
सीतापुर में दो पत्नियों पर शिकंजा, एक पर पति की हत्या का केस तो दूसरे का पति लापता
यूपी में सीतापुर के कमलापुर में गुरुवार रात पत्नी के साथ बाइक से जा रहे युवक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। पत्नी का आरोप है कि एक तेज रफ्तार वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर से वह दोनों बाइक से गिर गए। हादसे में पति की मौत हो गई जबकि वह बाल- बाल बच गई।
यूपी में सीतापुर के कमलापुर में गुरुवार रात पत्नी के साथ बाइक से जा रहे युवक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। पत्नी का आरोप है कि एक तेज रफ्तार वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर से वह दोनों बाइक से गिर गए। हादसे में पति की मौत हो गई जबकि वह बाल- बाल बच गई। वहीं, मृतक के भाई ने उसकी पत्नी पर हत्या का आरोप लगा कमलापुर थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस महिला से पूछताछ कर रही है।
लखनऊ नगराम के करौरा निवासी राजू (32) की शादी आठ माह पहले कमलापुर के बलदेव नगर में आशाराम की बेटी पप्पी के साथ हुई थी। राजू मकर संक्रांति पर गुरुवार को ससुराल आया था। गुरुवार शाम को वह पत्नी पप्पी के साथ बाइक से दवा लेने खैराबाद गया था। पत्नी के मुताबिक वह बाइक से दवा लेकर लौट रहे थे वह कुंवरपुर गांव के पास पहुंचे ही थे तभी तेज रफ्तार वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर से बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई। इसके कारण ही मौके पर ही राजू की मौत हो गई। वहीं पप्पी हादसे में बाल- बाल बच गई।
सूचना पर मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया। राजू की मौत की सूचना पर पहुंचे परिवार वालों ने राजू की पत्नी पप्पी पर हत्या का आरोप लगकर हंगामा करना शुरू कर दिया। राजू के भाई राहुल ने आरोप लगाया कि ऐसा कैसे हो सकता है कि भाई राजू और पप्पी एक बाइक पर थे, ऐसे में हादसे में सिर्फ एक की मौत हो गई और दूसरे को कहीं भी कोई चोट नहीं आई। थाना प्रभारी कमलापुर इतुल चौधरी के मुताबिक राहुल की तहरीर पर राजू की पत्नी पप्पी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पूछताछ की गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।
पत्नी से विवाद के बाद पति लापता, हत्या की आशंका
महोली कोतवाली क्षेत्र में पत्नी से विवाद के बाद एक पति संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। पिता ने ससुराल पक्ष पर बेटे की हत्या कर शव छिपाने की आशंका जताते हुए पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना-पत्र दिया है। हरैया-फत्तेपुर गांव निवासी टीटू सक्सेना सोमवार को साइकिल से कोतवाली जाने की बात कहकर घर से निकले थे। देर शाम तक जब वह वापस नहीं लौटे तो परिजनों ने उनसे संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उनका मोबाइल बंद मिला। टीटू के पिता राम रतन ने बताया कि उनका बेटा कारेदेव मंदिर पर मिठाई की दुकान लगाता था। जून 2025 में टीटू का विवाह कचूरी गांव की चंचल से हुआ था। रविवार शाम को टीटू का चंचल से विवाद हो गया था।
चंचल ने अपने भाई सौरभ को झगड़े की सूचना दी। सौरभ शराब के नशे में उनके घर आया और टीटू के साथ मारपीट की। इसके बाद सौरभ चंचल को अपने साथ लेकर चला गया। ससुराल जाने के बाद चंचल ने कोतवाली में टीटू के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। इसी शिकायत के संबंध में टीटू सोमवार को अपना मोबाइल लेकर कोतवाली जाने के लिए घर से निकला था। चार दिन बाद भी टीटू का कोई सुराग नहीं मिला है। शुक्रवार को राम रतन ने सीतापुर के डीएम और एसपी अंकुर अग्रवाल से मुलाकात की। एक प्रार्थना-पत्र सौंपकर आशंका जताई कि उनके बेटे को ससुराल वालों ने गायब कर दिया है या उसकी हत्या कर शव कहीं छिपा दिया है।

लेखक के बारे में
Srishti Kunjसृष्टि कुंज लाइव हिन्दुस्तान में लगभग 6 वर्षों से यूपी की टीम संग काम कर रही हैं। एक दशक से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय सृष्टि ने जर्नलिज्म एंड मास कॉम में डिग्री लेकर पंजाब केसरी ग्रुप की डिजिटल टीम के साथ अपने करियर की शुरुआत की थी। सृष्टि ने इंडिया न्यूज के साथ भी लंबे समय तक काम किया। 2020 से वह उत्तर प्रदेश की राजनीति, क्राइम, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य बीटों से जुड़ीं खबरें लिखती हैं।
और पढ़ें



