सीतापुर में जेन अल्फा ने पानी के लिए खुद को हॉस्टल में किया बंद, छात्रों का प्रदर्शन

संवाददाता, सीतापुर
Follow us on Google News
share

सीतापुर में जेन अल्फा छात्रों ने पानी के लिए खुद को हॉस्टल में बंद किया। बाथरूम में पानी न आने पर आक्रोश के साथ प्रदर्शन किया गया। छात्रों ने पांच घंटे कमरे में खुद को बंद रखा। डीएम दो घंटे स्कूल में रहे। साथ खाना खाकर छात्रों को मनाया।

Sitapur School
हरधौरपुर जवाहर नवोदय विद्यालय में शुक्रवार को पढ़ाई की व्यवस्था देखते डीएम।

यूपी के सीतापुर में ऐलिया ब्लॉक के हरधौरपुर स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय में शुक्रवार सुबह नहाने का पानी न मिलने पर छात्र भड़क गए। उन्होंने हॉस्टल में अपने आप को बंद कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। वार्डन व प्रधानाचार्य ने बातचीत की पर वे डीएम को बुलाने की मांग पर अड़े रहे। एडीएम ने आकर बात की तब भी छात्र नहीं माने। इस पर डीएम डॉ. राजा गणपति आर मौके पर पहुंचे और छात्रों से बातचीत की।

छात्रों के साथ खाना खाते हुए उनकी समस्याएं दूर करवाने का आश्वासन दिया। इसके बाद छात्र शांत होकर पढ़ाई में जुट गए। कक्षा नौ से 12वीं तक के छात्र सुबह करीब साढ़े सात बजे नहाने के लिए बाथरूम गए। वहां पर पानी नहीं आ रहा था। छात्रों ने कहा यह समस्या रोजाना बनी रहती है। वार्डेन से शिकायत की, इसके बाद भी कोई समाधान नहीं हुआ तो छात्र उग्र हो गए। छात्रों ने हॉस्टल में अपने आप को बंद करके प्रदर्शन शुरू कर दिया।

इसके बाद वार्डन व प्रधानाचार्य आए और बात की। छात्रों ने कहा कि यह समस्या एक दिन की नहीं रोज की है। जब तक डीएम नहीं आएंगे हम लोग अपना कमरा नहीं खोलेंगे। डीएम, डॉ. राजा गणपति आर ने कहा कि छात्रों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया है। समाधान होगा। समय-समय पर समीक्षा की जाएगी।

डीएम ने बच्चों संग खाना खाया,पढ़ाई परखी

ऐलिया ब्लॉक के हरधौरपुर स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय में छात्रों के प्रदर्शन की जानकारी विद्यालय प्रशासन ने डीएम को दी। डीएम के निर्देश पर एडीएम आयुष चौधरी ने करीब साढ़े दस बजे विद्यालय पहुंचकर बच्चों से बात की। बच्चों ने कहा कि डीएम को बुलाइए तभी बात बनेगी। इसके बाद करीब साढ़े 11 बजे जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर पहुंचे और सीधे हॉस्टल गए। उन्होंने विद्यार्थियों को बुलाया और उनकी एक एक करके सभी समस्याएं सुनीं। इसके बाद छात्र शांत हो गए।

जिलाधिकारी ने बच्चों के साथ कैंटीन में जाकर खाना खाया और कक्षा में जाकर पढ़ाई का हालचाल लिया। दो घंटे तक डीएम विद्यालय में ही मौजूद रहकर व्यवस्थाएं परखते रहे। करीब दो बजे डीएम वहां से निकले। छात्रों ने डीएम को बताया कि रात में हॉस्टल का पानी चला जाता है। करीब दो सौ मीटर पर एक हैंडपंप लगा हुआ है। वहां तक पहुंचने के लिए झाड़ झांकड़ के बीच से होकर गुजरना पड़ता है। बारिश में जीव जंतुओं का खतरा बना रहता है।

भोजन की गुणवत्ता बहुत ही खराब है। रसायन विज्ञान का कोई शिक्षक नहीं है। इन समस्याओं से रोजाना रूबरू होना पड़ता है। इस पर डीएम ने प्रधानाचार्य को फटकार लगाते हुए सभी समस्याएं दूर करवाने का आश्वासन दिया। इस दौरान छात्रों ने नो डीएम नो टॉक की पर्ची भी फेंकी। डीएम के निर्देश पर विद्यालय परिसर में क्लासरूम के बाहर एक पेटिका लगाई जाएगी। इसमें छात्र अपने मन की बात की पर्ची लिखकर डाल सकते हैं। इस पर्ची में जो भी दिक्कत होगी, उन्हें प्राथमिकता से दूर करवाया जाएगा। इसकी लगातार समीक्षा होगी।

