नाबालिग रेप पीड़िता की प्रसव के दौरान मौत, मृत बच्चे को जन्म देने के बाद हालत बिगड़ी
सोनभद्र में नाबालिग रेप पीड़िता की प्रसव के दौरान मौत हो गई। लड़की की हालत मृत बच्चे को जन्म देने के बाद बिगड़ी। अधिक रक्त बहने के कारण उसकी मौत हुई। रेप कांड सामने आने के बाद से आरोपी जेल में बंद है।

यूपी में एक नाबालिग बच्ची की प्रसव के दौरान मौत हो गई। बताया जा रहा है कि सोनभद्र जिला अस्पताल में बुधवार को प्रसव के दौरान दुष्कर्म पीड़िता किशोरी की मौत हो गई। वह घोरावल कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की निवासी थी। बीते अगस्त माह में रेप मामले का खुलासा होने पर पुलिस आरोपी युवक को गिरफ्तार कर चुकी है। किशोरी की मौत के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
मामले में मिली जानकारी के अनुसार परिजनों ने बीते 12 अगस्त को गांव के एक युवक को किशोरी के साथ आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ा था। इसके बाद लड़की से रेप होने की जानकारी परिजनों को मिली। जानकारी होते ही परिजनों ने पुलिस को मामले में शिकायत दर्ज करवाई। उनकी तहरीर पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया था। उधर, लड़की को मेडिकल के लिए भेजा गया तो किशोरी के पांच माह की गर्भवती होने की पुष्टि हुई थी। मंगलवार को अचानक किशोरी के पेट में दर्द की शिकायत हुई तो परिजन उसे लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
किशोरी लगभग 7 महीने गर्भवती थी। जिला अस्पताल में बुधवार को प्रसव के दौरान किशोरी की मौत हो गई। डॉक्टरों के अनुसार, उसकी मौत अत्यधिक रक्तस्राव से हुई है। किशोरी ने एक मृत बच्चे को जन्म दिया। इसके बाद उसका रक्तस्त्राव होता रहा। डॉक्टरों ने खून रोकने की कोशिश की लेकिन नाकाम रहे। इसी कारण लड़की की मौत हो गई। इस मामले की जानाकरी पुलिस को दी गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इस मामले के बारे में जानकारी देते हुए घोरावल कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार सिंह ने बताया कि किशोरी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामले में रेप आरोपी पहले ही जेल में बंद है। किशोरी के शव को परिजनों को सौंपा जाएगा। मामले में जांच की जा रही है। परिजनों और डॉक्टरों से भी बात की गई है। वहीं, मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पुलिस आगे की कार्रवाई पर विचार करेगी।


