यूपी से दिल्ली-मुंबई की दशहरा-दीपावली पर ट्रेनें पैक, तीन विकल्प से सफर होगा आसान
यूपी से दिल्ली-मुंबई की दशहरा-दीपावली पर ट्रेनें पैक हो गई हैं। ट्रेनों में टिकट नहीं मिल रहे हैं। ऐसे में तीन विकल्प हैं जिनसे सफर आसान हो सकता है। नीचे जानें कैसे त्योहारों पर सफर कर सकते हैं।

दीपावली और छठ वैसे तो एक महीने बाद है, लेकिन इन त्योहारों का असर ट्रेनों की बुकिंग में अभी से दिखना शुरू हो गया है। 20 अक्तूबर से 6 नवम्बर तक दिल्ली और मुम्बई से आने वाली और 8 से 15 नवम्बर तक यूपी के गोरखपुर से जाने वाली सभी प्रमुख ट्रेनें पूरी तरह से पैक हो चुकी हैं। किसी भी ट्रेन में बर्थ नहीं बची है।
छठ पर्व 13 से 16 नवंबर के बीच है। चूंकि एडवांस आरक्षण दो महीने खुलता है ऐसे में छठ के बाद की तारीखों में आरक्षण अभी शुरू नहीं हो सका है। सर्वाधिक मारामारी दिल्ली, मुम्बई, कोलकाता और बंगलूरु की ट्रेनों में है। इस बार दीपावली जहां 07 नवंबर को है वहीं छठ 13 से 16 नंवबर तक है। इन दोनों त्योहारों में दूसरे शहरों में रहने वाले नौकरीपेशा, व्यापारी और छात्र घर आते हैं। इन सभी के आने का उत्साह उस समय खराब हो जाता है जब ट्रेनों में जगह ही नहीं मिलती।
ऐसे में आर्थिक रूप से मजबूत लोग तो विमान का सहारा ले लेते हैं लेकिन सामान्य जन जगह न मिलने की स्थिति में या तो खड़े होकर आते हैं या फिर बस का सहारा लेते हैं। वैसे तो दिल्ली-मुम्बई की सभी प्रमुख गाड़ियों में सीट की मारामारी है लेकिन वैशाली और गोरखधाम एक्सप्रेस में मारामारी कुछ ज्यादा है। इन ट्रेनों की प्रतीक्षा सूची लम्बी है।
तीन विकल्प से आसान बना सकते हैं यात्रा
हवाई सेवा
गोरखपुर एयरपोर्ट से इन दिनों दिल्ली की तीन, मुम्बई की दो, बंगलूरू, हैदराबाद और कोलकाता की एक-एक उड़ान सेवा जारी है। ऐसे में अगर ट्रेन में जगह नहीं मिलती है तो हवाई सेवा को विकल्प बना सकते हैं।
स्पेशल ट्रेनें
दशहरा, दीपावली और छठ को लेकर रेलवे जल्द ही स्पेशल ट्रेनों को चलाने की तारीखें जारी कर दी गई हैं। वर्तमान में 6 से लेकर 20 फेरे तक दिल्ली, मुम्बई के लिए स्पेशल ट्रेनों की अधिसूचना जारी हो गई है।
एसी बस सेवा
गोरखपुर से दिल्ली के लिए रोडवेज वातानुकूलित एसी बस जनरथ नाम से चला रहा है। ऑनलाइन टिकट बुक करा सकते हैं। इस बस में एक माह के अग्रिम आरक्षण की सेवा उपलब्ध है।
ट्रेनों में आरक्षण की स्थिति
- गोरखधाम एक्सप्रेस की सभी श्रेणी में 15 अक्तूबर से 15 नवम्बर तक बर्थ उपलब्ध नहीं
- वैशाली एक्सप्रेस की सभी श्रेणी में 18 अक्तूबर से 15 नवम्बर तक बर्थ उपलब्ध नहीं
- सप्तक्रांति एक्सप्रेस की सभी श्रेणी में 17 अक्तूबर से 15 नवम्बर तक बर्थ उपलब्ध नहीं
- गोरखपुर-एलटीटी की सभी श्रेणी में 14 अक्तूबर से 15 नवम्बर तक बर्थ उपलब्ध नहीं
- कुशीनगर एक्सप्रेस की सभी श्रेणी में 16 अक्तूबर से 15 नवम्बर तक बर्थ उपलब्ध नहीं
न्यू जलपाईगुड़ी-गोमती नगर साप्ताहिक 4 अक्तूबर से
यात्रियों की सुविधा को देखते हुए 05742/05741 न्यू जलपाईगुड़ी-गोमती नगर वाया गोरखपुर साप्ताहिक स्पेशल का संचलन 9 फेरों में किया जाएगा। यह जानकारी सुमित कुमार ने दी है। 05742 न्यू जलपाईगुड़ी-गोमती नगर साप्ताहिक स्पेशल 04 अक्तूबर से 29 नवम्बर तक प्रत्येक रविवार को न्यू जलपाईगुड़ी से सुबह 08:30 बजे प्रस्थान कर देर रात 2:25 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। यहां से प्रस्थान कर सुबह 09:10 गोमतीनगर पहुंचेगी। वापसी में, 05741 गोमती नगर-न्यू जलपाईगुड़ी साप्ताहिक स्पेशल सोमवार को गोमती नगर से 12:20 बजे प्रस्थान कर रात 9:15 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। यहां से प्रस्थान कर अगले दिन दोपहर तीन बजे न्यू जलपाईगुड़ी पहुंचेगी।

