UP SIR: वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने का आज अंतिम दिन, अब तक 82 लाख ने फॉर्म-6 भरा

Mar 06, 2026 01:01 pm ISTsandeep हिन्दुस्तान, प्रमुख संवाददाता, लखनऊ
share

यूपी में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत दावे और आपत्तियां दाखिल करने का शुक्रवार अंतिम दिन है। अब तक 82.34 लाख लोगों ने फॉर्म-6 भरकर नाम जुड़वाने के लिए आवेदन किया है। निर्वाचन विभाग ने बीएलओ को बूथ पर तैनात किया है और लोगों से समय रहते आवेदन करने की अपील की है।

UP SIR: वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने का आज अंतिम दिन, अब तक 82 लाख ने फॉर्म-6 भरा

उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत दावे और आपत्तियां दर्ज कराने का शुक्रवार को अंतिम दिन है। निर्वाचन विभाग ने साफ कर दिया है कि इसके बाद इस प्रक्रिया की समयसीमा नहीं बढ़ाई जाएगी। ऐसे में जिन लोगों ने अभी तक अपना नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं कराया है, उनके लिए आज आखिरी मौका है। निर्वाचन विभाग के अनुसार जो लोग मतदाता बनने के लिए फॉर्म-6 भरेंगे, उनका नाम एसआईआर के तहत तैयार होने वाली नई मतदाता सूची में शामिल किया जाएगा। हालांकि इसके बाद भी लोग अपना नाम मतदाता सूची में जुड़वा सकेंगे, लेकिन वह नाम एसआईआर प्रक्रिया के तहत तैयार सूची का हिस्सा नहीं होगा।

अब तक 82 लाख ने भरा फॉर्म-6

अधिकारियों का कहना है कि चूंकि यह विशेष गहन पुनरीक्षण लगभग 20-22 साल बाद किया जा रहा है, इसलिए बाद में नाम जुड़ने पर भविष्य में मतदाताओं की मैपिंग में कठिनाई आ सकती है। प्रदेश में अब तक कुल 82.34 लाख लोगों ने मतदाता बनने के लिए फॉर्म-6 भरा है। निर्वाचन विभाग ने अंतिम दिन सभी जिलों में बूथ स्तर अधिकारियों (बीएलओ) को अपने-अपने बूथ पर उपलब्ध रहने के निर्देश दिए हैं ताकि इच्छुक लोग आसानी से आवेदन कर सकें। इसके अलावा मतदाता ऑनलाइन माध्यम से भी आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए चुनाव आयोग के ईसीआई नेट ऐप और आधिकारिक पोर्टल www.voters.eci.gov.in की सुविधा उपलब्ध है, जिसके जरिए लोग घर बैठे ही फॉर्म भर सकते हैं।

वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने का आज अंतिम दिन

निर्वाचन विभाग महिलाओं के नाम मतदाता सूची में जोड़ने पर भी विशेष जोर दे रहा है। अधिकारियों का मानना है कि महिलाओं की भागीदारी बढ़ने से लोकतांत्रिक प्रक्रिया और अधिक मजबूत होगी। इसी उद्देश्य से बीएलओ को घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने सभी जिलों के जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि मतदाताओं को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो और बूथों पर सभी आवश्यक फॉर्म पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रहें। मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए फॉर्म-6, नाम कटवाने के लिए फॉर्म-7 और किसी भी प्रकार के संशोधन के लिए फॉर्म-8 का उपयोग किया जा रहा है।

3.26 करोड मतदाताओं को नोटिस

निर्वाचन विभाग के अनुसार वर्ष 2003 की मतदाता सूची से 1.04 करोड़ मतदाताओं के नाम का मिलान नहीं हो सका है, जबकि 2.22 करोड़ मतदाताओं में तार्किक विसंगतियां पाई गई हैं। इन सभी को नोटिस जारी किए गए हैं। इस प्रकार कुल 3.26 करोड़ मतदाताओं को नोटिस भेजे गए हैं, जिनमें से अब तक 78 प्रतिशत मामलों की सुनवाई पूरी की जा चुकी है।

नाम कटवाने के लिए 2.84 लाख ने फॉर्म-7 भरा

वहीं मतदाता सूची से नाम हटवाने के लिए अब तक 2.84 लाख लोगों ने फॉर्म-7 भरा है। इनमें मृत, स्थानांतरित या गलत तरीके से सूची में शामिल हुए लोगों के नाम शामिल हैं। अधिकारियों का कहना है कि यदि किसी व्यक्ति के नाम पर आपत्ति दर्ज की गई है तो उसकी जांच और सुनवाई के बाद ही अंतिम निर्णय लिया जा रहा है।

sandeep

लेखक के बारे में

sandeep
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News और Kanpur News के साथ-साथ UP Board Result, UP Board 10th Result, UP Board 12th Result और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।