पानी के लिए जाना पड़ता है 200 मीटर दूर

जवाहर नवोदय विद्यालय हरदौरापुर में हॉस्टल में पानी की समस्या को लेकर छात्रों के प्रदर्शन के बाद प्रशासन ने व्यवस्थाओं की समीक्षा शुरू कर दी है। उधर, छात्रों का कहना है कि हॉस्टल में पानी की समस्या नई नहीं है। अक्सर पानी की समस्या रहती है। पानी नहीं मिलने पर छात्रों को करीब 200 मीटर दूर लगे हैंडपंप का सहारा लेना पड़ता है। हैंडपंप तक पहुंचने का रास्ता झाड़ियों से होकर जाता है। बारिश में यहां सांप समेत अन्य जीव-जंतुओं का खतरा भी बना रहता है। छात्रों ने डीएम के सामने हॉस्टल में मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता का मुद्दा भी उठाया। इसके अलावा केमेस्ट्री के शिक्षकों की कमी की समस्या भी बताई। डीएम ने समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए विद्यालय के प्रधानाचार्य को व्यवस्थाएं दुरुस्त कराने के निर्देश दिए।

प्रदर्शन की सूचनाएं बाहर आने से रोकने का प्रयास

छात्रों के प्रदर्शन के दौरान विद्यालय परिसर में मीडिया की आवाजाही रोकने का प्रयास किए जाने की बात सामने आई। छात्रों ने किसी तरह अपने परिजनों को प्रदर्शन की जानकारी दी, जिसके बाद मामला बाहर आया। बाद में डीएम के विद्यालय पहुंचने पर डीएम ने छात्रों की समस्याओं और उनके समाधान को लेकर जानकारी साझा की। इस दौरान स्कूल प्रबंधन के लोग कुछ बोलने से कतराते रहे। स्कूल के जिम्मेदारों ने फोन तक नहीं उठाया।

Srishti Kunj

लेखक के बारे में

Srishti Kunj

सृष्टि कुंज एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें मीडिया इंडस्ट्री में एक दशक से अधिक का अनुभव है। वर्तमान में वह लाइव हिन्दुस्तान में कार्यरत हैं। उन्होंने पंजाब केसरी ग्रुप के नवोदय टाइम्स और इंडिया न्यूज जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों के साथ काम किया है, जहां उन्होंने नेशनल और दिल्ली डेस्क के लिए कंटेंट क्रिएशन और मल्टीमीडिया स्टोरीटेलिंग में अपनी स्किल्स को निखारा है। सृष्टि कुंज लाइव हिन्दुस्तान में लगभग 6 वर्षों से यूपी की टीम संग काम कर रही हैं। 2020 से वह हिन्दुस्तान डिजिटल के लिए उत्तर प्रदेश की राजनीति, क्राइम, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य बीटों से जुड़ीं खबरें लिखती हैं। सृष्टि ने अपनी स्कूलिंग के बाद एनिमेशन की पढ़ाई की और फिर बतौर एनिमेटर एक विदेशी गेम के लिए कैरेक्टर डिजाइनिंग की। इसके बाद सृष्टि ने मॉस कम्यूनिकेशन और जर्नलिजम में स्नातक की डिग्री हासिल की। एक दशक से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय सृष्टि ने जर्नलिज्म एंड मास कॉम में डिग्री लेकर पंजाब केसरी ग्रुप के दिल्ली संस्करण नवोदय टाइम्स की डिजिटल टीम के साथ अपने करियर की शुरुआत की थी। 3 साल नवोदय टाइम्स से जुड़े रहने के बाद सृष्टि ने इंडिया न्यूज की डिजिटल टीम (इनखबर) की नेशनल डेस्क के साथ भी काम किया। 2020 से सृष्टि लाइव हिन्दुस्तान की डिजिटल टीम के साथ अब ट्रेंड्स के अनुसार पाठकों तक यूपी की हर खबर को पहुंचा रही हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, UP News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News, और lucknow Weather अपडेट हिंदी में पढ़ें। साथ ही UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Election 2027 Candidates से जुड़ी ताज़ा खबरों के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsUP Newsसीतापुर में जेन अल्फा ने पानी के लिए खुद को हॉस्टल में किया बंद, प्रदर्शन