Hindi NewsUP NewsUP Shahjahanpur 25 year old Boy beaten to death for taking girl five years back was out from jail
लाठी-डंडों से पीट-पीटकर युवक को उतारा मौत के घाट, जान देकर चुकाई लड़की ले जाने की कीमत

लाठी-डंडों से पीट-पीटकर युवक को उतारा मौत के घाट, जान देकर चुकाई लड़की ले जाने की कीमत

संक्षेप: यूपी में शाहजहांपुर के कांट क्षेत्र के सप्तयारा गांव में मंगलवार रात युवक की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी गई। शव गांव के बाहर फेंककर आरोपी फरार हो गए। कांट पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Wed, 22 Oct 2025 06:31 AMSrishti Kunj संवाददाता, शाहजहांपुर
share Share
Follow Us on

यूपी में शाहजहांपुर के कांट क्षेत्र के सप्तयारा गांव में मंगलवार रात युवक की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी गई। शव गांव के बाहर फेंककर आरोपी फरार हो गए। कांट पुलिस मामले की जांच कर रही है। ग्रामीणों ने मंगलवार रात 8 बजे सप्तयारा गांव के ओमकार वर्मा (25) का शव गांव के बाहर देखा। सूचना पर कोतवाल राकेश मौर्या फोर्स के साथ पहुंचे। इसी दौरान एसपी राजेश द्विवेदी बड़ी संख्या में फोर्स के साथ पहुंचे।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

फील्ड यूनिट ने मौके से साक्ष्य जुटाये। पुलिस ने बताया कि युवक के सिर में किसी भारी वस्तु से मारने के निशान मिले हैं। शरीर के अन्य हिस्सों में भी चोटें हैं। ओमकार के परिजनों ने पुलिस को बताया कि वह पांच साल पहले गांव के दूसरे समुदाय की लड़की को साथ ले गया था। इस मामले में पुलिस ने लड़की बरामद कर ओमकार को जेल भेजा था। हाल ही में ओमकार जेल से छूटा था।

परिजनों ने आरोप लगाया कि इसी विवाद में ओमकार की हत्या की गई है। हत्या के बाद से गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस तैनात की गई है। एसपी राजेश द्विवेदी ने बताया कि कांट में युवक की हत्या की सूचना मिली थी। उसके सिर में चोट लगने से मौत की बात सामने आई है। मुकदमा दर्ज किया जाएगा। फिलहाल जिन लोगों पर आरोप लगाए गए हैं, उनकी गिरफ्तारी को टीमें लगाई गई हैं।

लड़की को ले गया था, जान देकर चुकानी पड़ी कीमत

प्यार के रिश्ते में उलझी एक पुरानी कहानी मंगलवार की देर शाम खून से सनी त्रासदी में बदल गई। सफ्तयारा गांव का ओमकार वर्मा, जिसे पांच साल पहले दूसरे समुदाय की लड़की को साथ ले जाने के आरोप में जेल जाना पड़ा था, उसकी मंगलवार की रात बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। हालांकि जेल से छूटकर लौटा था तो पुराने जीवन को फिर से पटरी पर लाने की कोशिश कर रहा था, लेकिन किस्मत ने उसे मौका नहीं दिया।

ग्रामीणों के मुताबिक, ओमकार जेल से आने के बाद गांव में मजदूरी कर गुजर-बसर कर रहा था। वह शांत स्वभाव का था और अपने पुराने विवादों से दूर रहना चाहता था। लेकिन जिन परिजनों ने उसकी वजह से सामाजिक अपमान झेला था, उनके मन में आग अब तक बुझी नहीं थी। मंगलवार की रात उसी रंजिश का बदला खून से चुकाया गया।

बताया जाता है कि रात में किसी बहाने बुलाकर उसे खेतों की तरफ ले जाया गया, जहां लाठी-डंडों से उसकी बेरहमी से पिटाई की गई। उसके सिर पर वार इतना जोरदार था कि मौके पर ही उसकी मौत हो गई। शव को गांव के बाहर फेंक दिया गया ताकि घटना को छिपाया जा सके।

गांव में लोग दबी जुबान में कहते हैं कि ओमकार ने उस दिन जो किया था, उसकी सजा अब मिली है। मगर कई यह भी मानते हैं कि यह न्याय नहीं, निर्दयता है। ओमकार का अपराध कानून ने पहले ही तय कर दिया था, लेकिन समाज ने जान लेकर दोबारा सजा दे दी।

गांव में तनाव, भारी पुलिस बल तैनात

मामला दो समुदायों का होने के कारण गांव में पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है। सूचना पर तत्काल एसपी राजेश द्विवेदी स्वयं पहुंचे थे। जांच के दौरान पुलिस को कई अहम सबूत भी मिले हैं। हालांकि देर शाम तक मामले में कोई गिरफ्तारी नहीं हो सकी थी। पुलिस दबिश दे रही थी।

Srishti Kunj

लेखक के बारे में

Srishti Kunj
सृष्टि कुंज ने जर्नलिज्म एंड मास कॉम में डिग्री ली है। एक दशक से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय हैं। पंजाब केसरी ग्रुप के साथ करियर की शुरुआत की। वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान में उत्तर प्रदेश की राजनीति और क्राइम की खबरें लिखती हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करे| पाएं Lucknow news , Prayagraj News , Varanasi News , Gorakhpur News , Kanpur News , Aligarh News से जुड़ी ताजा खबरें हिंदी में |