में आधी रात तड़तड़ाईं गोलियां, असलहा तस्कर पप्पू सिंह एनकाउंटर में घायल

देवरिया में आधी रात को पुलिस गश्त पर थी। इस बीच पुलिस को मुखबिर ने सूचना दी कि एक असलहा तस्कर बाइक से सकरापार के पास पहुंच रहा है, सूचना के बाद पुलिस ऐक्टिव हो गई और मौके पर पहुंच गई। पुलिस के पहुंचते ही बाइक सवार बदमाश पुलिस टीम पर ही फायर झोंक दिया।

लिव-इन में रार पर नहाते समय चुपके से खींचे अश्लील फोटो, युवती की ही इंस्टाग्राम ID पर किया अपलोड

यूपी के आगरा में एक युवती के साथ लिव इन में रहने वाले शादीशुदा युवक ने जबरिया शादी के लिए अजब हरकत की है। पहले युवती का नहाते समय चुपके से तस्वीरें खींच लीं। इसके बाद युवती की इंस्टाग्राम आईडी हैक कर उसी पर तस्वीरें अपलोड कर दीं।

यूपी की अन्य खबरें और अपडेट्स जानने के लिए बने रहिए ‘लाइव हिन्दुस्तान’ के साथ

Ajay Singh

लेखक के बारे में

Ajay Singh
अजय कुमार सिंह दो दशक से अधिक अनुभव वाले वरिष्ठ पत्रकार हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से की और टीवी होते हुए अब डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय हैं। राजनीति, स्वास्थ्य, शिक्षा और पर्यावरण से जुड़ीं खबरों को गहराई से कवर किया है। फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में असिस्टेंट एडिटर हैं और उत्तर प्रदेश की राजनीति और क्राइम खबरों पर विशेष फोकस रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करे| पाएं Lucknow news , Prayagraj News , Varanasi News , Gorakhpur News , Kanpur News , Aligarh News से जुड़ी ताजा खबरें हिंदी में |