UP SIR: अंतिम मतदाता सूची में कैसे चेक करें अपना नाम, सिलसिलेवार तरीके से समझिए
यूपी में एसआईआर के बाद फाइनल वोटर लिस्ट जारी कर दी गई है। जिसमें कुल 13 करोड़ 39 लाख 84 हजार 792 वोटर हैं। वहीं 2य05 करोड़ वोटर के नाम कटे हैं। इससे पहले ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में 2.89 करोड़ मतदाताओं के नाम काटे गए थे। फाइनल लिस्ट में 84 लाख वोटर्स के नाम बढे़ हैं।

उत्तर प्रदेश में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के बाद फाइनल वोटर लिस्ट जारी हो गई है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि प्रदेश में 2.05 करोड़ वोटर्स के नाम कट गए हैं। 6 जनवरी को जारी ड्राफ्ट लिस्ट में 2.89 करोड़ वोटर्स के नाम कटे थे। अब प्रदेश में फाइनल वोटर लिस्ट जारी होने के बाद कुल मतदाताओं की संख्या 13 करोड़ 39 लाख 84 हजार 792 हो गई है। अंतिम मतदाता सूची में आप भी अपना नाम ऑनलाइन तरीके से आसानी से देख सकते हैं।
फाइनल वोटर लिस्ट में ऐसे चेक करें अपना नाम
सबसे पहले आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं: https://voters.eci.gov.in/ या https://electoralsearch.in/ या फिर ceouttarpradesh.nic.in
फिर वोटर लिस्ट या Electoral Roll सेक्शन में जाएं
अब अपना राज्य चुनें- Uttar Pradesh
Roll Type में Final Roll 2026 या SIR Final Roll 2026 सिलेक्ट करें
अपना जिला, विधानसभा क्षेत्र और बूथ नंबर चुनें या अपना नाम, पिता/पति का नाम और उम्र डालकर सर्च करें
PDF फॉर्मेट में सूची डाउनलोड करके अपने नाम की जांच कर सकते हैं।
अंतिम मतदाता सूची में नाम नहीं तो क्या करें
आपका नाम सूची में नहीं है, तो आप फॉर्म-6 भरकर पंजीकरण करा सकते हैं। ऑनलाइन आवेदन https://voters.eci.gov.in पर अपने मोबाइल नंबर के जरिए किया जा सकता है। आवेदन फॉर्म डाउनलोड भी किया जा सकता है।
आपको बता दें यूपी की फाइनल वोटर लिस्ट में पुरुष मतदाता की संख्या 7,30,71,061 है। यह कुल वोटर्स का 54.54% है। महिला मतदाताओं की संख्या 6,09,09,525 है, जो कुल वोटर्स का 45.46% है। तृतीय लिंग मतदाताओं की संख्या 4,206 है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि यूपी में 27 अक्टूबर 2025 से 10 अप्रैल 2026 तक चले विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हुआ। इस 166-दिवसीय अभियान में सभी जनपदों, विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों और मतदान केंद्रों पर अधिकारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
अभियान की सफलता में 75 जिलों के जिला निर्वाचन अधिकारियों, 403 निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों, 12,758 सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों, 18,026 बीएलओ सुपरवाइजरों और 1,77,516 बूथ लेवल अधिकारियों ने निष्ठा से कार्य किया। मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के 5,82,877 बूथ लेवल एजेंटों और करोड़ों मतदाताओं ने भी पूर्ण सहयोग दिया।
यूपी के 5 जिले, जहां सबसे ज्यादा वोटर बढ़े
प्रयागराज – 3,29,421
लखनऊ – 2,85,961
बरेली – 2,57,920
गाजियाबाद – 2,43,666
जौनपुर – 2,37,590
सबसे ज्यादा मतदाता बढ़ने वाले 5 विधानसभा क्षेत्र
साहिबाबाद – 82,898
जौनपुर – 56,118
लखनऊ पश्चिम– 54,822
लोनी– 53,679
फिरोजाबाद – 47,757


