Hindi NewsUP NewsUP Shahjahanpur One man drowned after Jumping in River Fearing Police while Gambling
जुए के अड्डे पर छापा पड़ते ही 5 नदी में कूदे, दोस्तों के भरोसे कूदने वाले एक युवक की मौत

जुए के अड्डे पर छापा पड़ते ही 5 नदी में कूदे, दोस्तों के भरोसे कूदने वाले एक युवक की मौत

संक्षेप:

शाहजहांपुर में जुए के अड्डे पर यूपी पुलिस की दबिश के दौरान अफरा-तफरी मच गई। मौके से भागने के प्रयास में पांच युवक नदी में कूद गए, जिनमें से चार तैरकर पार निकल गए लेकिन एक युवक की डूबने से मौत हो गई।

Thu, 30 Oct 2025 06:04 AMSrishti Kunj संवाददाता, शाहजहांपुर
share Share
Follow Us on

यूपी के शाहजहांपुर में हनुमान धाम के पास खन्नौत नदी के घाट पर बुधवार दोपहर जुए के अड्डे पर पुलिस की दबिश के दौरान अफरा-तफरी मच गई। मौके से भागने के प्रयास में पांच युवक नदी में कूद गए, जिनमें से चार तैरकर पार निकल गए लेकिन एक युवक की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान बाबूजई मोहल्ले के कोविद तिवारी के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया और पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। एसपी ने तीन सिपाहियों को निलंबित कर दिया है।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

हनुमान धाम के किनारे बग्गू घाट पर बुधवार दोपहर को कुछ युवक जुआ खेल रहे थे। इसी दौरान सूचना पर दो सिपाही मौके पर पहुंच गए। पुलिस को देख जुआ खेल रहे युवक घबरा गए और पांच लोग नदी में कूद पड़े। इनमें चार युवक नदी पार कर निकल गए जबकि कोविद नामक युवक डूब गया। काफी देर तक युवक के बाहर न निकलने पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर चौक पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से तलाश शुरू कराई गई। दो घंटे की मशक्कत के बाद गोताखोरों ने कोविद का शव नदी से बाहर निकाला।

ये भी पढ़ें:3 साल तक निवेश नहीं तो भूमि आवंटन रद्द करें, योगी के एक्सप्रेस पर भी निर्देश

परिजन और पुलिसकर्मी युवक को लेकर तुरंत निजी अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की जानकारी मिलते ही परिजन आक्रोशित हो गए और केरूगंज से कचहरी मार्ग पर शव रखकर जाम लगा दिया। परिजनों का आरोप था कि कोविद को चार युवकों ने बुलाया था और मौके पर पहुंचे सिपाहियों की वजह से यह हादसा हुआ। परिजन दोनों सिपाहियों और उसे बुलाने वाले युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग पर अड़े रहे। सूचना पर सिटी मजिस्ट्रेट और सीओ सिटी मौके पर पहुंचे। दोनों अफसरों ने परिजनों को कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम खुलवाया। इसके बाद पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

दोस्तों के भरोसे पर कोविद ने नदी में लगाई मौत की छलांग

दोस्ती पर भरोसा बुधवार को कोविद के लिए जानलेवा साबित हो गई। शहर के हनुमत धाम के पास खन्नौत नदी में उसने दोस्तों पर यकीन किया और कीमत जान देकर चुकानी पड़ी। बाबूजई मोहल्ले का रहने वाला कोविद तिवारी बुधवार दोपहर अपने दोस्तों के बुलाने पर कुछ रुपए लेकर नदी किनारे पहुंचा था। तभी वहां जुआ खेलते लोगों को देखकर पुलिस के दो सिपाही पहुंच गए। पुलिस को देखते ही कोविद के चारों दोस्त तुरंत नदी में कूद गए। सिपाहियों ने जब कोविद को रोकना चाहा, तो उसके दोस्तों ने आवाज दी कि तू भी कूद जा, हम तुझे निकाल लेंगे।

कोविद ने कहा कि उसे तैरना नहीं आता, मगर दोस्तों के भरोसा दिया कि वह उसे निकाल लेंगे। इस भरोसे पर वह नदी में कूद गया। लेकिन किसे पता था कि यही भरोसा उसकी मौत की वजह बन जाएगा। चारों दोस्त तैरकर पार निकल गए और कोविद बीच धारा में डूब गया। देर तक उसकी कोई मदद नहीं आई। दो घंटे बाद गोताखोरों ने उसका शव नदी से निकाला। इस घटना ने दोस्ती के नाम पर भरोसे को झकझोर दिया। जहां चार दोस्तों ने अपनी जान बचाई, वहीं एक ने उन पर यकीन कर जान गंवा दी।

Srishti Kunj

लेखक के बारे में

Srishti Kunj
सृष्टि कुंज ने जर्नलिज्म एंड मास कॉम में डिग्री ली है। एक दशक से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय हैं। पंजाब केसरी ग्रुप के साथ करियर की शुरुआत की। वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान में उत्तर प्रदेश की राजनीति और क्राइम की खबरें लिखती हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करे| पाएं Lucknow news , Prayagraj News , Varanasi News , Gorakhpur News , Kanpur News , Aligarh News से जुड़ी ताजा खबरें हिंदी में |